सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर (OP Rajbhar) समय-समय पर विभिन्न दलों के साथ गठबंधन में रहे हैं। इस समय वह बीजेपी के साथ अपनी सियासी गाड़ी आगे बढ़ा रहे हैं। 2027 का विधानसभा चुनाव वह बीजेपी के साथ गठबंधन में रहकर लड़ेंगे, इसके संकेत पर अक्सर देते रहते हैं। पिछला विधानसभा चुनाव 2022 वह समाजवादी पार्टी के साथ में लड़े थे। सपा गठबंधन में राजभर को 17 सीटें लड़ने के लिए मिलीं, जिसमें से उनकी पार्टी के 6 विधायक जीतकर विधानसभा पहुंचे।
उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव 2027 के शुरुआत में हो सकते हैं। इसके लिए ओपी राजभर लगातार पूर्वांचल के जिलों में जाकर रैलियां कर रहे हैं। इन रैलियों में राजभर कार्यकर्ता सम्मेलन और बूथ स्तरीय समीक्षा बैठकें कर रहे हैं। ऐसी है रैली राजभर ने 9 अगस्त को आजमगढ़ की अतरौलिया विधानसभा में की। इस रैली में लगभग पांच हजार की भीड़ जुटी।
'कार्यकर्ताओं का उमड़ा जोश'
इन रैली की फोटो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए सुहेलदेव पार्टी ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, 'कार्यकर्ताओं का उमड़ा यह जोश, अपार उत्साह और जनसमर्थन इस बात का स्पष्ट प्रमाण है कि अतरौलिया अब बदलाव की ओर मजबूती से कदम बढ़ा चुका है।' खास बात यह रही कि ओपी राजभर ने इस भीड़ को अपने तक ही सीमित नहीं रखा बल्कि इसके बारे में उन्होंने बीजेपी हाईकमान को टैग करके जानकारी है।

दरअसल, ओमप्रकाश राजभर इन दिनों पूर्वांचल में रैलियां कर रहे हैं। अगर इन रैलियों में कम भीड़ आती है तो वह सोशल मीडिया पर अपनी पार्टी तक ही सीमित रखते हैं। वहीं, रैलियों में अधिक भीड़ होने पर वह बीजेपी को बताने लगते हैं कि देखिए हमारी रैली में लोगों का हुजूम उमड़ा है। यह समझने वाली बात है कि आखिर राजभर इस तरह का कदम क्यों उठा रहे हैं?
बीजेपी नेतृत्व को ताकत दिखाने की कोशिश
इस सवाल का सीधा मतलब है कि ओमप्रकाश राजभर बीजेपी नेतृत्व के सामने अपनी ताकत दिखाने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे वह टिकट बंटवारे में अधिक से अधिक सीटों की डिमांड कर सकें। वह चाहते हैं कि 2022 में वह 17 सीटों पर सपा गठबंधन में चुनाव लड़े थे, ऐसे में बीजेपी नेतृत्व से भी इसी के आसपास सीटें मांग सकें।
दिल्ली में सामाजिक समरसता महारैली
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने 7 अगस्त को दिल्ली में सामाजिक समरसता महारैली का आयोजन किया। इस रैली का आयोजन SBSP के व्यापार प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष राम अवतार जिंदल ने किया था। इसमें मंत्री राजभर पहुंचे थे। दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में हुई इस बैठक में मुश्किल से हजार लोग जुटे थे। मगर, पार्टी ने इसे जनसैलाब बताया। साथ ही सुहेलदेव पार्टी ने कहा कि महारैली में उमड़ा अभूतपूर्व जनसैलाब सामाजिक न्याय, सामाजिक समरसता तथा वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के प्रति जनता के अटूट विश्वास का सशक्त प्रमाण है। यह जनसमर्थन समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान, समान अवसर और न्याय पहुंचाने के हमारे संकल्प को और अधिक दृढ़ करता है।

पीएम मोदी से लेकर बीजेपी अध्यक्ष को टैग
इस रैली को करने के बाद ओपी राजभर ने अपने एक्स अकाउंट पर प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी
, अमित शाह, नितिन नवीन,
योगी आदित्यनाथ
से लेकर बीजेपी संगठन के सबसे बड़े नेताओं बीएस संतोष और धर्मपाल सिंह को टैग कर दिया। इसका साथ मतलब था कि वह इस रैली में आई भीड़ का बीजेपी नेतृत्व के सामने अपनी ताकत दिखाना चाहते थे।
उन्होंने 19 जुलाई को आजमगढ़ के श्रीरामकृष्ण जूनियर हाईस्कूल, मेहियापार चौक में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की एक सभा को लेकर एक्स पर पोस्ट डाली है। इसमें भी ओपी राजभर ने बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व को टैग करके उनका ध्यान आकर्षित करवाने की कोशिश की है। हालांकि, मंत्री राजभर अपने इन कदमों से बीजेपी को कितना लुभा पाते हैं यह तो टिकट बंटवारे के समय ही पता चलेगा।