logo

मूड

ट्रेंडिंग:

'सायोनी घोष जा सकती हैं तो भरोसा किस पर...', महुआ मोइत्रा TMC संकट पर क्या कहा?

महुआ मोइत्रा ने कहा है कि तृणमूल कांग्रेस का साथ उन नेताओं ने छोड़ा है, जो पार्टी की अग्रिम कतार में खड़े थे। यह बीजेपी का प्रलोभन है।

Mahua Moitra TMC

तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा। AI एडिट्स। Photo Credit: Social Media

तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने कहा है कि पश्चिम बंगाल में सत्ता चले जाने के एक महीने के अंदर ही पार्टी पूरी तरह टूट गई है। सांसद और विधायक बड़ी संख्या में पार्टी छोड़ रहे हैं। महुआ मोइत्रा ने इसके दो मुख्य कारण बताए। पहला, लालच और गद्दारी की कोई सीमा नहीं है। दूसरा, भारतीय जनता पार्टी लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत न मिलने के बाद हताश हो गई है।

महुआ मोइत्रा ने इंडियन एक्सप्रेस के साथ एक इंटरव्यू में दावा किया कि बीजेपी, चुनाव से नहीं बल्कि पार्टियां तोड़कर 40-50 सांसद हासिल करना चाहती है। उन्होंने कहा कि बीजेपी एजेंसियों का डर, व्यापार पर रोक और टीएमसी के खिलाफ गुस्से की अफवाह फैला रही है। उन्होंने यह भी कहा है कि सायोनी घोष से उन्होंने यह उम्मीद नहीं की थी कि डर की वजह से वजह से बागी सुर अख्तियार करेंगी।

यह भी पढ़ें: 'असली TMC गुट हमारा, हमें ही मान्यता मिले', बागी सांसद ने और क्या कहा?

विद्रोही 'असली टीएमसी' नहीं बन सकते

महुआ ने कहा कि विद्रोही सांसद और विधायक खुद को असली टीएमसी बता रहे हैं, लेकिन पार्टी का नाम ममता बनर्जी से जुड़ा है। सभी सांसद ममता बनर्जी के नाम पर चुने गए थे। उन्होंने कहा कि कानून के अनुसार दो-तिहाई सदस्यों के बिना कोई गुट नहीं बना सकता। अगर विद्रोहियों को बीजेपी के साथ जाना है तो उन्हें इस्तीफा देकर बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ना चाहिए।

ऋतब्रत कांड पर महुआ ने क्या कहा?

महुआ मोइत्रा ने कहा कि ऋतब्रत बनर्जी को पहले सीपीएम ने निकाला था, बाद में टीएमसी ने उनकी मदद की। अब वह विद्रोह कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर विधायकों को अभिषेक बनर्जी या ममता बनर्जी से समस्या थी तो उन्हें शुभेंदु अधिकारी की तरह पार्टी छोड़कर बीजेपी में जाना चाहिए था, न कि ममता के टिकट पर चुनाव लड़कर बाद में गद्दारी करनी चाहिए थी। 

यह भी पढ़ें: बगावत, इस्तीफे और मर्जर की चर्चा; 48 घंटों में TMC में आया सियासी भूचाल

काकोली घोष पर भी भड़कीं महुआ मोइत्रा?

विद्रोही सांसद काकोली घोष पर महुआ ने कहा कि वह 40 साल से ममता बनर्जी के साथ थीं, लेकिन अब विद्रोह कर रही हैं। महुआ ने पूछा कि बारासात में अपराधी सिंडिकेट चल रहा था, तब आप आंखें बंद करके क्या कर रही थीं? उन्होंने आरोप लगाया कि काकोली लोगो को बीजेपी नेताओं से मिलने का लालच दे रही हैं।


'सायोनी घोष के रुख ने सबसे ज्यादा हैरान किया'

महुआ मोइत्रा ने कहा कि सायोनी घोष को वह अपनी बेटी या छोटी बहन की तरह मानती थीं। सिर्फ 33 साल की सायोनी को उन्होंने बड़ी जिम्मेदारी दी थी। महुआ ने कहा कि सायोनी का जाना उन्हें बहुत दुखी करता है। उन्होंने सायोनी को सलाह दी कि डर पर काबू पाएं, आगे अच्छा भविष्य है।

महुआ मोइत्रा, सांसद, TMC:-
कुछ बातों ने मुझे सच में बहुत दुख पहुंचाया है। सायोनी मेरी बच्ची और मेरी बहन जैसी है। अगर कोई और चला जाता, तो मुझे कोई दुख नहीं होता। लेकिन जब मैं उसे देखती हूं तो लगता है कि वह मेरी बेटी की उम्र की है। मैंने सच में उसे वैसे ही प्यार किया है। मैंने सच में उसे एक विपक्ष की नेता के तौर पर आगे बढ़ते देखा है। मेरी यही सलाह है कि देखो, मुझे पता है कि तुम डरे हुए हो, लेकिन जब तक हम डर पर जीत हासिल नहीं करते, हम कुछ भी हासिल नहीं कर सकते।

यह भी पढ़ें: स्पीकर के फैसले के खिलाफ TMC को नहीं मिली अंतरिम राहत, 16 जून को अगली सुनवाई

TMC का क्या भविष्य देख रहीं है महुआ?

महुआ मोइत्रा ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस में भले ही कुछ कमियां हों, लेकिन फासीवादी ताकतों के खिलाफ लड़ने के लिए यह सबसे अच्छा मंच है। वे पार्टी के साथ रहेंगी। उन्होंने जोर दिया कि वफादारी बहुत जरूरी है। उन्होंने माना कि भ्रष्ट नेताओं पर पहले कार्रवाई होनी चाहिए थी, लेकिन लोगों के चेहरे पर झूठ बोलने के बाद भरोसा करना मुश्किल हो गया है।

कांग्रेस के साथ विलय संभव है?

महुआ मोइत्रा ने कहा कि टीएमसी और कांग्रेस का विलय अभी बहुत जल्दबाजी होगा। दोनों पार्टियां 2029 के चुनाव में एक-दूसरे के खिलाफ नहीं लड़ेंगी, बल्कि एक-एक सीट पर साथ लड़ेंगी। 


और पढ़ें