राज्य से भी पुराना है उत्तराखंड क्रांति दल, क्यों नहीं बन पाया बड़ी ताकत?
उत्तराखंड बनने से दो दशक पहले बने उत्तराखंड क्रांति दल का अब कोई भी विधायक नहीं है। कभी यह दल इस राज्य की स्थापना के लिए संघर्ष करने वालों में सबसे आगे था।

उत्तराखंड क्रांति दल, Photo Credit: Social Media
हाल ही में उत्तराखंड राज्य के गठन के 26 साल पूरे हुए हैं। राज्य में 5वीं विधानसभा चल रही है जिसका कार्यकाल अगले साल पूरा होगा। इन 26 साल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस ने ही सरकार चलाई है। इन दोनों से इतर उत्तराखंड क्रांति दल (UKD) भी है जो हर चुनाव में चुनौती पेश करता तो दिखता है लेकिन आज तक विधानसभा में संख्या के लिहाज से दबदबा नहीं दिखा सका है। यह वही दल है जिसने उत्तराखंड राज्य बनाने के संघर्ष में अहम भूमिका निभाई। देश में कई ऐसे राज्य रहे जहां अलग राज्य के लिए संघर्ष करने वाले राज्यों ने सत्ता हासिल की लेकिन UKD को वह कामयाबी कभी नहीं।
2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के कई जिलों में यात्रा निकाल चुकी UKD ने 1 नवंबर 2026 को ही अपने 16 उम्मीदवारों की एक लिस्ट जारी कर दी है। पार्टी का कहना है कि वह इस बार उत्तराखंड की सभी 70 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी। बता दें कि 2022 में उत्तराखंड ने कुल 44 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। इन 44 में से 42 सीटों पर उसके उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी। 2024 के लोकसभा चुनाव में UKD ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर उतरे नेताओं का समर्थन किया था।
क्यों कमजोर हो गया उत्तराखंड क्रांति दल?
शुरुआत से ही समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, बीजेपी और कांग्रेस को देखने वाले उत्तराखंड में UKD को शुरुआती सफलता भी नहीं मिल पाई। 2002 में हुए पहले चुनाव में उसे कुल 4 सीटों पर जीत मिली थी। 2007 में 3 सीटों पर जीत मिली। 2012 में सिर्फ एक विधायक जीता और 2017 और 2022 में इस पार्टी का खाता नहीं खुल पाया है। वोट प्रतिशत में भी जबरदस्त गिरावट हुई है। पहले चुनाव में 5.49 प्रतिशत वोट पाने वाली यह पार्टी अब 1 प्रतिशत वोट के आसपास आ गई है। 2022 में आम आदमी पार्टी ने उत्तराखंड की 68 सीटों पर चुनाव लड़कर 3.31 प्रतिशत वोट हासिल किया था।
यह भी पढ़ें: अंकिता भंडारी vs जेनी कांड, उत्तराखंड में BJP को दांव मिल गया?
दरअसल, शुरुआत से ही UKD तमाम समस्याओं से जूझता रहा है। साल 2010 में यह पार्टी दो धड़ों में बंट गई थी। दिवाकर भट्ट के धड़े ने UKD (दिवाकर) और त्रिवेंद्र सिंह पंवार ने UKD (पंवार) बना लिया था। वजह थी कि UKD ने बीजेपी सरकार से समर्थन वापस ले लिया था। तब दिवाकर भट्ट सरकार में मंत्री थे और उन्होंने मंत्री पद नहीं छोड़ा और पार्टी दो धड़ों में बंट गई। बाद में UKD (दिवाकर) के उम्मीदवार साल 2012 में बीजेपी के चिह्न पर चुनाव लड़े।
UKD की एक समस्या यह भी रही है कि वह स्पष्ट लाइन पर नहीं चल पाई है। 2007 से 2012 तक उसने बीजेपी की सरकार का समर्थन किया था। 2012 में जब कांग्रेस की सरकार बनी तो उसने कांग्रेस का भी समर्थन किया। नतीजा यह हुआ कि जहां उसे राज्य के मुद्दों को उठाना था, वहां वह सत्ताधारी पार्टी के साथ शामिल हो गई और उसके पास खुद के मुद्दे ही नहीं बचे।
समय के साथ पार्टी संसाधनों की कमी से भी जूझती रही। एक तरफ सत्ता के साथ जाने से जनता से वैसा समर्थन नहीं मिला, दूसरी तरफ सत्ता में भी अच्छी हिस्सेदारी ना मिल पाने के चलते पार्टी अपना विस्तार भी नहीं कर पाई। इसके उलट, बीजेपी-कांग्रेस की सीधी लड़ाई में सपा और बसपा जैसे दल भी नहीं टिक पाए। नतीजा हुआ कि UKD भी धीरे-धीरे कमजोर होता गया।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड चुनाव: स्कैम नहीं, स्कैंडल बनेंगे सबसे बड़ा मुद्दा?
मुद्दों पर लोगों को आकर्षित नहीं कर पाया है UKD
बीते कुछ साल में UKD की ओर से उठाए जाने वाले मुद्दों को विपक्ष ने और मुखतरा से उठाकर अपने पक्ष में माहौल को मोड़ा है। उदाहरण के लिए- अंकिता भंडारी का मुद्दा UKD ने खूब उठाया लेकिन राहुल गांधी ने जब इस मुद्दे को उठाया तब उनकी चर्चा खूब हुई। इस बार के चुनाव में UKD ने पलायन, बेरोजगारी, रोजगार, बुनियादी सुविधा, भ्रष्टाचार और भू कानून जैसे मुद्दे उठाए हैं। कांग्रेस भी कमोबेश ऐसे ही मुद्दे उठा रही है जिसके चलते UKD को वह स्पेस नहीं मिल पा रहा है।
UKD के सामने एक समस्या यह भी है कि संसाधनों के साथ-साथ उसके पास चेहरे की भी कमी है। उसके पास अभी भी कोई बड़ा चेहरा नहीं है जिसके साथ वह पूरे प्रदेश में जा सके। इसके उलट 2022 में AAP ने कर्नल अजय कोठियाल को अपना चेहरा बनाया था और UKD से ज्यादा वोट हासिल किए थे। हालांकि, बाद में अजय कोठियाल बीजेपी में शामिल हो गए।
क्या है UKD का इतिहास?
उत्तराखंड की स्थापना भले ही सन 2000 में हुई हो लेकिन उत्तराखंड क्रांति दल की स्थापना 24 जुलाई 1979 में ही हो गई थी। 50 नेताओं ने देहरादून में 'पर्वतीय जन विकास सम्मेलन' आयोजित किया था और नई पार्टी की नींव रखी थी। तब पार्टी के पहले अध्यक्ष डीडी पंत बने थे। उनके अलावा, बी डी रतूरी, त्रिवेंद्र सिंह पंवार, काशी सिंह एरी, मदन मोहन नौटियाल, दिवाकर भट्ट, पुष्कर पाल, प्रकाश पांडे, हरिदत्त बहुगुणा, रंजीत भट्ट, प्रयाग शर्मा, सुरेंद्र कुकरेती और ब्रह्मानंद दलकोटी भी शामिल थे।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड: 3 चुनाव, जीरो नंबर, BJP-कांग्रेस की लड़ाई में कहां है UKKD?
इन्हीं नेताओं ने अलग राज्य बनाने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन तेज किया। समय के साथ पहाड़ी जिलों के लोग इस दल के साथ जुड़ने लगे थे और दबाव नजर आने लगा था 1988 में पिथौरागढ़ के तवाघाट से देहरादून तक की एक पदयात्रा हुई। 105 दिन चली इस यात्रा ने काफी असर छोड़ा। 1992 में UKD के नेताओं ने ही गैरसैंण को उत्तराखंड की राजधानी घोषित कर दिया था। अलग राज्य बनने से पहले ही काशी सिंह ऐरी दीदीहाट विधानसभा सीट से 1985, 1989 और फिर 1993 में विधानसभा का चुनाव जीत गए थे।
लंबे आंदोलन के बाद 9 दिसंबर 2000 को अलग राज्य बनाने का फैसला हुआ। तब राज्य का नाम उत्तरांचल था। UKD ने इसको लेकर भी प्रदर्शन किए और आखिर में 1 जनवरी 2007 को नाम बदलकर उत्तराखंड कर दिया गया।
अब इसी उत्तराखंड राज्य में उसी दल की अहमियत कम हो गई है जो इस राज्य का जनक माना जाता है। इस चुनाव से पहले स्थानीय अस्मिता समेत कई स्थानीय मुद्दों को उठाकर UKD ने फिर से कोशिश की है।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | EDITORIAL POLICY | Sitemap




