logo

मूड

ट्रेंडिंग:

3 महीने, 43 जिले, 36,877 करोड़ की परियोजनाएं, योगी 2027 में आगे, अखिलेश कहां?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 3 महीने में 43 जिलों में रैली करके 36,877 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास कर चुके हैं। इस रेस में अखिलेश कहां हैं, पढ़ें रिपोर्ट।

Yogi

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। Photo Credit: PTI

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की जमीन अभी से तैयार होती दिखाई देने लगी है। एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार जिलों का दौरा कर विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव चुनावी मुद्दों और जिलेवार घोषणा पत्र की तैयारी के जरिए अपनी रणनीति को आकार देने में जुटे हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही है कि 2027 की लड़ाई में जमीन पर कौन कितना आगे है और अखिलेश यादव की रणनीति क्या है?

 

जून और जुलाई ,अगस्त 2026 के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 43 अलग-अलग जिलों का दौरा किया। इन दौरों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई और आधारभूत ढांचे से जुड़ी करीब 36,877 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया।योगी की रणनीति केवल एक बार किसी जिले में पहुंचने तक सीमित नहीं रही। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक सात जिलों में मुख्यमंत्री एक से ज्यादा बार पहुंचे।

वाराणसी में चार बार, जबकि देवरिया, बिजनौर, प्रयागराज, अयोध्या, कुशीनगर और गाजियाबाद में दो-दो बार उनका दौरा हुआ।यानी मुख्यमंत्री का फोकस सिर्फ राजधानी लखनऊ या चुनिंदा बड़े शहरों तक नहीं, बल्कि अलग-अलग क्षेत्रों के जिलों तक पहुंच बनाने पर है। कार्यक्रमों में विकास योजनाओं की सौगात के साथ स्थानीय समस्याओं की समीक्षा और जनता से सीधा संवाद भी राजनीतिक संदेश का हिस्सा बन रहा है।

योगी का मॉडल- 'काम दिखाओ, जनता तक पहुंचो'

योगी आदित्यनाथ की मौजूदा रणनीति को अगर एक लाइन में समझें तो उसका फोकस सरकारी योजनाओं को जमीन पर दिखाने और मुख्यमंत्री की सीधी मौजूदगी दर्ज कराने पर दिखाई देता है।जिले में पहुंचना, परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण करना, अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करना और फिर मंच से सरकार की उपलब्धियां गिनाना—यह सिलसिला लगातार दिखाई दे रहा है।यही वजह है कि बीजेपी की तरफ से 2027 की चुनावी तैयारी में 'विकास' और सरकार की उपलब्धियों को बड़ा हथियार बनाने की कोशिश साफ दिखाई दे रही है।

 

यह भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी केस: महिपाल के बयान से बढ़ी हलचल, SIT की जांच में कई नाम

फिर अखिलेश यादव कहां हैं?

दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव की रणनीति फिलहाल अलग दिखाई दे रही है। वह योगी की तरह लगातार जिलों का दौरा करने के बजाय संगठन और मुद्दों पर आधारित चुनावी तैयारी पर ज्यादा जोर दे रहे हैं।सपा ने 2027 के लिए जिलेवार घोषणा पत्र तैयार करने की रणनीति बनाई है। पार्टी हर जिले की स्थानीय समस्याओं, जरूरतों और विकास की संभावनाओं को समझकर अलग-अलग चुनावी वादे तैयार करने की दिशा में काम कर रही है।

 

इस रणनीति का मतलब यह है कि लखनऊ से एक ही घोषणा पत्र जारी करने के बजाय हर जिले के लिए स्थानीय मुद्दों को चुनावी एजेंडे में शामिल किया जाए। रोजगार, स्वास्थ्य, शिक्षा, किसानों की समस्याएं, स्थानीय उद्योग और युवाओं से जुड़े मुद्दे इसमें अहम हो सकते हैं।अखिलेश यादव ने हाल में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर हमला बोला है और पार्टी के प्रस्तावित घोषणा पत्र में गरीबों के मुफ्त इलाज जैसे मुद्दों को शामिल करने की बात कही है।

सहारनपुर की रैली टली, उठे सवाल

6 सितंबर को प्रस्तावित अखिलेश यादव की सहारनपुर रैली को लेकर भी सियासी चर्चा तेज हुई। उपलब्ध रिपोर्टों में रैली के स्थगित होने की जानकारी सामने आई है। सहारनपुर पश्चिमी यूपी की राजनीति में बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। ऐसे में अखिलेश के कार्यक्रम में बदलाव को लेकर राजनीतिक हलकों में अलग-अलग चर्चाएं हैं। इसे सीधे तौर पर समाजवादी पार्टी की कमजोरी मानना जल्दबाजी होगी, क्योंकि पार्टी समानांतर रूप से संगठन और चुनावी एजेंडे को तैयार करने में जुटी है।

पहले मुद्दे, फिर मैदान?

समाजवादी पार्टी की रणनीति को देखें तो अखिलेश यादव शायद इस बार केवल बड़ी-बड़ी रैलियों के भरोसे चुनावी मैदान में उतरने के बजाय स्थानीय मुद्दों को पकड़कर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं। जिलेवार घोषणा पत्र इसी रणनीति का अहम हिस्सा है। सपा का मानना है कि प्रदेश स्तर के घोषणा पत्र में स्थानीय समस्याएं अक्सर पीछे छूट जाती हैं। इसलिए हर जिले की अलग जरूरतों को चुनावी वादों में शामिल किया जाए। इसके साथ ही पार्टी युवाओं, महिलाओं और आईटी सेक्टर जैसे मुद्दों पर भी फोकस करने की तैयारी में है। यानी अखिलेश की रणनीति फिलहाल 'दौरा बनाम दौरा' की जगह 'विकास बनाम स्थानीय मुद्दे' का चुनावी नैरेटिव बनाने की ओर जाती दिख रही है।

 

यह भी पढ़ें: अखिलेश ने डिंपल को उतारा, जयंत के लिए मैदान में उतरीं चारू चौधरी

2027 की लड़ाई में कौन आगे?

अगर मैदानी सक्रियता की बात करें तो योगी आदित्यनाथ स्पष्ट रूप से आगे दिखाई देते हैं। तीन महीनों में 43 जिलों का दौरा और हजारों करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास इसकी तस्वीर सामने रखता है।लेकिन चुनाव अभी दूर है। अखिलेश यादव के लिए चुनौती यह है कि सपा की संगठनात्मक तैयारी और जिलेवार घोषणा पत्र की रणनीति को जमीन पर कैसे उतारा जाए। अगर पार्टी स्थानीय मुद्दों को मजबूत जनसमर्थन में बदल पाती है और बूथ स्तर तक संगठन सक्रिय होता है, तो मुकाबला अलग तस्वीर पेश कर सकता है।


और पढ़ें