गरुड़ पुराण हिन्दू धर्म का ऐसा ग्रंथ है, जिसमें व्यक्ति के जीवन और मृत्यु की यात्रा के बारे में बताया गया है। गरुड़ पुराण सनातन धर्म के 18 महापुराणों में से एक है। गरुड़ पुराण में बताया गया है कि व्यक्ति को अपने कर्मों का फल न केवल इस जीवन में मिलता है, बल्कि मृत्यु के बाद भी उन्हीं कर्मों के आधार पर स्वर्ग या नर्क की प्राप्ति होती है। साथ ही, इस जन्म के कर्मों का फल अगले जन्म में भी मिलता है। गरुड़ पुराण के अनुसार, व्यक्ति को मृत्यु आने से पहले कुछ ऐसे संकेत मिलते हैं, जिनके कुछ समय बाद उसका निधन हो जाता है।
गरुड़ पुराण के मुताबिक, हर इंसान को मृत्यु से लगभग 6 महीने पहले कुछ खास संकेत मिलते हैं, जिससे उसे आभास हो जाता है कि उसका निधन होने वाला है। कई धार्मिक जानकारों के अनुसार, व्यक्ति के निधन के बाद उसके परिवार को गरुड़ पुराण की कथा सुननी चाहिए, जिससे मृत व्यक्ति की आत्मा को शांति मिलती है। अब सवाल उठता है कि मृत्यु से पहले व्यक्ति को क्या संकेत मिलते हैं? आइए जानते हैं।
यह भी पढ़ें: पूर्णिमा से अमावस्या तक, चांद कैसे करता है मन और भाग्य को प्रभावित?
मृत्यु से पहले मिलने वाले 7 संकेत
1. अपनी नाक न दिखना- जब किसी व्यक्ति को अपनी नाक का आगे वाला हिस्सा यानी नोज टिप दिखाई नहीं देता, तो इसे पहला संकेत माना गया है कि व्यक्ति का निधन जल्द हो सकता है।
2. हाथ की रेखाएं हल्की होना- गरुड़ पुराण के मुताबिक, जब व्यक्ति के दोनों हाथों की रेखाएं हल्की पड़ने लगती हैं, तो माना जाता है कि लगभग 6 महीने बाद उसका निधन हो सकता है।
3. खुशबू महसूस न होना- पूजा के दौरान घी का दीपक जलाया जाता है। दीपक बुझने के बाद जो सुगंध आती है, यदि वह किसी व्यक्ति को महसूस न हो, तो गरुड़ पुराण के अनुसार यह भी एक संकेत माना गया है कि उसकी आत्मा जल्द ही शरीर छोड़ सकती है।
यह भी पढ़ें: रविवार को कैसा रहेगा आपका दिन? पढ़ें राशिफल
4. परछाई न दिखना- जब व्यक्ति को अपनी छाया या परछाई दिखाई नहीं देती, तो इसे भी मृत्यु के निकट होने का संकेत माना गया है।
5. जीवन के खास पल याद आना- गरुड़ पुराण के अनुसार, निधन से ठीक पहले व्यक्ति को अपने जीवन के कुछ खास पल याद आने लगते हैं। इनमें उसके अच्छे और बुरे दोनों प्रकार के कर्म शामिल होते हैं।
6. पूर्वज दिखाई देना- यदि किसी व्यक्ति को सपने में बार-बार अपने पूर्वज, रिश्तेदार या कोई पुराना दिवंगत मित्र दिखाई देने लगे, तो इसे भी मृत्यु का संकेत माना गया है।
7. नकारात्मक ऊर्जा - मृत्यु से पहले व्यक्ति को रात के समय डर लगने लगता है। साथ ही, उसे नकारात्मक ऊर्जा, अजीब-सी बेचैनी महसूस होती है और ऐसा आभास होता है कि उसे कोई लेने आया है।
नोट- यह लेख धार्मिक ग्रंथों और मान्यताओं पर आधारित है। हम इसकी पुष्टि नहीं करते हैं।