बद्रीनाथ धाम हिंदू धर्म के लोगों के लिए बेहद पवित्र तीर्थ स्थल है। यहां भगवान विष्णु की पूजा की जाती है। बद्रीनाथ में यात्रा करने दूर-दूर से लोग आते हैं, क्योंकि यह चार धामों में से एक है। कई लोग ऐसे भी हैं जो आर्थिक तंगी की वजह से बद्रीनाथ यात्रा नहीं कर पाते हैं। उन लोगों के लिए बद्रीनाथ की यात्रा केवल एक सपना बनकर रह जाती है।
कई लोगों को लगता है कि बद्रीनाथ की यात्रा करने में आराम से 10,000 रुपये लग जाएंगे। हालांकि कम पैसों में भी बद्रीनाथ की यात्रा की जा सकती है। अब सवाल उठता है कि कम पैसों में बद्रीनाथ की यात्रा कैसे हो पाएगी।
यह भी पढ़ें: एक त्योहार, कई अंदाज, देश के अलग-अलग राज्यों में होली की खास परंपराएं
कम बजट में कैसे करें यात्रा?
दिल्ली से बद्रीनाथ धाम लगभग 516 किलोमीटर दूर है, जहां कई लोग कार से जाते हैं। अगर हम बस से जाएं तो 700 से 1200 रुपये देकर बद्रीनाथ पहुंच सकते हैं। इसके बाद बद्रीनाथ पहुंचने के बाद धर्मशाला में ठहर सकते हैं, साथ ही भंडारे में भोजन कर सकते हैं। इससे व्यक्ति कम पैसों में ही सफल यात्रा कर सकता है।
कैसे जाएं?
दिल्ली से बद्रीनाथ सड़क के रास्ते जाने में लगभग 14 से 15 घंटे लगते हैं। अगर बजट कम है तो बस से बद्रीनाथ जाना सबसे सही विकल्प है। दिल्ली से बद्रीनाथ बस से जाने पर केवल 700-1200 रुपये खर्च होंगे, जबकि कैब से जाने पर लगभग 6000 से 16000 रुपये तक लग सकते हैं।
दिल्ली से बद्रीनाथ जाने के लिए हमें दिल्ली के कश्मीरी गेट अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (ISBT) जाना होगा। उसके बाद ISBT पर जाकर बद्रीनाथ की टिकट बुक करनी होगी। फिर समय के अनुसार बस के जरिए बद्रीनाथ पहुंच सकते हैं।
यह भी पढ़ें: भारत में कब और कहां होने वाला है चंद्र ग्रहण? जान लीजिए कैसे दिखेगा
होटल की जगह धर्मशाला में ठहरें
बद्रीनाथ मंदिर के पास कई धर्मशालाएं हैं, जहां रहने का किराया बड़े होटलों की तुलना में बहुत कम होता है। बद्रीनाथ मंदिर के पास भवन आश्रम, बंगुर भवन और जालाराम आश्रम नाम की धर्मशालाएं हैं। इन आश्रमों का किराया 500 से 1500 रुपये के बीच हो सकता है। इसके अलावा उत्तराखंड सरकार ने बद्रीनाथ घूमने आए लोगों के लिए सस्ती होटल सुविधा भी दी है, जो प्राइवेट होटल की तुलना में कम कीमत में मिलती है।
GMVN यात्री निवास- यह उत्तराखंड सरकार द्वारा बनाया गया है। जीएमवीएन यात्री निवास में अक्सर लोग एक रात के लिए ठहर सकते हैं। यहां लोगों को रात का भोजन भी दिया जाता है। यहां रहने का प्रतिव्यक्ति खर्च लगभग 600-700 रुपये होता है।
खाना कहां खाएं?
बद्रीनाथ धाम में कई संस्थान भंडारा करते हैं, जहां जाकर लोग भोजन कर सकते हैं और अपनी इच्छा के अनुसार दान पेटी में रुपये दे सकते हैं। हालांकि भंडारे में भोजन निशुल्क उपलब्ध कराया जाता है।