ईसाई धर्म में गुड फ्राइडे को यीशु मसीह के बलिदान के दिन के रूप में याद किया जाता है। दुनिया भर में ईसाई धर्म को मानने वाले लोग शांति और प्रार्थना के साथ इस त्योहार को मनाते हैं। कई देशों में गुड फ्राइडे को अलग-अलग तरीकों से मनाया जाता है लेकिन फिलीपींस में इसे मनाने का तरीका काफी अलग और बहुत ही अनोखा है। यहां के कुछ हिस्सों में लोग इस दिन खुद को शारीरिक कष्ट देकर अपने पापों की माफी और यीशु मसीह के बलिदान को सम्मान देते हैं।
क्या है यह परंपरा?
फिलीपींस के पंपांगा, कटाबातो और बुलाकान जैसे इलाकों में हर साल गुड फ्राइडे के दिन कुछ लोग खुद को कोड़े से मारते हैं, अपने शरीर पर घाव करते हैं और कुछ तो क्रूस, जो ईसाई धर्म का सबसे जरूरी प्रतीक क्रॉस है, पर चढ़ने का नाटक भी करते हैं- बिल्कुल वैसे ही जैसे यीशु को चढ़ाया गया था।
यह भी पढ़ें: सप्त पुरी: भारत में इन 7 जगहों को कहा गया है मोक्ष की नगरी
इन लोगों को 'penitents' (प्रायश्चित करने वाले) कहा जाता है। वह अपने चेहरे ढक लेते हैं, अपने कंधों पर भारी लकड़ी का क्रॉस उठाते हैं और नंगे पांव चलते हैं। कुछ लोग तो अपने शरीर पर खुद कट लगाते हैं और पीठ पर कोड़े मारते हैं ताकि खून निकले। यह सब वे श्रद्धा और आस्था से करते हैं, इस परंपरा के पीछे यह कहा जाता है कि इससे उनके पाप धुल जाएंगे और वह शुद्ध हो जाएंगे।
सूली पर चढ़ने की रस्म
फिलीपींस के कुछ खास इलाकों में कुछ लोग क्रॉस पर खुद को लिटवाते हैं और अपने हाथ और पैरों में असली कीलें ठुकवाते हैं- बिल्कुल वैसे ही जैसे बाइबल में यीशु मसीह के साथ हुआ था। यह बहुत ही दर्दनाक होता है लेकिन यहां के लोग इसे एक बलिदान और भक्ति की मिसाल मानते हैं।
हालांकि, यह रस्म चर्च या सरकार इसे ऐसा करने के लिए बढ़ावा नहीं देते हैं, फिर भी स्थानीय स्तर पर इसे काफी लोग मानते हैं। कुछ लोग इसे एक मन्नत के रूप में करते हैं, जैसे कि किसी बीमारी से ठीक होने पर या किसी जीवन की मुश्किल से निकलने पर भगवान का धन्यवाद देने का तरीका भी माना जाता है।
यह भी पढ़ें: करणी माता मंदिर: जहां हैं 25000 से ज्यादा चूहे और की जाती है उनकी पूजा
इसके पीछे की मान्यता
फिलीपींस में ईसाई धर्म का बहुत गहरा प्रभाव है। वहां के लोग मानते हैं कि गुड फ्राइडे के दिन खुद को कष्ट देना, यीशु के बलिदान को महसूस करने का तरीका है। उनका विश्वास है कि जब वह खुद भी दर्द सहते हैं, तो वे यीशु के दुख को समझ सकते हैं और अपनी आत्मा को शुद्ध कर सकते हैं। हालांकि, फिलीपींस की सरकार और चर्च समय-समय पर लोगों से अपील करते हैं कि वज इस तरह के गंभीर कष्ट से बचें और इस त्योहार को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीकों से मनाएं।