कार्तिकेय भगवान को साहस और ज्ञान का प्रतीक माना जाता है। भगवान कार्तिकेय, भगवान शिव जी और माता पार्वती के बड़े पुत्र हैं। आपको जानकर हैरानी होगी कि भगवान कार्तिकेय को उत्तर और दक्षिण भारत में अलग-अलग नामों से पूजा जाता है। जहां उत्तर भारत में उन्हें कार्तिकेय नाम से पूजा जाता है, वहीं दूसरी तरफ दक्षिण भारत में मुरुगन भगवान के नाम से पूजा जाता है।
भगवान कार्तिकेय को मुरुगन नाम के अलावा सुब्रह्मण्यम और षण्मुख नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक कथा के अनुसार, भगवान शिव की तीसरी आंख के तेज से ही भगवान मुरुगन का जन्म हुआ था, जिनकी पूजा दक्षिण भारत के तमिलनाडु में तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित सुब्रमण्यस्वामी मंदिर में की जाती है। आइए जानते हैं कि तमिल में भगवान कार्तिकेय को मुरुगन नाम से क्यों पूजा जाता है।
यह भी पढ़ें: आज का राशिफल: करियर-लव लाइफ में किसे मिलेगा भाग्य का साथ, खर्च पर रखें ध्यान
मुरुगन और सुब्रह्मण्यम नाम का क्या है अर्थ?
भगवान कार्तिकेय बेहद सुंदर थे और उनके चेहरे पर दिव्य तेज था। इस वजह से उन्हें मुरुगन नाम से पूजा जाता है। तमिल परंपरा में मुरुगन नाम का अर्थ सुंदरता और दिव्य स्वरूप से जोड़ा जाता है।
इसके अलावा, सुब्रह्मण्यम का अर्थ ज्ञान, तप और अन्य देवताओं की रक्षा करने वाले देवता से जोड़ा जाता है। धार्मिक कथाओं में कार्तिकेय जी को वीर और अन्य देवताओं की रक्षा करने वाला देवता कहा गया है। इस वजह से दक्षिण भारत में सुब्रह्मण्यम नाम से भगवान की पूजा की जाती है।
यह भी पढ़ें: अन्नपूर्णा पर्व 17 दिनों तक क्यों मनाया जाता है? मां पार्वती की पौराणिक कथा
भगवान कार्तिकेय को क्यों कहा जाता है मुरुगन?
दक्षिण भारत में लाखों लोग शैव परंपरा को मानते हैं। तमिलनाडु में भगवान कार्तिकेय को पर्वतीय क्षेत्रों से जुड़ा हुआ देवता माना जाता है। शैव परंपरा से लोगों का जुड़ाव और लोकभक्ति की वजह से सदियों से भगवान कार्तिकेय को दक्षिण भारत में मुरुगन नाम से पूजा जाता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि दक्षिण भारत में लोग कार्तिकेय और मुरुगन को अलग-अलग देवता मानते हैं।
नोट: यह लेख धार्मिक मान्यताओं और गणनाओं पर आधारित है। हम इसकी पुष्टि नहीं करते हैं।