सनातन धर्म में काल भैरव जयंती बेहद खास मानी जाती है। यह हर साल मार्गशीर्ष महीने के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि पर मनाई जाती है, जब सभी भक्त काल भैरव की पूजा करते हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, काल भैरव की आराधना करने से व्यक्ति को जीवन की चुनौतियों से लड़ने की प्रेरणा मिलती है। साथ ही, व्यक्ति के मन से डर की भावना खत्म होती है। काल भैरव जयंती के दिन कई भक्त काले कुत्ते को भोजन खिलाते हैं। इस परंपरा के पीछे एक खास महत्व जुड़ा हुआ है, जिसके बारे में हर भक्त को जानना चाहिए।
हर साल की तरह इस साल भी कई लोगों के मन में दुविधा है कि काल भैरव जयंती की सही तारीख क्या है। धार्मिक जानकारों के अनुसार, काल भैरव जयंती के दिन लोगों को न सिर्फ शुभ मुहूर्त में पूजा करनी चाहिए, बल्कि व्रत भी रखना चाहिए। तो आइए जानते हैं कि इस साल काल भैरव जयंती की सही तिथि क्या है।
यह भी पढ़ें: 28 नवंबर राशिफल: किन राशियों को मिलेगा कारोबार और परिवार का साथ, जानें अपना हाल?
कब मनाएं काल भैरव जयंती?
हिंदू पंचांग के अनुसार, मार्गशीर्ष महीने के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि 1 दिसंबर को है। अष्टमी तिथि 1 दिसंबर को रात 12 बजकर 11 मिनट से शुरू होगी और 1 दिसंबर की रात 11 बजकर 13 मिनट पर खत्म होगी। तो पंचांग के हिसाब से लोगों को 1 दिसंबर को ही काल भैरव जयंती मनानी चाहिए।धार्मिक जानकारों के अनुसार, जो लोग काल भैरव जयंती के दिन व्रत रखेंगे, उन्हें 1 दिसंबर को सुबह 5:08 बजे से लेकर सुबह 6:02 बजे तक पूजा और व्रत का संकल्प लेना चाहिए।
क्या है शुभ मुहूर्त?
ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 5:08 से 6:02 बजे तक रहेगा।
अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:49 बजे से दोपहर 12:31 बजे तक होगा।
निशिता मुहूर्त: रात 11:43 बजे से 12:38 बजे तक रहेगा।
यह भी पढ़ें: खुद पर भरोसा करना सीखें, अष्टावक्र गीता की ये बातें बदल देंगी सोच
कुत्ते को क्यों खिलाते हैं भोजन?
धार्मिक जानकारों का मानना है कि काल भैरव जयंती के दिन कुत्ते को भोजन कराना चाहिए। ऐसा करने से व्यक्ति की कुंडली में राहु और शनि के नकारात्मक प्रभाव कम होते हैं। इसके अलावा, जिन लोगों के करियर में रुकावटें आ रही हैं, वे कुत्ते को रोटी खिलाते हैं। मान्यता है कि ऐसा करने से करियर की बाधाएं दूर होती हैं।
काल भैरव हैं शिव जी के रुद्र अवतार
धार्मिक कथाओं के मुताबिक, काल भैरव भगवान शिव जी के रुद्र रूप हैं, जो अपने भक्तों को काल के भय से मुक्ति दिलाते हैं। माना जाता है कि जो व्यक्ति काल भैरव जी की भक्ति करता है, उन भक्तों का न केवल साहस बढ़ता है, बल्कि उन्हें काल के भय से भी मुक्ति मिलती है।
यह भी पढ़ें: आस्था और ज्ञान का संगम, हिन्दू से सिख तक के लिए क्यों खास है कार्तिक पूर्णिमा?
काल भैरव जयंती के दिन जो लोग व्रत रखेंगे, उन्हें सुबह उठकर स्नान करना चाहिए। साफ कपड़े पहनने के बाद काल भैरव जी की पूजा करें और व्रत का संकल्प लें। इसके अलावा, इस दिन बेजुबान जानवरों को भोजन खिलाना चाहिए। साथ ही, जरूरतमंद लोगों की सहायता करनी चाहिए।
नोट: यह लेख धार्मिक मान्यताओं और गणनाओं पर आधारित है। हम इसकी पुष्टि नहीं करते हैं।