कार्तिक पूर्णिमा पर पर काशी में एक खास परंपरा निभाई जाती है। यह परंपरा कार्तिक शुक्ल देवउठनी एकादशी के साथ ही काशी के गंगा तटों पर पांच दिवसीय 'भीष्म पंचक' का शुभारंभ होता है। आज कार्तिक पूर्णिमा तक चलने वाले इस विशेष अनुष्ठान के तहत शहर के प्रमुख घाटों पर गंगा की पवित्र मिट्टी से 'गंगा पुत्र' भीष्म पितामह की अस्थायी प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं।
भीष्म पंचक के अवसर पर काशी के केदार घाट, रामघाट और पंचगंगा घाट के किनारे माटी के भीष्म की प्रतिमाएं विराजमान की जाती हैं। सुबह की पहली किरण के साथ ही आस्थावान महिला श्रद्धालु पवित्र गंगा में डुबकी लगाती है। साथ ही भीष्म पितामह की पूजा करती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार दर्शन पूजन करने के बाद महिलाएं अपनी मुराद पूरा करने के लिए यह परंपरा निभाती हैं।
यह भी पढ़ें: कहीं गंगा में जलते हैं दीप तो कहीं पहाड़ों पर, क्या है कार्तिगई दीपम की परंपरा?
एक स्नान से मिलता है पूरे कार्तिक महीने का पुण्य
काशी में सैकड़ों सालों से चली आ रही इस परंपरा के पीछे गहरा धार्मिक और पौराणिक महत्व जुड़ा है। पंचांगों और लोक मान्यताओं के अनुसार, जो श्रद्धालु किसी कारणवश पूरे कार्तिक महीने में नियमित रूप से गंगा स्नान और दान-पुण्य नहीं कर पाते है। उनके लिए ये पांच दिन बेहद खास हैं। मान्यता है कि भीष्म पंचक के इन अंतिम पांच दिनों में गंगा स्नान कर भीष्म पितामह का दर्शन-पूजन करने से पूरे कार्तिक महीने के स्नान के बराबर पुण्य फल की प्राप्ति होती है।
यह भी पढ़ें: ना प्रयाग, ना हरिद्वार, गंगा किनारे होने वाला गढ़मुक्तेश्वर मेला क्यों है मशहूर?
काशी के नियमित स्नान-दान करने वाले श्रद्धालुओं के बीच एक रोचक मान्यता प्रचलित है। कहा जाता है कि अगर कोई भक्त पूरे महीने स्नान-दान करे, फिर भीष्म पंचक के इन पांच दिनों में भीष्म पितामह के दर्शन और दान न करे, तो उसके पूरे कार्तिक महीने का अर्जित पुण्य भीष्म को चला जाता है। यही कारण है कि कार्तिक स्नान करने वाला हर श्रद्धालु इन पांच दिनों में अपनी हाजिरी जरूर लगाता है।
नोट: यह लेख धार्मिक मान्यताओं और गणनाओं पर आधारित है।