टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने बुधवार (21 जनवरी) को नागपुर में न्यूजीलैंड के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। 25 साल के अभिषेक ने ताबड़तोड़ 84 रन की पारी खेली। उन्होंने 35 गेंद का सामना किया और 5 चौके और 8 छक्के उड़ाए। अभिषेक ने धुआंधार बैटिंग कर टीम इंडिया को शुरुआती झटकों से उबारा और बड़े स्कोर का लॉन्च पैड तैयार किया। वह 12वें ओवर की आखिरी गेंद पर ईश सोढ़ी का शिकार बने।
अभिषेक भले ही अपने तीसरे टी20 इंटरनेशनल शतक से चूक गए लेकिन अपनी इस विस्फोटक पारी के दौरान उन्होंने एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। वह सबसे कम गेंदों में 5000 टी20 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने आंद्र रसेल का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ा। रसेल ने 2942 गेंद में 5000 टी20 रन का आंकड़ा पार किया था। वहीं अभिषेक ने महज 2898 गेंद में इस मुकाम को हासिल कर लिया।
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश हटा तो कौन सी टीम खेलेगी T20 वर्ल्ड कप? ICC ने कर लिया फैसला!
टी20 के सभी धुरंधरों को छोड़ा पीछे
अभिषेक को टी20 में 5000 रन पूरे करने के लिए 82 रनों की दरकार थी। उन्होंने सोढ़ी की गेंद पर आउट होने से पहले चौका और फिर दो छक्के लगाकर इस आंकड़े को पार कर लिया। अभिषेक ने पांच हजारी बनते ही रसेल के साथ-साथ टिम डेविड और ग्लेन मैक्सवेल जैसे टी20 के धुरंधरों को कोसों पीछे छोड़ दिया।
मेंस टी20 में सबसे कम गेंद में 5000 रन
- अभिषेक शर्मा - 2898 गेंद
- आंद्रे रसेल - 2942 गेंद
- टिम डेविड - 3127 गेंद
- विल जैक्स - 3196 गेंद
- ग्लेन मैक्सवेल - 3239 गेंद
यह भी पढ़ें: ट्रोलिंग छोड़िए, हर पारी में पॉपुलर हो रहे हैं हर्षित राणा, आंकड़े दे रहे गवाही
भारत ने बनाया विशाल स्कोर
अभिषेक के आउट होने के बाद भारतीय टीम ने छोटे अंतराल में शिवम दुबे (9), हार्दिक पंड्या (25) और अक्षर पटेल (5) के विकेट खो दिए थे। एक समय 250 के करीब जाती दिख रही भारतीय टीम का पूरे 20 ओवर खेलना भी मुश्किल लग रहा था। हालांकि रिंकू सिंह ने एक छोर संभाला और 20 गेंद में 4 चौके और 3 छक्के उड़ाते हुए नाबाद 44 रन ठोक टीम इंडिया को 238/7 के स्कोर तक पहुंचा दिया। यह न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का सबसे बड़ा टी20 टोटल है।