भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार (21 सितंबर) को खेले गए एशिया कप 2025 के सुपर-4 मुकाबले में खूब गहमागहमी देखने को मिली। इस मैच में भारतीय टीम को 172 रन का लक्ष्य मिला था। टारगेट का पीछा करते हुए अभिषेक शर्मा और शुभमन गिल की विध्वंसक ओपनिंग जोड़ी ने भारत को बेहतरीन शुरुआत दिलाई। दोनों ने महज 59 गेंद में 105 रन कूट दिए। अभिषेक शर्मा ने शाहीन शाह अफरीदी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर भारत का खाता खोला। शाहीन ने शॉर्ट बॉल की थी, जिसे अभिषेक ने पुल करते हुए फाइन लेग के ऊपर से भेज दिया।
अभिषेक को अपनी गेंद पर झन्नाटेदार शॉट लगाते देख शाहीन बौखला गए। उन्होंने अभिषेक से कुछ कहा, जिसका भारतीय ओपनर करारा जवाब दिया। अभिषेक यह कहते दिखे कि चुप-चाप गेंद डालते रहो। शाहीन के अगले ओवर में शुभमन ने दो बेहतरीन चौके जड़े। लगातार पिटाई होने से शाहीन अपना आपा खो बैठे थे। उन्होंने शुभमन से भी बहस करने की कोशिश की। इस बार शुभमन और अभिषेक दोनों दोस्तों ने मिलकर उनकी हेकड़ी निकाली।
हारिस रऊफ को अभिषेक ने सिखाया सबक
पांचवें ओवर में आक्रमण पर आए हारिस रऊफ का अभिषेक ने वही हश्र किया जो उन्होंने शाहीन का किया था। अभिषेक ने रऊफ की दूसरी गेंद को चौके के लिए भेजा। रऊफ के इस ओवर की समाप्ति शुभमन ने एक कड़ाकेदार चौके के साथ किया। रऊफ को जब चौका लगा तो वह अभिषेक से उलझ गए। अभिषेक ने उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया। दोनों के बीच तल्खी इतनी बढ़ गई कि अंपायर को बीच-बचाव करना पड़ा। अंपायर ने तना-तनी बढ़ते देख दोनों को तुरंत अलग किया। रऊफ आक्रामकता दिखाने की कोशिश कर रहे थे लेकिन उन्हें अभिषेक ने अच्छे से सबक सिखाया।
स्टोरी अपडेट की जा रही है...