ACC अंडर 19 एशिया कप में सबकी नजरें वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग पर टिकी हुई हैं। मंगलवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ ओपनिंग करने उतरे आर्यवीर सहवाग ने 160 रनों की पारी खेली। उनके इस शानदार शतक की बदौलत भारत ने UAE के सामने 310 रनों का लक्ष्य रखा है। इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने अभी तक दो मैच खेले हैं और एक जीत और एक हार के साथ वह प्वाइंट टेबल में दूसरे नंबर पर है।
ओमान के मस्कट में क्रिकेट जगत के नए और उभरते हुए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का जमावड़ा लगा हुआ है। जहां पर एसीसी मेंस अंडर-19 एशिया कप 2026 में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका समेत कुल 8 देशों की टीम भाग ले रही हैं। टूर्नामेंट के 11वें मैच में भारत का मुकाबला संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की टीम से है।
मैच में अब तक क्या हुआ?
टॉस जीतकर यूएई के कप्तान ने भारत को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। जिसके बाद भारत ने आर्यवीर सहवाग के शानदार शतक के दम पर 50 ओवर समाप्त होने तक 7 विकेट खोकर 309 रन बनाए। आर्यवीर सहवाग ने अपने पिता और भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग की तरह ही तूफानी पारी खेलते हुए 168 गेंदों पर 160 रनों की मैराथन पारी खेली। इस दौरान आर्यवीर ने अपनी पारी में 17 चौके और 7 छक्के जड़े। आर्यवीर का जन्म 19 अक्तूबर 2007 को नई दिल्ली में हुआ था। वह दांए हाथ के बल्लेबाज और साथ में लेग-ब्रेक गेंदबाज भी हैं। बता दें इस टीम में पूर्व भारतीय कप्तान और सर्वोच्च बल्लेबाजों में से एक राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: बारिश की भेंट चढ़ा तीसरा वनडे, भारत 2-0 की बढ़त के साथ पहुंचेगा माउंट मॉन्गानुई
पहला विकेट गिरने के बाद 193 रनों की साझेदारी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम का पहला विकेट कप्तान लक्ष्य राजेश रायचंदानी के रूप में लगा। उसके बाद आर्यवीर सहवाग ने वी. के. विनीत के साथ मिलकर भारत के दूसरे विकेट के लिए 193 रनों की साझेदारी की। सहवाग के साथ वीनीत ने भी अच्छी बल्लेबाजी करते हुए 69 गेंदों पर 67 रनों की दर्शनीय पारी खेली। हालांकि, सहवाग और विनीत के विकेट गिरने के बाद भारत की पारी थोड़ी धीमी पड़ गई। जिसके चलते भारत की टीम अपनी पारी खत्म होने पर 309 रन ही बना सकी।
दूसरी पारी में यूएई के सामने भारत का मजबूत बॉलिंग अटैक होगा। जिसकी अगुआई ईशान सूद और काव्य पटेल जैसे धारदार गेंदबाज करेंगे। भारत इस मैच को जीतने के साथ ही टूर्नामेंट के सेमी फाइनल में जगह बना लेगी। भारत के अलावा सेमी फाइनल में अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान की टीमें पहले ही अपने पांव जमा चुकी हैं।
यह भी पढ़ें: अंडर-19 एशिया कप: रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 3 विकेट से हराया
भारत की प्लेइंग इलेवन
यूएई की खिलाफ मैच में भारतीय टीम की प्लेइंग इलेवन है:
लक्ष्य राजेश रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वी के विनीत, यशबर्धन चौहान, अर्जुन राजपूत, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), मनल चौहान, आर्यन सवासानी, काव्य पटेल, मोहित उलवा, ईशान सूद।