ICC टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल मुकाबले में TV अंपायर के एक फैसले पर विवाद हो गया है। साउथ अफ्रीकी कप्तान एडन मारक्रम को आउट दिए जाने पर बवाल मच गया है। पूरी घटना साउथ अफ्रीका की पारी के 8वें ओवर की है। कोलकाता के ईडन गार्डंस स्टेडियम में टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी प्रोटियाज टीम ने दूसरे ही ओवर में 2 विकेट गंवा दिए थे। 12/2 का स्कोर होने के बाद मारक्रम और डेवाल्ड ब्रेविस ने साउथ अफ्रीकी पारी को संभाला और पावरप्ले में टीम को कोई और नुकसान नहीं होने दिया।
मारक्रम और ब्रेविस अब रन गति बढ़ाने का मूड बना रहे थे, तभी मारक्रम एक विवादित फैसले का शिकार बन गए। रचिन रवींद्र की हल्की छोट गेंद पर मारक्रम ने करारा प्रयास किया लेकिन संपर्क अच्छा नहीं हुआ। गेंद तैरती हुई लॉन्ग ऑन की ओर गई, जहां खड़े डैरिल मिचेल ने आगे की ओर डाइव लगाते हुए कैच लपक लिया। हालांकि वह निश्चित नहीं थे कि उन्होंने क्लीन कैच लपका है। मिचेल ने तुरंत TV अंपायर से इसे चेक करने के लिए कहा।
यह भी पढ़ें: नॉकआउट से पहले ही टूट गए रिकॉर्ड... भारत में कितने लोगों ने T20 WC 2026 को देखा?
जमीन को छू रही थी गेंद?
मिचेल के हाथों में गेंद आने के बाद जम्प हुई थी। बड़ा सवाल यह था कि जब गेंद जम्प हुई, तब क्या मिचेल की उंगलियां गेंद के नीचे थीं? TV अंपायर नितिन मेनन ने अलग-अलग एंगल से इसे देखा। मामला काफी करीबी लग रहा था लेकिन उन्होंने माना कि जब गेंद जम्प हुई, तब मिचेल की उंगिलयां नीचे थीं। नितिन मेनन ने क्लीन कैच करार दिया और मारक्रम को पवेलियन लौटना पड़ा। मारक्रम 20 गेंद में 18 रन बनाकर आउट हुए। उनका विकेट 55 के स्कोर पर गिरा।
सोशल मीडिया पर उठ रहे सवाल
मारक्रम को आउट दिए जाने पर नितिन मेनेन के फैसले पर सवाल उठ रहे हैं। एक X यूजर ने लिखा, 'गेंद साफ तौर पर जमीन को छूती हुई दिख रही थी, फिर भी तीसरे अंपायर ने एडन मारक्रम को आउट दे दिया। क्या वह वाकई एक क्लीन कैच था या वर्ल्ड कप के नॉकआउट मैच में गलत फैसला?'
यह भी पढ़ें: कौन है यह कीवी स्पिनर, जिसने सेमीफाइनल में लिए 2 गेंद में 2 विकेट?
यानसन ने लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया
मारक्रम के पवेलियन लौटने के कुछ ही देर बाद डेविड मिलर (6) और डेवाल्ड ब्रेविस (34) भी चलते बने। 10.2 ओवर में साउथ अफ्रीका की आधी टीम 77 रन पर सिमट गई थी। यहां से मार्को यानसन ने ट्रिस्टन स्टब्स (24) के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और प्रोटियाज टीम को लड़ने लायक स्कोर तक पहुंचाया। यानसन ने 30 गेंद में 2 चौके और 5 छक्कों की मदद से नाबाद 55 रन बनाए, जिससे साउथ अफ्रीकी टीम ने 8 विकेट के नुकसान पर 169 रन बनाए। अब देखना होगा कि वह न्यूजीलैंड को चेज करने से रोक पाती है या नहीं।
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI:
न्यूजीलैंड - टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), फिन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फिलिप्स, मार्क चैपमैन, डैरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), कोले मैककॉन्ची, जिमी नीशम, मैट हेनरी, लॉकी फर्ग्यूसन
साउथ अफ्रीका - क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), एडन मारक्रम (कप्तान), रायन रिकलटन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, कैगिसो रबाडा, केशव महाराज, लुंगी एनगिडी