टेस्ट क्रिकेट में भारतीय बल्लेबाजी की मजबूत दीवार रहे अंजिक्य रहाणे ने संन्यास लेने का एलान कर दिया है। तीन साल से अपनी वापसी का इंतजार कर रहे अंजिक्य ने अब एलान कर दिया है कि वह अब इंटरनेशनल क्रिकेट नहीं खेलेंगे। भारत के लिए 85 टेस्ट मैच खेलने वाले अंजिक्य रहाणे ने अपना आखिरी टेस्ट मैच जुलाई 2023 में खेला था। उसके बाद से भारतीय टीम में उनकी वापसी नहीं हो पाई। कम T20 और वनडे मैच खेलने वाले अंजिक्य रहाणे लंबे समय तक भारतीय टीम का हिस्सा रहे और कई अहम मैचों में जीत का कारण भी बने।
38 साल के हो चुके अंजिक्य रहाणे ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत साल 2011 में T20 से की थी। इंग्लैंड के खिलाफ अगस्त 2011 में पहला टी20 मैच खेलने वाले अंजिक्य रहाणे को अगले ही महीने वनडे में भी इंग्लैंड के खिलाफ ही मौका मिला था। हालांकि, टेस्ट में उन्हें दो साल इंतजार करना पड़ा और मार्च 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्होंने अपना पहला टेस्ट मैच खेला। पहले टेस्ट की पहली पारी में सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हुए अजिंक्य दूसरी पारी में सिर्फ 1 रन पर ही आउट हो गए थे। हालांकि, आगे चलकर उन्होंने इन दो पारियों की कसक खूब निकाली।
क्या बोले अंजिक्य रहाणे?
अपने संन्यास का एलान करते हुए अंजिक्य रहाणे ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए एक वीडियो में कहा है, 'जिंदगी का सच है कि हर चीज की एक शुरुआत होती है और हर चीज का एक अंत होता है। जब समय आता है तो आपको उसका सम्मान करना होता है और आगे बढ़ना होता है। मैंने हमेशा अपनी बैटिंग में भी टाइमिंग पर ही भरोसा किया है और हमेशा इसकी अहमियत भी समझी है। आज मेरा मानना है कि मेरे आगे बढ़ने और इंटरनेशनल क्रिकेट के सभी फार्मैट से रिटायरमेंट का एलान करने का वक्त आ गया है।'
यह भी पढ़ें: सिर्फ सारांश नहीं, कई खिलाड़ी 30 पार के... कितनी उम्रदराज है भारतीय टेस्ट टीम?
उन्होंने आगे कहा, 'मेरे पास जो कुछ था, वह मैंने इस खेल को दिया। हर दिन, हर पारी, हर मौके पर मेरा सपना इंडिया की कैप हासिल करना था। मैंने हमेशा अपने देश और अपनी टीम को खुद से आगे रखा। मैंने यह खेल हमेशा ईमानदारी से खेला। भले ही इंटरनेशनल क्रिकेटर के तौर पर मेरी पारी समाप्त हो रही है लेकिन मैं क्रिकेट से दूर नहीं होने वाला है। मेरे साथ खड़े होने वाले हर शख्स को मैं थैक्यू कहना चाहता हूं।' अपनी बातें कहते-कहते अंजिक्य रहाणे भावुक हो गए।
View on Instagram
कैसा रहा रहाणे का करियर?
भारत के लिए 85 टेस्ट मैच खेलने वाले रहाणे ने टेस्ट में 12 शतक और 26 अर्धशतक के साथ कुल 5077 रन बनाए। उनका अधिकतम स्कोर 188 रन और औसत 38.46 का रहा। टेस्ट क्रिकेट में 6 मैच ऐसे भी रहे जिसमें अंजिक्य रहाणे ने कप्तानी भी की। अपनी कप्तानी में वह एक भी मैच नहीं हारे। 6 में से चार मैच में जीत मिली और 2 मैच बेनतीजा रहे। अंजिक्य रहाणे के बारे में एक और रोचक तथ्य है कि उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट के तीनों प्रारूपों में से किसी में भी कभी एक भी ओवर गेंदबाजी नहीं की।
यह भी पढ़ें: श्रीलंका के खिलाफ भारतीय टीम में नए नवेले सारांश जैन की एंट्री, बाकी कौन खेलेगा?
अंजिक्य रहाणे ने 90 वनडे और 20 टी20 मैच भी खेले। वनडे में उन्होंने 3 शतक और 23 अर्धशतक के साथ 2962 रन बनाए। वहीं टी20 में सिर्फ एक अर्धशतक के साथ उन्होंने कुल 375 रन बनाए।
हालांकि,
IPL
समेत अन्य लीग के 308 टी20 मैचों में अंजिक्य रहाणे ने 7968 रन बनाए हैं। IPL 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी करने वाले अंजिक्य रहाणे चेन्नई सुपर किंग्स, मुंबई इंडियंस, राइजिंग पुणे सुपरजाएंट्स, दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स के लिए भी खेल चुके हैं।