• BENGALURU
15 Jan 2026, (अपडेटेड 15 Jan 2026, 11:13 PM IST)
दाएं हाथ के बल्लेबाज अमन मोखाड़े ने विदर्भ को विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचा दिया है। उन्होंने कर्नाटक के खिलाफ सेमीफाइनल में मैच विजयी शतकीय पारी खेली। मोखाड़े लिस्ट-ए में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले भारतीय बने हैं।
कर्नाटक के खिलाफ शतक लगाने के बाद जोश में अमन मोखाड़े, Photo Credit: PTI
विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 सीजन का पहला सेमीफाइनल गुरुवार (15 जनवरी) को विदर्भ और कर्नाटक के बीच खेला गया। बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेले गए इस मुकाबले में विदर्भ ने कर्नाटक को 6 विकेट से धूल चटकाकर फाइनल में जगह बना ली। दर्शन नालकंडे (5 विकेट) की घातक गेंदबाजी की बदौलत विदर्भ ने कर्नाटक की मजबूत बैटिंग लाइन-अप को 280 रन पर ढेर किया और फिर 46.2 ओवर में 4 विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।
विदर्भ ने इसके साथ ही कर्नाटक से पिछले सीजन में खिताबी मुकाबले में मिली हार का बदला चुकता कर लिया है। विदर्भ की इस बड़ी जीत में अमन मोखाड़े ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने रन चेज में 122 गेंद में 12 चौके और 2 छक्कों की मदद से 138 रन की धमाकेदार पारी खेली। दाएं हाथ के बल्लेबाज मोखाड़े उस समय आउट हुए, जब विदर्भ को 9 ओवर में सिर्फ 27 रन चाहिए थे और उसके पास 7 विकेट शेष थे। मोखाड़े को उनकी मैच विजयी पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।
अमन मोखाड़े ने अपनी शतकीय पारी के दौरान लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज 1000 रन पूरे करने के मामले में वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। उन्होंने 16 पारियों में इस मुकाम को हासिल किया है। साउथ अफ्रीका के ग्रीम पोलॉक को भी इतनी ही पारियां लगी थीं। मोखाड़े लिस्ट-ए में सबसे तेज हजार रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी बने हैं। उन्होंने देवदत्त पडिक्कल और अभिनव मुकुंद का रिकॉर्ड तोड़ा। पडिक्कल और मुकुंद ने 17-17 पारियों में 1000 रन बनाए थे।
शतक लगाने के बाद जश्न मनाते अमन मोखाड़े, Photo Credit: PTI
कौन हैं अमन मोखाड़े?
16 जनवरी को 25 साल के होने जा रहे अमन मोखाड़े दाएं हाथ के टॉप ऑर्डर बल्लेबाज हैं। साथ ही वह पार्ट-टाइम लेग स्पिन गेंदबाजी भी कर लेते हैं। मोखाड़े ने इस घरेलू सीजन में गदर काट रखा है। उन्होंने रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन के पहले लेग में 7 पारियों में 96.16 की औसत से 577 रन ठोके। इस दौरान उनके बल्ले से 3 शतक और 1 अर्धशतक निकला। इसके बाद मोखाड़े सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में विदर्भ के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। अब वह विजय हजारे ट्रॉफी में धूम मचा रहे हैं। मोखाड़े इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में टॉप पर आ गए हैं।
उन्होंने अब तक 9 पारियों में 97.62 की औसत से 781 रन जड़ दिए हैं। मोखाड़े 5 शतक और 1 अर्धशतक लगा चुके हैं। वह विजय हजारे ट्रॉफी के एक एडिशन में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में एन जगदीशन और करुण नायर के साथ संयुक्त रूप से टॉप पर हैं। फाइनल में उनके पास जगदीशन और नायर को पीछे छोड़ने का सुनहरा मौका है।