logo

ट्रेंडिंग:

WPL से BBL तक... रिटायर्ड आउट कराए जा रहे खिलाड़ी, टीमों को कितना फायदा हुआ है?

बिग बैश लीग में मोहम्मद रिजावन को रिटायर्ड आउट कराया गया था, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ। विमेंस प्रीमियर लीग में अब तक दो खिलाड़ियों को जबरन आउट कराया जा चुका है। जानिए कितनी सफल रही है यह रणनीति।

Retired Out

टी20 लीग्स में इस समय रिटायर्ड आउट का है चलन, Photo Credit: Social Media

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

दुनियाभर में चल रहीं टी20 लीग्स में इस समय रिटायर्ड आउट के खूब मामले देखने को मिल रहे हैं। साउथ अफ्रीका की SA20 लीग, ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (BBL) के बाद भारत में विमेंस प्रीमियर लीग में खिलाड़ियों को जबरन आउट कराने के दो मामले आ चुके हैं। बुधवार (14 जनवरी) को यूपी वॉरियर्स ने हरलीन देओल को रिटायर्ड आउट कराया। इससे एक दिन पहले मुंबई इंडियंस के खिलाफ गुजरात जायंट्स ने आयुषी सोनी को वापस बुला लिया था।

 

आयुषी सोनी को जब रिटायर्ड आउट कराया गया उस समय वह 14 गेंद खेलकर 11 रन ही बना सकी थीं। गुजरात जायंट्स का स्कोर 16 ओवर में 135/5 था। आयुषी को वापस बुलाए जाने के बाद क्रीज पर उतरीं भारती फुलमाली ने जॉर्जिया वेयरहम (नाबाद 43) के साथ मिलकर गुजरात जायंट्स को 192/5 के स्कोर तक पहुंचाया दिया। 

 

फुलमाली ने 15 गेंद में 3 चौके और 3 छक्के उड़ाते हुए नाबाद 36 रन ठोके। आयुषी को रिटायर्ड कराने की रणनीति काम कर गई लेकिन मुकाबले में गुजरात जायंट्स को हार का सामना करना पड़ा। मुंबई इंडियंस ने कप्तान हरमनप्रीत कौर (43 गेंद में नाबाद 71 रन) की आतिशी पारी की मदद से 193 रन के टारगेट को 19.2 ओवर में 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

 

यह भी पढ़ें: घुटनों पर आया बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड, खिलाड़ियों ने क्यों मचाया था बवाल?

हरलीन को वापस बुलाकर फंसी यूपी

दाएं हाथ की बल्लेबाज हरलीन ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 36 गेंद में 47 रन बना लिए थे। अभी तीन ओवर का खेल बाकी था और वह आसानी से अपना अर्धशतक पूरा करती दिख रही थीं। अचानक ड्रेसिंग रूम से सिग्नल आया कि वापस आ जाओ। हरलीन को कुछ देर के लिए यकीन नहीं हुआ। वह भारी मन से पवेलियन लौट गईं। उनके जाने के बाद यूपी वॉरियर्स की टीम आखिरी तीन ओवर में सिर्फ 13 रन ही बना पाई और 4 विकेट गंवा दिए। यूपी वॉरियर्स ने 155 रन का टारगेट रखा, जिसे दिल्ली कैपिटल्स ने 3 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

BBL में रिजवान की हुई किरकिरी

पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान BBL 2025-26 में मेलबर्न रेनेगेड्स के लिए खेल रहे हैं। मेलबर्न रेनेगेड्स ने 12 जनवरी को सिडनी थंडर के खिलाफ रिजवान को रिटायर्ड आउट करा दिया। रिजवान को जब वापस आने के लिए कहा गया, तब वह चौंक गए थे। कप्तान विल सदरलैंड के कहने पर आखिरकार उन्हें क्रीज छोड़कर आना ही पड़ा। 

 

रिजवान हमेशा की तरह धीमी बैटिंग कर रहे थे और 23 गेंद में 26 रन ही बना पाए थे। रिटायर्ड आउट कराए जाने के बाद सोशल मीडिया पर उनका जमकर मजाक बना। हालांकि उनको वापस बुलाने के बावजूद मेलबर्न रेनेगेड्स की टीम आखिरी 2 ओवर में 16 रन ही बना सकी। उसने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 170 रन का स्कोर खड़ा किया। बारिश की वजह से सिडनी थंडर को 15 ओवर में 140 रन का टारगेट मिला, जिसे उसने 4 गेंद शेष रहते 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया।

 

यह भी पढ़ें: इंडिया ओपन में चिड़िया ने बैडमिंटन कोर्ट पर किया पैखाना, रोकना पड़ा मैच

रिजवान से पहले यह खिलाड़ी हुआ था रिटायर्ड OUT

इस साल BBL में रिजवान से पहले निक मैडिनसन भी रिटायर्ड आउट कराए जा चुके थे। सिडनी थंडर ने 3 जनवरी को उन्हें होबार्ट हरिकेन्स के खिलाफ 30 रन के निजी स्कोर पर वापस बुलाया था। मैडिनसन ने अपनी पारी में 26 गेंदों का सामना किया था और 2 छक्के लगाए थे। 

 

उनको रिटायर्ड आउट कराने के बाद डेविड वॉर्नर की कप्तानी वाली सिडनी थंडर ने आखिरी 2 ओवर में 44 रन बटोरे और 4 विकेट के नुकसान पर 205 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। वॉर्नर ने 65 गेंद में नाबाद 130 रन की पारी खेली। हालांकि यह पारी सिडनी थंडर को जीत दिलाने के लिए नाकाफी साबित हुई। होबार्ट हरिकेन्स ने 17.5 ओवर में ही 4 विकेट खोकर आसानी से टारगेट चेज कर लिया।

SA20 में कैरेबियाई खिलाड़ी वापस बुलाया गया

साउथ अफ्रीका की SA20 में 7 जनवरी को रोस्टन चेज रिटायर्ड आउट कराए गए थे। वेस्टइंडीज के टेस्ट कप्तान चेज SA20 में प्रिटोरिया कैपिटल्स के लिए खेल रहे हैं। टीम ने उन्हें डरबन सुपरजायंट्स के खिलाफ 160 के स्ट्राइक रेट से रन बनाने के बावजूद रिटायर्ड आउट करा दिया। चेज 15 गेंद में 1 चौके और 2 छक्कों की मदद से 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनको आउट कराने के बाद प्रिटोरिया कैपिटल्स ने बाकी बचे 10 गेंदों में 15 रन ही बनाए। उसने 202 रन का टारगेट रखा, जिसके जवाब में डरबन सुपर जायंट्स की टीम 186 पर ही सिमट गई।


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap