Asian Games: छठे दिन भारत को मिले 6 मेडल, सात्विक-चिराग की जोड़ी की हुई हार
एशियन गेम्स 2026 में शुक्रवार का दिन भारत के लिए कई बड़ी उपलब्धियां लेकर आया। वहीं, चिराग और सात्विक की जोड़ी की हार से भारत को झटका भी लगा।

एशियन गेम्स 2026, Photo Credit: ANI
एशियन गेम्स 2026 में शुक्रवार का दिन भारत के लिए कई बड़ी उपलब्धियां लेकर आया। शूटिंग में सुरूचि सिंह और कमलजीत ने भारत को लंबे इंतजार के बाद गोल्ड मेडल दिलाया। वहीं लंबी दूरी की दौड़ में गुलवीर सिंह ने 10,000 मीटर रेस में सिल्वर मेडल जीता है। बैडमिंटन में डिफेंडिंग चैंपियन सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी से भारत को काफी उम्मीद थी लेकिन यह जोड़ी पहले ही राउंड में हार गई। भारत के लिए यह आज के दिन का बड़ा झटका रहा है।
भारत के लिए आज कमलजीत और सुरूचि सिंह ने गोल्ड जीता। हालांकि, उन्होंने अपने-अपने शुरूआती मुकाबलों में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद शानदार वापसी की। दोनों ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम में भारत को शूटिंग का पहला गोल्ड मेडल दिलाया और उन दोनों ने कुल 484.6 अंक हासिल किए। यह गोल्ड ऐसे समय आया है, जब 10 मीटर एयर राइफल में भारत गोल्ड नहीं जीत सका था। इसके अलावा 10 मीटर एयर पिस्टल के व्यक्तिगत, पुरुष टीम और महिला टीम मुकाबलों में भी भारत को कोई मेडल नहीं मिला था।
यह भी पढ़ें: कमलजीत और सुरुचि सिंह की जोड़ी ने 10 मीटर पिस्टल शूटिंग में भारत को दिलाया गोल्ड
शूटिंग में सिल्वर
शूटिंग में पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशन टीम में ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, रुद्रांक्ष पाटिल और नीरज कुमार ने 1762 अंक हासिल कर सिल्वर मेडल जीता। भारतीय टीम मुकाबले के काफी समय तक चीन से आगे चल रही थी, लेकिन आखिर में चीन ने बाजी मार ली। चीन ने 1766 अंक हासिल किए और गोल्ड जीता।
ट्रैक एंड फील्ड में गुलवीर सिंह ने 10,000 मीटर रेस में सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने यह रेस 28 मिनट 29.38 सेकंड में पूरी की। गुलवीर ने हांगझोउ में हुए पिछले एशियाई खेलों में ब्रॉन्ज मेडल जीता था और इस बार उन्होंने अपने प्रदर्शन को बेहतर करते हुए सिल्वर अपने नाम किया। गोल्ड बहरीन के बिरहानु बालेयू ने जीता, जिन्होंने 28 मिनट 27.51 सेकंड में यह रेस पूरी की। शॉटपुट में मनप्रीत कौर ने भी ब्रॉन्ज मेडल जीता। उन्होंने 17.17 मीटर का थ्रो किया और यह 2023 के बाद उनका पहला इंटरनेशनल मेडल है। इसके अलावा मिक्स्ड टेबल टेनिस टीम में दीया चितले और मानुष शाह ने भी ब्रॉन्ज जीता। इन मेडल के साथ एशियाई खेलों में भारत के कुल मेडल की संख्या 22 हो गई।
सात्विक-चिराग की जोड़ी फेल
बैडमिंटन में भारत को बड़ा झटका तब लगा, जब मौजूदा चैंपियन सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी पुरुष डबल्स के पहले ही राउंड में हार गई। भारत को इस जोड़ी से काफी उम्मीदें थी लेकिन थाईलैंड के पक्कापोन तीरारत्साकुल और पीराचाई सुकफुन के खिलाफ सफलता हाथ नहीं लगी। सात्विक और चिराग की जोड़ी ने पहला गेम 21-12 से जीतकर अच्छी शुरुआत की थी लेकिन बाद में थाईलैंड की जोड़ी ने वापसी करते हुए दूसरा गेम 21-19 से जीत लिया। इसके बाद निर्णायक गेम में भी थाई खिलाड़ियों ने 21-14 से जीत दर्ज की। मुकाबला 1 घंटे 8 मिनट चला और सात्विक-चिराग एशियाई खेलों से बाहर हो गए।
महिला डबल्स में त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद ने हांगकांग की हियू यान सांग और लोक लोक लुई को तीन गेम के मुकाबले में 21-16, 16-21, 21-16 से हराया। भारतीय जोड़ी को जीत के लिए काफी मेहनत करनी पड़ी। मिक्स्ड डबल्स में तनिशा क्रास्टो और ध्रुव कपिला ने लगातार दो मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है।
पहले राउंड में उन्होंने मालदीव की निबाल अहमद और अमिनाथ नबीहा अब्दुल रज्जाक को 21-8, 21-7 से हराया। इसके बाद मलेशिया की शेवन जेनी लाई और सून हुआट गोह की जोड़ी को कड़े मुकाबले में 22-20, 24-22 से हराया। अब क्वार्टर फाइनल में तनिशा और ध्रुव का सामना चीन की यान झे फेंग और डोंगपिंग हुआंग की जोड़ी से होगा। महिला सिंगल्स में उन्नति हुड्डा ने भी दूसरे राउंड में जगह बनाई। उन्होंने उत्तर कोरिया की मी सोंग यू को सिर्फ 30 मिनट में 21-9, 21-10 से हराया।
यह भी पढ़ें: हैंडबॉल छोड़ रोइंग शुरू की, अब बने एशियाड मेडलिस्ट; क्या है सतनाम सिंह की कहानी?
स्क्वॉश में अच्छी खबर
स्क्वॉश में भारत के लिए अच्छी खबर आई है क्योंकि इसमें भारतीय खिलाड़ियों ने तीन मेडल पक्के कर लिए हैं। जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार ने मिक्स्ड डबल्स के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। वहीं अनाहत सिंह और अभय सिंह ने अपने-अपने सिंगल्स मुकाबलों के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। रिकॉर्ड सातवीं बार एशियाई खेलों में हिस्सा ले रहीं 40 साल की जोशना चिनप्पा और इन खेलों में पहली बार खेल रहे सेंथिलकुमार ने क्वार्टर फाइनल में फिलीपींस के डेविड पेलिनो और जेमिका अरिबाडो को 11-3, 11-5 से हराया।
महिला सिंगल्स में जूनियर वर्ल्ड चैंपियन अनाहत सिंह ने क्वार्टर फाइनल में अपनी ही देश की तन्वी खन्ना को 11-2, 11-5, 11-3 से हराया और सेमीफाइनल में पहुंच गईं। अनाहत की नजर अब 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में जगह बनाने पर भी है। इसके साथ ही महिला हॉकी टीम ने जापान को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी दावेदारी मजबूत कर ली। इस जीत के बाद टीम की सेमीफाइनल में जगह लगभग पक्की मानी जा रही है।
कबड्डी में दिखाया दबदबा
भारत की पुरुष और महिला कबड्डी टीमों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए फाइनल में जगह बना ली है। दोनों टीमें अब शनिवार को होने वाले फाइनल में ईरान से भिड़ेंगी। मौजूदा चैंपियन भारतीय महिला टीम ने सेमीफाइनल में नेपाल को 48-24 से हराया। वहीं मौजूदा चैंपियन भारतीय पुरुष टीम ने सेमीफाइनल में थाईलैंड को 66-28 से मात दी। इस जीत के साथ भारत की पुरुष टीम के लिए अपना नौवां गोल्ड मेडल जीतने की उम्मीदें मजबूत हो गई हैं।
यह भी पढ़ें: Asian Games: सेमीफाइनल में पहुंची दीया-मानुष की जोड़ी, मेडल हुआ पक्का
स्विमिंग में निराशा
स्विमिंग में भारत का निराशाजनक प्रदर्शन जारी रहा। अनुभवी तैराक साजन प्रकाश पुरुषों की 200 मीटर बटरफ्लाई के फाइनल में सातवें स्थान पर रहे। वहीं पुरुषों की 200 मीटर बैकस्ट्रोक में ऋषभ दास छठे और उत्कर्ष पाटिल सातवें स्थान पर रहे। इस तरह स्विमिंग पूल से भारत को कोई मेडल नहीं मिल सका।
बॉक्सिंग में भारत के सचिन सिवाच ने पुरुषों के 60 किलो वर्ग में जॉर्डन के मोहम्मद अदनान अबू जाजेह को कड़े मुकाबले में हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। हालांकि, पिछले सीजन में ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली भारतीय बॉक्सर प्रीति पवार का सफर इस बार खत्म हो गया। इसके साथ ही तलवारबाजी में भारत की पुरुष फॉइल और महिला ईपी टीमों को राउंड ऑफ 16 में ही हार का सामना करना पड़ा। पुरुष फॉइल टीम को हांगकांग ने 45-27 से हराया। वहीं महिला ईपी टीम को उज्बेकिस्तान के खिलाफ 29-45 से हार मिली।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | EDITORIAL POLICY | Sitemap




