भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 2023 में एशियन गेम्स गोल्ड मेडल जीता था। अब वह मंगलवार (22 सितंबर) को अपने खिताब का बचाव कर दबदबा बरकरार रखने उतरेगी। हरनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम के सामने श्रीलंका की चुनौती है। टीम इंडिया ने जापान और बांग्लादेश के खिलाफ शानदार जीत दर्ज करके फाइनल में जगह बनाई है। गोल्ड मेडल जीतकर भारतीय टीम एशिया में अपनी बादशाहत और मजबूत करना चाहेगी।
टीम इंडिया ने इस महीने की शुरुआत में एशिया कप के फाइनल में भी श्रीलंका को हराया था। श्रीलंकाई टीम अतीत में भारत को हरा चुकी है लेकिन हालिया सालों में भारत और अन्य एशियाई टीमों के बीच अंतर बढ़ा है। कप्तान चामरी अटापट्टू की 50 गेंद में 82 रन की शानदार पारी की बदौलत श्रीलंका ने पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया किया था। भारत जैसी मजबूत टीम को हराने के लिए श्रीलंका को ऐसे ही कुछ बेहतरीन प्रदर्शनों की जरूरत होगी।
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स 2026 मेडल टैली: भारत की टॉप-10 में एंट्री, निशानेबाजों का जलवा
भारत सभी डिपार्टमेंट में मजबूत
भारतीय टीम सभी विभागों में शानदार फॉर्म में है। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा का बल्ला आग उगल रहा है। टीम मैनेजमेंट नंबर-3 पर लगातार प्रयोग कर रहा है। बांग्लादेश के खिलाफ सेमीफाइनल में जी कमालिनी को तीसरे नंबर पर उतारा गया था, जबकि जापान के खिलाफ इसी स्थान पर भारती फुलमाली को आजमाया गया था। टूर्नामेंट में अब तक बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहीं कमालिनी ने क्वार्टर-फाइनल में शेफाली के साथ पारी की शुरुआत की थी।
कप्तान हरमनप्रीत कौर एशिया कप में अच्छी फॉर्म में नहीं थीं। उनके फैंस को उम्मीद होगी कि इस बड़े फाइनल में वह अपनी पुरानी लय हासिल करेंगी। पहले दो मुकाबलों को देखते हुए भारत के लिए ज्यादातर विकेट स्पिन गेंदबाजों ने लिए हैं और फाइनल में भी यह सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है। दीप्ति शर्मा शानदार फॉर्म में हैं और उन्हें श्री चरणी का अच्छा साथ मिल रहा है। तेज गेंदबाजी विभाग में नंदनी शर्मा ने प्रभावित किया है।
यह भी पढ़ें: एशियन गेम्स में विनेश जैसा विवाद, गोल्ड मेडल मैच खेलने से चूकीं MMA फाइटर सुचिका
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI:
भारत - स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जी कमालिनी, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, क्रांति गौड़, श्री चरणी, नंदनी शर्मा
श्रीलंका - इमेशा दुलानी, चामरी अटापट्टू (कप्तान), हासिनी परेरा, कविशा दिलहारी, हर्षिता समराविक्रमा, हंसिमा करुणारत्ने, कौशिनी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), रश्मिका सेववंडी, मिताली अयोध्या, चामुदी प्रबोदा, सुगंधिका कुमारी