एशियन गेम्स 2026 में भारतीय बैडमिंटन टीम लगातार निराश कर रही है। अब त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी मेडल की रेस से बाहर हो गई है। उन्हें विमेंस डबल्स क्वार्टर-फाइनल में दुनिया की पांचवें नंबर की मलेशियाई जोड़ी पीयरली तान और तिनाह मुरलीधरन से सीधे गेम में हार का सामना करना पड़ा।
पिछले महीने दिल्ली में वर्ल्ड चैंपियनशिप में पहली बार ब्रॉन्ज जीतने वाली भारतीय जोड़ी को वर्ल्ड चैंपियनशिप 2025 की सिल्वर मेडलिस्ट जोड़ी ने 21-18, 21-9 से आसानी से हरा दिया। उधर मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो को वर्ल्ड नंबर-1 जोड़ी चीन की फेंग यान झि और हुआंग डोंगपिंग ने 21-14, 18-21, 21-18 से हरा दिया।
यह भी पढ़ें: 'ये मेरा आखिरी वर्ल्ड कप होगा', विराट कोहली ने संन्यास पर दिया बड़ा संकेत
शुरुआत में ही पिछड़ी भारतीय जोड़ी
त्रिसा और गायत्री अच्छी फॉर्म के साथ एशियाड में आई थीं और दुनिया की तीसरे नंबर की जोड़ी जापान की युकी फुकुशिमा और मायु मत्सुमोतो को हराया था लेकिन मलेशियाई जोड़ी के सामने वे बेबस नजर आईं। इससे पहले मलेशियाई जोड़ी के खिलाफ त्रिसा-गायत्री 8 में से 6 मुकाबले हार चुकी थीं। रविवार (27 सितंबर) को क्वार्टर-फाइनल मुकाबले में शुरुआत में ही भारतीय जोड़ी 3-8 से पिछड़ गई लेकिन वापसी करते हुए स्कोर 10-10 किया।
त्रिसा और गायत्री ने भी आक्रामक खेल दिखाते हुए हर शॉट का बराबरी से जवाब दिया और स्कोर 14-14 कर लिया। हालांकि कुछ गलतियों के कारण वे 14-17 से पीछे हो गईं। मलेशियाई जोड़ी का एक शॉट बाहर जाने से भारतीय जोड़ी वापसी करती हुई दिखी लेकिन फिर पीयरली और तिनाह ने 19-16 से बढ़त बना ली। त्रिसा की शटल नेट में जाने से उन्हें 4 गेम पॉइंट मिले। भारतीय जोड़ी ने 2 बचा लिए लेकिन एक स्मैश के साथ मलेशियाई जोड़ी ने गेम जीत लिया।
यह भी पढ़ें: Asian Games 2026: पुरुष कबड्डी टीम ने ईरान को 40-34 से हराया, भारत को चौथा गोल्ड
दूसरे गेम में भारतीय जोड़ी ने नहीं सुधारी गलतियां
दूसरे गेम में भारतीय जोड़ी 3-0 से आगी थी लेकिन उनकी गलतियों का फायदा उठाते हुए मलेशियाई जोड़ी ने 7-3 से बढ़त बना ली। इसके बाद भारतीय जोड़ी 4-11 से पीछे हो गई। त्रिसा और गायत्री की गलतियों का सिलसिला जारी रहा और मलेशियाई खिलाड़ियों ने 12 मैच प्वाइंट बना लिए। इसके बाद त्रिसा और गायत्री के लिए वापसी असंभव हो गई।
अब विमेंस सिंगल्स में पीवी सिंधु और उन्नति हुड्डा से मेडल की उम्मीदें हैं। क्वार्टर-फाइनल में दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट सिंधु का सामना चीन की चेन यू फेइ से और उन्नति हुड्डा की टक्कर जापान की अकाने यामागुची से होगी।