एशियन गेम्स 2026 में आज (3 अक्टूबर) गोल्ड बरस रहे हैं। क्रिकेट के बाद हॉकी में भी भारतीय टीम ने गोल्ड जीत लिया है। हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी वाली टीम ने मलेशिया को 5-1 से हराकर गोल्ड पर कब्जा जमाया। साथ ही लॉस एंजेलिस ओलंपिक 2028 के लिए भी क्वालिफाई कर लिया। हॉकी टीम लगातार दूसरे एशियन गेम्स में चैंपियन बनी है। ओलंपिक ब्रॉन्ज मेडलिस्ट भारतीय टीम एशियाड में पांचवीं बार गोल्ड मेडल जीती है।
'सरपंच साहब' ने दागे 2 गोल
भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक शुरुआत की और पहले क्वार्टर में ज्यादातर खेल मलेशियाई हिस्से में रहा। भारतीय टीम के 'सरपंच' यानी हरमनप्रीत सिंह ने 11वें मिनट में गोल दाग भारत को बढ़त दिलाई। उन्होंने पेनल्टी कॉर्नर को सफलतापूर्वक गोल में तब्दील किया। हालांकि मलेशिया ने जल्द ही बराबरी कर ली। मलेशिया की ओर से शेलो सिल्वरियस ने 14वें मिनट में गोल किया।
दूसरे क्वार्टर में जुगराज सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदल भारत को फिर से आगे कर दिया। इसके बाद उप-कप्तान हार्दिक सिंह ने 42वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक से गोल किया और मलेशियाई टीम की वापसी की उम्मीदें ध्वस्त कर दी। शिलानंद लकड़ा ने 54वें मिनट में मैदानी गोल दागा। हरमनप्रीत ने 57वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करके औपचारिकताएं पूरी की।
मलेशिया ने सिल्वर मेडल हासिल किया, जबकि पाकिस्तान ने साउथ कोरिया को 5-3 से हराकर ब्रॉन्ज मेडल जीता।
यह भी पढ़ें: Asian Games: कुश्ती में आया दूसरा गोल्ड, अब अमन सहरावत ने लहराया परचम
महिला टीम ने भी जीता गोल्ड
एशियन गेम्स में यह भारतीय हॉकी के लिए दोहरी खुशी रही। ऐसा इसलिए, क्योंकि महिला टीम ने शुक्रवार (2 अक्टूबर) को मौजूदा ओलंपिक सिल्वर मेडलिस्ट और गत चैंपियन चीन को 1-0 से हराकर 44 साल बाद गोल्ड मेडल जीता था। एशियाड में ऐसा पहली बार हुआ, जब भारत की पुरुष और महिला हॉकी टीमों ने एक साथ गोल्ड जीता।