logo

मूड

ट्रेंडिंग:

Asian Para Games: मानसी और थुलासिमथि मुरुगेसन की सेमीफाइनल में एट्री, मेडल पक्का

मानसी जोशी और थुलासिमथि मुरुगेसन की जोड़ी ने एशियन पैरा गेम्स के सेमीफाइनल में जगह बनाकर मेडल पक्का कर लिया है। भारतीय जोड़ी ने पिछले एशियाड में सिल्वर जीता था।

manasi joshi and thulasimathi murugesan asian para games

मानसी जोशी और थुलासिमथि मुरुगेसन, Photo Credit: JP Nadda/FB

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

मानसी जोशी और थुलासिमथि मुरुगेसन ने एशियन पैरा गेम्स में महिला युगल SL3-SU5 वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाकर लगातार दूसरी बार भारत के लिए मेडल पक्का कर लिया है। भारतीय जोड़ी ने 2023 में हांगझोऊ में आयोजित पिछले एशियाड में सिल्वर मेडल जीता था। दोनों खिलाड़ियों ने चीन की यूमेई लियू और टोंगटोंग ली को 21-10, 21-17 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। इसके साथ ही उन्होंने एक मुकाबला शेष रहते ग्रुप-ए में टॉप-2 में अपनी जगह पक्की कर ली।

 

सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों जोड़ियों को ब्रॉन्ज मेडल मिलने के कारण इस जीत के साथ ही भारत का मेडल पक्का हो गया। मानसी और थुलासिमथि ने इससे पहले शुक्रवार को इंडोनेशिया की राहायु वारिनिंग और कोनिताह इख्तियार स्याकुरोह को हराया था। भारतीय जोड़ी सोमवार को अपने अंतिम ग्रुप मुकाबले में चीन की यांग क्यूशिया और शियाओ जुशियान से भिड़ेगी। महिला युगल SL3-SU5 स्पर्धा खड़े होकर खेलने वाली श्रेणी है, जिसमें निचले या ऊपरी अंगों में दिव्यांगता वाले खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं।

 

यह भी पढ़ें: अमृता पुजारी ने U23 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में जीता सिल्वर, स्वीटी हारीं

कृष्णा नागर ने अंतिम-8 में बनाई जगह

टोक्यो पैरालंपिक चैंपियन कृष्णा नागर ने पुरुषों के एकल SH6 ग्रुप चरण में लगातार दूसरी जीत दर्ज करते हुए क्वार्टर-फाइनल में जगह बना ली। कृष्णा ने इंडोनेशिया के सुभान को 21-13, 21-15 से हराकर ग्रुप सी में शीर्ष दो खिलाड़ियों में अपना स्थान सुनिश्चित किया। हालांकि, उनका एक ग्रुप मुकाबला अभी बाकी है। SH6 वर्ग कम कद वाले खिलाड़ियों के लिए होता है। भारत को एकल मुकाबलों में कई अन्य जीत भी मिली। पेरिस पैरालंपिक के चैंपियन नितेश कुमार और टोक्यो पैरालंपिक के विजेता प्रमोद भगत ने पुरुष एकल SL3 वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया। इस वर्ग में निचले अंगों में दिव्यांगता वाले खिलाड़ी खड़े होकर प्रतिस्पर्धा करते हैं।

 

नितेश ने थाईलैंड के नत्थापोल चमननवेट को 21-6, 21-7 से हराया, जबकि भगत ने चीन के शियोंग लिचुआन को 21-17, 21-16 से मात दी। उमेश विक्रम कुमार ने भी फिलीपींस के खियान काइल अर्बानो को 21-10, 21-12 से पराजित किया। पुरुष एकल SL4 वर्ग में नवीन शिवकुमार ने इंडोनेशिया के हिकमत रमदानी को 21-12, 21-10 से हराया। वहीं, सूर्यकांत यादव ने जापान के कोकी ओगावा को 21-6, 21-19 से शिकस्त दी। इस वर्ग में निचले अंगों में अपेक्षाकृत कम गंभीर दिव्यांगता वाले खिलाड़ी खड़े होकर खेलते हैं।

 

यह भी पढ़ें: मुंबई इंडियंस के साथ महेला जयवर्धने का सफर खत्म, हेड कोच के पद से दिया इस्तीफा

सुकांत और अभिजीत भी जीते

सुकांत कदम ने साउथ कोरिया के शिन क्यॉन्ग ह्वान को 21-17, 18-21, 21-9 से हराया। अभिजीत सखुजा ने भी शानदार वापसी करते हुए थाईलैंड के सिरिपोंग टीमारोम को 19-21, 21-16, 21-10 से पराजित किया। पुरुष एकल SU5 वर्ग (जिसमें ऊपरी अंगों में दिव्यांगता वाले खिलाड़ी खड़े होकर खेलते हैं) में रुथिक रघुपति ने जापान के वातरू कनाई को 21-12, 21-13 से हराया। हार्दिक मक्कर ने मलेशिया के अमिरुल याजिद बिन अहमद सिबी को 21-16, 16-21, 21-18 से मात दी। 

 

भारत ने व्हीलचेयर वर्गों में भी जीत दर्ज की। पुरुष एकल WH1 वर्ग (जिसमें धड़ और निचले अंगों में अधिक गंभीर दिव्यांगता वाले खिलाड़ी होते हैं) में प्रेम कुमार आले ने संयुक्त अरब अमीरात के ओमैर यूनुस को 20-22, 21-9, 21-10 से हराया। WH2 वर्ग (जिसमें अपेक्षाकृत कम गंभीर दिव्यांगता वाले व्हीलचेयर खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं) में हैरिस मिथिली ने इंडोनेशिया के विविन एंड्री को 21-13, 21-17 से हराया। हालांकि अबू हुबैदा को जापान के रियो ओयामा के खिलाफ 13-21, 11-21 से हार का सामना करना पड़ा।

Related Topic:#Para Asian Games

और पढ़ें