logo

मूड

ट्रेंडिंग:

कौन हैं बांग्लादेश के नए 'तमीम इकबाल'? ऑस्ट्रेलिया में ठोका पहला टेस्ट शतक

बांग्लादेश के युवा ओपनर तंजिद हसन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डार्विन टेस्ट में शतक जड़ दिया है। वह ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर टेस्ट सेंचुरी लगाने वाले पहले बांग्लादेशी बल्लेबाज बन गए हैं।

Tanzid Hasan Century Australia vs Bangladesh

शतक लगाने के बाद जश्न मनाते तंजिद हसन, Photo Credit: @cricketcomau

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

बांग्लादेश के ओपनर तंजिद हसन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट में शतक ठोक इतिहास रच दिया है। वह ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट शतक जड़ने वाले पहले बांग्लादेशी बल्लेबाज बन गए हैं। डार्विन में खेले जा रहे इस मुकाबले के दूसरे दिन (14 अगस्त) लंच के बाद तंजिद ने नाथन लॉयन की गेंद को लॉन्ग ऑफ की ओर धकेल 188 गेंद में अपना पहला टेस्ट शतक पूरा किया। 

 

उन्होंने 100वां रन लेने के दौरान ही उछलकर हवा में मुक्का लहराया और फिर हेलमेट निकालकर आसमान की तरफ देखा। इसके बाद उन्होंने हेलमेट को चूमा और राहत भरी सांस लेने के बाद दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया। 25 साल के इस बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज ने इसी साल मई में पाकिस्तान के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था, जिसमें वह दोनों पारियों में 30 रन ही जोड़ पाए थे। 

 

तंजिद ने टेस्ट करियर की साधारण शुरुआत की निराशा को पीछे छोड़ते हुए डार्विन में शतक जड़ बता दिया है कि वह आने वाले समय में बांग्लादेशी क्रिकेट के सुपरस्टार क्यों कहे जा रहे हैं।

 

यह भी पढ़ें: एयरपोर्ट पर थे आकिब, अचानक आई बुमराह की रिप्लेसमेंट वाली कॉल और बदल गई जिंदगी

कौन हैं तंजिद हसन?

साल 2000 में 1 दिसंबर के रोज बोगरा में जन्मे तंजिद की तुलना बांग्लादेश के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज तमीम इकबाल से की जाती है। उनका पूरा नाम तंजिद हसन तमीम है। घर में उन्हें तमीम नाम से ही बुलाया जाता है। तंजिद भले ही यह साफ कर चुके हैं कि उनका नाम तमीम इकबाल के नाम पर नहीं रखा गया है लेकिन बैटिंग शैली इस पूर्व ओपनर जैसी ही है।   

 

एशिया कप 2023 के दौरान अपने वनडे करियर की शुरुआत करने वाले तंजिद ने उसी साल वनडे वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ 43 गेंद में 51 रन की पारी खेली थी, जिसमें 5 चौके और 3 छक्के शामिल थे। यह उनके वनडे इंरनेशनल करियर का पहला अर्धशतक था। उन्होंने लिटन दास के साथ मिलकर बांग्लादेश को मजबूत शुरुआत दिलाई थी। वह अब तक 40 ODI मैचों में 101.35 के स्ट्राइक रेट से 1044 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 1 शतक और 9 अर्धशतक निकले हैं। तंजिद ने 53 टी20I मैचों में 13 अर्धशतकों की मदद से 1331 रन बनाए हैं।

 

यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर पहली बार... बांग्लादेश ने रच दिया इतिहास, कंगारू हलकान

तंजिद के शतक से बांग्लादेश मजबूत

डार्विन में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी महज 198 रन पर समेट दी थी। इसके बाद बांग्लादेश ने दिन का खेल खत्म होने तक 1 विकेट के नुकसान पर 96 रन बना लिए। तंजिद 32, जबकि मोमिनुल हक 35 रन बनाकर नाबाद लौटे। दूसरे दिन दोनों ने बांग्लादेश की पारी आगे बढ़ाई और शतकीय साझेदारी पूरी की। मोमिनुल 49 रन बनाकर मिचेल स्टार्क का शिकार बने। तंजिद क्रीज पर जमे रहे और कप्तान नजमुल हुसैन शांटो के साथ मिलकर बांग्लादेश को बढ़त दिला दी। 

 

तंजिद शतक जड़ने के तुरंत बाद लायन की गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर कैच थमा बैठे लेकिन उन्होंने अपना काम बखूबी पूरा किया। वह 101 रन बनाकर पवेलियन लौटे। टी-ब्रेक तक बांग्लादेश का स्कोर 286/3 है। उसने 88 रन की बढ़त हासिल कर ली है। कप्तान शांटो 79 रन बनाकर खेल रहे हैं। उनके साथ क्रीज पर अनुभवी मुशफिकुर रहीम हैं, जिन्होंने 26 रन बनाए हैं।


और पढ़ें