ऑस्ट्रेलियन ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पीवी सिंधु को हार का सामना करना पड़ा है। इस हार के साथ ही सिंधु का खिताबी सूखा खत्म करने का सपना चकनाचूर हो गया है। डबल ओलंपिक मेडलिस्ट सिंधु को ऑस्ट्रेलियन ओपन में तीसरी वरीयता मिली थी लेकिन उनके सामने टॉप सीड जापान की अकाने यामागुची की चुनौती थी, जिनसे वह पार पा नहीं सकीं और उनका BWF खिताब का इंतजार बरकरार रहा।
पहले गेम में हुई कड़ी टक्कर
पूर्व वर्ल्ड नंबर-1 सिंधु ने यामागुची को पहले गेम में कड़ी टक्कर दी लेकिन वह 43 मिनट तक चले मुकाबले में दुनिया की तीसरे नंबर की खिलाड़ी से 20-22, 12-21 से हार गईं। सिंधु के बाहर होने के साथ ही इस BWF वर्ल्ड टूर सुपर 500 टूर्नामेंट में भारत का अभियान भी समाप्त हो गया।
यह भी पढ़ें: बांग्लादेशी क्रिकेटर को पुलिस ने बीच सड़क पीटा, BCB ने की निष्पक्ष जांच की मांग
सिंधु ने पहले गेम में यामागुची के हर शॉट का डटकर सामना किया। दोनों खिलाड़ियों ने लगातार छह-छह अंक हासिल किए लेकिन सिंधु अपने गेम प्वाइंट को अंक में बदलने में नाकाम रहीं। यामागुची ने संयम बनाए रखते हुए पहला गेम जीत लिया।
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आकाश दीप बनने जा रहे दूल्हा, ऐसा है वेडिंग शेड्यूल
दूसरे गेम में यामागुची की एकतरफा जीत
दूसरे गेम में यामागुची ने आक्रामक तेवर दिखाए और लगातार आठ अंक बनाकर 13-6 की बढ़त बना ली और पूरे गेम में अपना दबदबा बनाए रखते हुए आसानी से मैच जीत लिया। अब यामागुची विमेंस सिंगल्स के खिताबी मुकाबले में थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग से भिड़ेगी। सिंधु का इस हार के साथ यामागुची के खिलाफ हालिया संघर्ष जारी रहा। हालांकि जीत के रिकॉर्ड में भारतीय खिलाड़ी अब भी 15-13 से आगे हैं लेकिन पिछले छह मुकाबलों में से पांच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा है।
दिसंबर 2024 में सैयद मोदी इंटरनेशनल में जीत के बाद से सिंधु BWF टूर का खिताब नहीं जीत पाई हैं। इस सीजन में सिंधु का यह दूसरा सेमीफाइनल था। इससे पहले वह मलेशिया ओपन के सेमीफाइनल तक पहुंची थीं, जिसमें उन्हें चीन की वांग झियी से हार का सामना करना पड़ा था। वह इस सीजन में तीन बार क्वार्टर-फाइनल में भी पहुंची हैं।