बांग्लादेश से हैरान कर देने वाली खबर आ रही है। बांग्लादेश के लिए 14 टेस्ट मैच खेल चुके क्रिकेटर नईम हसन को चटगांव पुलिस ने बेवजह पीट दिया है। नईम ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार (12 जून) रात जब वह एयरपोर्ट से घर लौट रहे थे, तब पुलिस ने उन्हें रोक लिया और मार-मारकर उनका बुरा हाल कर दिया। नईम इस महीने जिम्बाब्वे दौरे पर जाने वाली बांग्लादेशी टीम में चुन गए हैं।
नईम दिन में 'ढाका प्रीमियर डिवीजन क्रिकेट लीग' मैच के लिए अपनी 'टीम प्राइम बैंक क्रिकेट क्लब' के साथ सावर (ढाका के पास) में थे। मैच खत्म होने के बाद वह देर रात फ्लाइट से चटगांव पहुंचे। इसेक बाद वह CNG ऑटो-रिक्शा से घर जा रहे थे, तभी शहर के लालखान बाजार इलाके के पास पुलिस ने उन्हें रोक लिया और मारपीट की। वहां मौजूद लोगों ने पुलिस को बताया कि वह नेशनल क्रिकेटर हैं लेकिन पुलिस ने एक नहीं सुनी।
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया के तेज गेंदबाज आकाश दीप बनने जा रहे दूल्हा, ऐसा है वेडिंग शेड्यूल
पुलिस ने गला पकड़कर ऑटो-रिक्शा में बैठाया - नईम
नईम ने बताया कि अफसरों का रवैया आक्रामक था। उन्हें पुलिस के गुस्से की वजह पता नहीं थी। उन्होंने कहा कि पुलिसवालों ने उनका गला पकड़ा और उन्हें दूसरे ऑटो-रिक्शा में धकेलकर बैठाया और पुलिस स्टेशन ले गए। नईम ने चटगांव में रिपोर्टर्स को बताया, 'मैंने उन्हें बार-बार बताया कि मैं कौन हूं लेकिन उन्होंने मेरी बात नहीं सुनी। पुलिस ने मुझे डंडों और प्लास्टिक पाइप से बेरहमी से पीटा। बाद में जब मैंने पुलिस स्टेशन में अपनी पहचान बताई, तो ऑफिसर-इन-चार्ज ने मुझसे कहा कि बात करते समय अपनी आंखें नीचे रखो।'
नईम ने आगे कहा, 'अगर वे वाकई पुलिस ऑफिसर थे, तो उन्होंने मुझे पुलिस की गाड़ी के बजाय CNG में बैठाने की कोशिश क्यों की? मैं पूरी घटना की निष्पक्ष जांच और न्याय चाहता हूं।'
यह भी पढ़ें: FIFA वर्ल्ड कप में अमेरिका की सबसे बड़ी जीत, पराग्वे को 4-1 से धोया
BCB ने की सख्त कार्रवाई की मांग
नईम के साथ हुई मारपीट को बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष और पूर्व क्रिकेटर तमीम इकबाल ने अनुचित बताया है। वहीं मुशफिकुर रहीम ने सोशल मीडिया पर लिखा कि नईम के साथ जो कुछ भी हुआ, वह अस्वीकार्य है। BCB ने बयान जारी कर घटना पर चिंता जताई है। बोर्ड ने इस मामले को बेहद गंभीर बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।