logo

मूड

ट्रेंडिंग:

ऑस्ट्रेलियन ओपन बैडमिंटन: सिंधु का विजयी आगाज, तन्वी शर्मा ने किया उलटफेर

भारत की दिग्गज शटलर पीवी सिंधु ने ऑस्ट्रेलियन ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के रॉउंड ऑफ 16 में जगह बना ली है। तन्वी शर्मा भी उलटफेर करने में सफल हो गई हैं।

PV Sindhu Badminton

पीवी सिंधु, Photo Credit: BAI Media/X

डबल ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु ने पेरू की खिलाड़ी को हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया है। सिंधु की अगुआई में भारतीय महिला खिलाड़ियों ने बुधवार (10 जून) को प्रभावी प्रदर्शन किया। तन्वी शर्मा भी उलटफेर करने में सफल रहीं। 

 

तीसरी सीड सिंधु, तन्वी, मालविका बंसोड, ईशारानी बरुआ और तान्या हेमंत सभी ने राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई। हालांकि भारतीय मेंस सिंगल्स खिलाड़ियों के लिए बुधवार का दिन खराब रहा। किरण जॉर्ज, थारुन मान्नेपल्ली और क्वालिफायर सनीथ दयानंद पहले राउंड में हार के साथ कम्पटीशन से बाहर हो गए।

 

यह भी पढ़ें: विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का फॉर्मेट क्या है, प्राइज मनी कितनी है? पूरी डिटेल

अब सिंधु और ईशारानी के बीच टक्कर

सिंधु ने विमेंस सिंगल्स के पहले राउंड के एकतरफा मुकाबले में पेरू की इनेस लूसिया कास्टिलो सालाजार को सीधे गेम में सिर्फ 32 मिनट में 21-13, 21-11 से हराया। सिंधु अगले राउंड में हमवनत ईशारानी से भिड़ेंगी, जिन्होंने एक घंटा तीन मिनट चले कड़े मुकाबले में चीन की हान कियान को 22-20, 10-21, 21-14 से शिकस्त दी। 

 

दिन का सबसे बड़ा उलटफेर 17 साल की तन्वी ने किया, जिन्होंने पांचवीं सीड और दुनिया की 11वें नंबर की खिलाड़ी चीनी ताइपे की च्यु पिन चियान को 45 मिनट में 21-12, 22-20 से शिकस्त दी। दुनिया की 36वें नंबर की खिलाड़ी तन्वी अगले राउंड में साथी भारतीय खिलाड़ी मालविका से भिड़ेंगी। मालविका ने पहला गेम गंवाने के बाद वापसी करते हुए थाईलैंड की तोंरुंग सेहेंग को 15-21, 21-7, 21-13 से हराकर राउंड ऑफ 16 में पहुंची हैं।

 

तान्या ने अमेरिका की इशिका जायसवाल को 39 मिनट में 21-17, 21-18 से हराया। वह अगले राउंड में थाईलैंड की दूसरी सीड और दुनिया की आठवें नंबर की खिलाड़ी पोर्नपावी चोचुवोंग से भिड़ेंगी।

 

यह भी पढ़ें: 'पाक में खेल लिए तो भारत में किस बात का डर?' लिटन दास ने खोली बांग्लादेश की पोल

मिक्स्ड डबल्स में भी मिली जीत

मेंस सिंगल्स में किरण को कड़े मुकाबले में मलेशिया के जस्टिन हो के खिलाफ एक घंटा दो मिनट में 19-21, 21-14, 15-21 से हार का सामना करना पड़ा। क्वालिफायर दयानंद भी चीन के हू झिआन के खिलाफ सिर्फ 35 मिनट में 8-21, 10-21 की हार के साथ प्रतियोगिता से बाहर हो गए। थारुन उलटफेर करने के करीब पहुंचे लेकिन आखिर में उन्हें दूसरी सीड और दुनिया के 10वें नंबर के खिलाड़ी चीनी ताइपे के लिन चुन यी के खिलाफ एक घंटा 20 मिनट में 21-18, 13-21, 23-25 से शिकस्त झेलनी पड़ी।  

 

मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव रावत और मनीषा के ने लिन जेडन और विक्टोरिया जोनाडी की ऑस्ट्रेलिया की जोड़ी को 27 मिनट में 21-13, 21-14 से हराकर दूसरे राउंड में प्रवेश किया। मोहित जगलान और लक्षिता जगलान को हालांकि गुओ शिन वा और चेन फेंग हुइ की चीन की दूसरी सीड जोड़ी के खिलाफ सिर्फ 20 मिनट में 6-21, 5-21 से शिकस्त झेलनी पड़ी।

Related Topic:#PV Sindhu#Badminton

और पढ़ें