इंग्लैंड टेस्ट टीम के कप्तान बेन स्टोक्स विवादों में फंस गए हैं, जिससे उनकी कप्तानी खतरे में आ गई है। इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) उन्हें टेस्ट टीम से भी ड्रॉप करने वाला है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक नाइटक्लब कांड में स्टोक्स का नाम आने के बाद ECB ने उन पर कड़ा ऐक्शन लेने का फैसला किया है। उनके साथ-साथ गस एटकिंसन भी जांच के दायरे में हैं।
लॉर्ड्स टेस्ट में न्यूजीलैंड के खिलाफ 115 रन की जीत के बाद स्टोक्स और एटकिंसन सोमवार (8 जून) तड़के एक नाइटक्लब पहुंचे थे, जहां उनकी एक रग्बी खिलाड़ी के साथ मारपीट हो गई। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है लेकिन टीम प्रोटोकॉल उल्लंघन के आरोप में स्टोक्स और एटकिंसन के खिलाफ ECB ने जांच शुरू कर दी है। ECB ने कहा है कि इस मामले में और जानकारी जुटाई जा रही है। दूसरे टेस्ट के लिए टीम ऐलान समय आने पर किया जाएगा।
ओवल में यह टेस्ट मैच 17 जून से खेला जाना है, जिसमें स्टोक्स और एटकिंसन का खेलना बेहद मुश्किल माना जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्टोक्स को कप्तानी से निकाला जा सकता है।
यह भी पढ़ें: ऐक्शन में वैभव सूर्यवंशी, कहां दिखेगा इंडिया-ए बनाम श्रीलंका-ए का मैच?
नाइटक्लब में क्या हुआ था?
स्टोक्स न्यूजीलैंड के खिलाफ मिली जीत और अपने जन्मदिन की पार्टी करने लंदन के एक नाइटक्लब में पहुंचे थे। उनके साथ एटकिंसन भी थे। वहीं घटना में शामिल रग्बी खिलाड़ी अपने सीजन के अंत का जश्न मनाने पहुंचा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विवाद की शुरुआत एटकिंसन और रग्बी खिलाड़ी के बीच बहस से हुई। मामला हाथापाई तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि पहले रग्बी खिलाड़ी ने एटकिंसन को घूसा मारा। इसके बाद स्टोक्स भी झगड़े में शामिल हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद ECB ने मामले को आगे की जांच के लिए क्रिकेट रेगुलेटर के पास भेज दिया है।
यह भी पढ़ें: इंग्लैंड ने बदली टी20 की टाइमिंग, अब कितने बजे से खेले जाएंगे मैच?
इंग्लैंड क्यों लेगा इतना बड़ा ऐक्शन?
ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एशेज सीरीज के दौरान इंग्लैंड के खिलाड़ी गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार करते नजर आए थे। टेस्ट सीरीज के बीच नूसा में कुछ इंग्लिश खिलाड़ियों ने जमकर शराब पी थी। बेन डकेट का नशे में एक वीडियो वायरल हुआ था। वहीं हैरी ब्रूक पर देर रात एक बाउंसर से जुड़ी घटना में जुर्माना और फटकार लगाई गई थी। साथ ही जैकब बेथेल को भी उनके व्यवहार के लिए चेतावनी दी गई थी। खिलाड़ियों के खराब रवैये को देखते हुए ECB ने टीम के लिए 'मिडनाइट कर्फ्यू' (आधी रात के बाद बाहर न जाने का नियम) लागू किया। स्टोक्स ने इसी प्रोटोकॉल को तोड़ा है, जिससे उनकी कप्तानी पर बन आई है।
स्टोक्स का विवादों से पुराना नाता रहा है। वह 2017 में ब्रिस्टल में एक वनडे मैच के बाद देर रात स्ट्रीट-फाइट में शामिल थे। उन्हें मारपीट के आरोप से बरी कर दिया गया था लेकिन ECB ने खेल को बदनाम करने के लिए उन पर जुर्माना और बैन लगाया था।