भुवनेश्वर कुमार की टीम इंडिया में वापसी हो गई है। उन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में चुना गया है। भुवनेश्वर 4 साल के लंबे अंतराल के बाद नेशनल टीम में सेलेक्ट हुए हैं। 36 साल के इस स्विंग गेंदबाज ने टीम इंडिया की जर्सी में आखिरी मैच नवंबर 2022 में न्यूजीलैंड में ही खेला था। उन्होंने नेपियर में खेले गए उस मुकाबले में 4 ओवर डाले थे और बिना कोई विकेट लिए 35 रन खर्चे थे। इसके बाद उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
भुवनेश्वर ने टीम इंडिया में अपनी जगह गंवाने के बाद घरेलू क्रिकेट और इंडियन प्रीमियर लीग (
IPL
) में खूब पसीना बहाया और विकेटों की झड़ी लगाकर वापसी का दरवाजा खटखटाया लेकिन उन्हें मौका नहीं मिला। उन्होंने IPL 2025 में 17 विकेट लेकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (
RCB
) की पहली खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई थी। लगा कि अब उनकी तरफ सेलेक्टर्स का ध्यान जाएगा लेकिन उनके नाम पर विचार तक नहीं किया गया।
दाएं हाथ के इस अनुभवी पेसर ने हार नहीं मानी और IPL 2026 में धारदार गेंदबाजी करते हुए 16 मैचों में 7.95 की इकॉनमी से 28 विकेट झटक लिए, जो किसी एक IPL सीजन में उनका बेस्ट बॉलिंग प्रदर्शन रहा। इसके बाद भी उनकी ओर नहीं देखा गया। फैंस को उम्मीदें थीं कि आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भुवनेश्वर को चुना जाएगा लेकिन उनका नाम नहीं आया। उन्हें जिम्बाब्वे और अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के अलावा एशियन गेम्स के लिए भी नजरअंदाज कर दिया गया। फिर अचानक उनकी न्यूजीलैंड दौरे के लिए कैसे एंट्री हो गई? असली वजह समझिए।
यह भी पढ़ें: फील्डिंग कोच बदल गए लेकिन कैचिंग में नहीं आया सुधार, कब संभलेगी टीम इंडिया?
टी20 सेटअप में कैसे आए भुवनेश्वर?
भारतीय टीम का फोकस 2027 वनडे वर्ल्ड कप पर शिफ्ट हो गया है। अब
जसप्रीत बुमराह
शायद ही टी20 टीम के साथ ट्रैवल करते दिखेंगे। मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा भी वनडे सेटअप का हिस्सा हैं, जिससे उन्हें फिलहाल टी20 टीम से दूर रखा गया है। ऐसे में न्यूजीलैंड में पेस अटैक की अगुवाई करने के लिए भुवनेश्वर की जरूरत पड़ी। उनके साथ अर्शदीप सिंह मोर्चा संभालेंगे।
भुवनेश्वर की हालिया फॉर्म जबरदस्त है। उन्होंने उत्तर प्रदेश टी20 लीग 2026 में लखनऊ फाल्कन्स की कप्तानी करते हुए 11 मैचों में 6.82 की इकॉनमी से 13 विकेट लिए। हालांकि न्यूजीलैंड में उनका रिकॉर्ड कुछ खास नहीं है। भुवनेश्वर ने न्यूजीलैंड में अब तक 5 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने सिर्फ 4 विकेट ही झटके हैं। इस दौरान उनकी इकॉनमी 8.42 की रही है।
यह भी पढ़ें: 'यह क्या मजाक है...' यशस्वी जायसवाल के विकेटकीपर बनने पर भड़के वसीम जाफर
न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टी20 टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा,
संजू सैमसन
(विकेटकीपर),
वैभव सूर्यवंशी
, ईशान किशन (विकेटकीपर),
तिलक वर्मा
(उप-कप्तान), अक्षर पटेल, शिवम दुबे,
नीतीश कुमार
रेड्डी, नमन धीर, प्रिंस यादव, मयंक यादव, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव