इंडियन प्रीमियर लीग 2026 (IPL 2026) के 11वें मैच में एक बड़ा रिकॉर्ड बनने की पूरी संभावना है। डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का मुकाबला पांच बार की विजेता चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होना है। इस हाई-वोल्टेज मैच में सबकी नजरें RCB के अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार पर टिकी होंगी, जो एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने से सिर्फ एक विकेट दूर हैं।
भुवनेश्वर कुमार IPL में एक बड़ा रिकॉर्ड बनाने के बिल्कुल करीब पहुंच गए हैं। उनके नाम अभी 199 विकेट हैं और बस एक विकेट लेते ही वह लीग इतिहास के पहले तेज गेंदबाज बन जाएंगे, जो 200 विकेट का आंकड़ा पार करेंगे। इतना ही नहीं, वह IPL में 200 विकेट लेने वाले दूसरे गेंदबाज भी बन जाएंगे। इस लिस्ट में फिलहाल टॉप पर युजवेंद्र चहल हैं, जिन्होंने 176 मैचों में 224 विकेट झटके हैं।
यह भी पढ़ें: राजस्थान रॉयल्स की लगातार दूसरी जीत, देशपांडे और जोफ्रा ने गुजरात से छीनी बाजी
भुवनेश्वर कुमार का IPL करियर
36 वर्षीय भुवनेश्वर कुमार ने IPL में अपने सफर की शुरुआत 2011 में पुणे वॉरियर्स इंडिया के साथ की थी। अपनी स्विंग गेंदबाजी के दम पर उन्होंने जल्द ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जगह बनाई। शुरुआती दौर में उनकी पहचान एक स्विंग गेंदबाज के रूप में थी, जो नई गेंद से बल्लेबाजों को परेशान करते थे। समय के साथ भुवनेश्वर ने अपनी गेंदबाजी में कई बदलाव किए। उन्होंने अपनी रफ्तार बढ़ाई और यॉर्कर जैसी घातक गेंदों को अपनी ताकत बनाया। 2014 में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) से जुड़ने के बाद उनके करियर ने नई ऊंचाइयां छुईं। 2014 से 2017 तक का समय उनके लिए सबसे बेहतरीन रहा जब उन्होंने लगातार शानदार प्रदर्शन किया।
IPL 2016 में हैदराबाद की खिताबी जीत में भुवनेश्वर कुमार ने अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 17 मैचों में 23 विकेट लेकर टीम को चैंपियन बनाने में योगदान दिया। उस सीजन में कप्तान डेविड वार्नर के साथ उनकी जोड़ी काफी सफल रही और फाइनल में विराट कोहली की RCB को हराया। इसी प्रदर्शन के दम पर भुवी ने 2016 और 2017 में लगातार दो बार पर्पल कैप जीतकर इतिहास रचा। पिछले सीजन में वह RCB का हिस्सा बने और टीम की पहली IPL ट्रॉफी जीत में भी अहम योगदान दिया। उन्होंने 14 मैचों में 17 विकेट अपने नाम किए।