BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप की शुरुआत 17 अगस्त से होने वाली है। इस बार यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट भारत की मेजबानी में खेला जाना है। नई दिल्ली में आयोजित हो रही यह प्रतियोगिता 23 अगस्त से चलेगी। भारत में बैडमिंटन का वर्ल्ड चैंपियनशिप का आयोजन दूसरी बार हो रहा है। इससे पहले 2009 में यह टूर्नामेंट हैदराबाद में खेला गया था। पीवी सिंधु इस चैंपियनशिप को जीतने वाली इकलौती भारतीय खिलाड़ी हैं। उन्होंने 2019 में नोजोमी ओकुहारा को हराकर खिताब जीता था।
साइना नेहवाल 2015 में फाइनल तक पहुंचने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी थीं लेकिन उन्हें कैरोलिना मारिन के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इसी तरह पीवी सिंधु 2017 और 2018 में चैंपियन बनने से चूक गई थीं लेकन उन्होंने जल्द ही खिताबी सूखे को खत्म किया। किदाम्बी श्रीकांत BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाले पहले और इकलौते भारतीय पुरुष शटलर हैं। उन्होंने 2021 में खिताब की ओर कदम बढ़ाए थे। आइए जानते हैं कि इस बार कौन-कौन भारतीय खिलाड़ी खिताब का दावेदार है।
यह भी पढ़ें: विराट कोहली और रोहित शर्मा कब लेंगे संन्यास? हरभजन सिंह ने बता दिया
पीवी सिंधु
डबल ओलंपिक पीवी सिंधु ने पिछले महीने दो साल से चले आ रहे खिताबी सूखे को खत्म किया था। वह जापान ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय बनी थीं। उन्होंने फाइनल में अकाने यामागुची की मजबूत चुनौती को ध्वस्त किया था। सिंधु को 9वीं वरीयता मिली है। सिंधु अपने अभियान की शुरुआत आयरलैंड की सोफिया नोबल के खिलाफ करेंगी। महिला सिंगल्स में सिंधु के अलावा उन्नती हुड्ड भी भारत की चुनौती पेश करेंगी। उन्हें पहले दौर में म्यांमार की थेट टार हुजार से भिड़ना है।
सात्विक-चिराग
सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने मई में सिंगापुर ओपन जीतकर इतिहास रचा था। उन्होंने फाइनल में इंडोनेशिया के फजर अल्फियन और मुहम्मद शोहिबुल फिकरी की जोड़ी को शिकस्त दी थी। सात्विक-चिराग 2022 में BWF वर्ल्ड चैंपियनशिप मेडल जीत चुके हैं। भारत की इस स्टार जोड़ी को मेंस डबल्स में पांचवीं वरीयता दी गई है। सात्विक-चिराग को पहले दौर में बाय मिला है।
लक्ष्य सेन
स्टार शटलर लक्ष्य सेन को 14वीं वरीयता दी गई है। 2021 के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट लक्ष्य को पहले दौर में ऑस्ट्रिया के कोलिन्स वेलेन्टाइन फिलमोन का सामना करना है। लक्ष्य ने पिछले साल नवंबर में ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीता था। मेंस सिंग्ल में उनके अलावा आयुष शेट्टी भी उतरेंगे। आयुष ने 2023 BWF वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था।
यह भी पढ़ें: पहले भारत और अब ऑस्ट्रेलिया... बांग्लादेश के इस अनजान गेंदबाज ने रचा इतिहास
सिमरन-कविप्रिया
विमेंस डबल्स में सिमरन सिंघी और कविप्रिया सेल्वम पर भी निगाहें रहेंगी। यह जोड़ी वर्ल्ड चैंपियनशिप में डेब्यू करने जा रही है। सिमरन-कविप्रिया वर्ल्ड रैंकिंग में 38 पर हैं। दोनों की जोड़ी सुपर 300 और सुपर 500 सर्किट में रेगुलर खेल रही है और बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं।
मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की स्टार जोड़ी से उम्मीदें हैं। उनकी अब तक की सबसे अच्छी वर्ल्ड रैंकिंग 16 रही है। यग जोड़ी वर्ल्ड चैंपियनशिप में 15वीं वरीयता के साथ उतरने वाली है।