कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG) का 23वां एडिशन 23 जुलाई से शुरू हो रहा है, जिसकी मेजबानी स्कॉटलैंड का ग्लास्गो शहर कर रहा है। इस बार के कॉमनवेल्थ गेम्स में लागत कम रखने के लिए 10 ही इवेंट रखे गए हैं। बैडमिंटन, हॉकी, रेसलिंग, शूटिंग, क्रिकेट और टेबल टेनिस जैसे खेल, जिनमें भारत मजबूत है, उन्हें बाहर कर दिया गया है। यह 1994 के बाद सबसे छोटा कॉमनवेल्थ गेम्स होगा। ग्लास्गो में सिर्फ 4 वेन्यू पर इवेंट्स होंगे, जिनमें 74 देशों के करीब 3000 खिलाड़ी मेडल के लिए जोर आजमाइश करेंगे।
भारत ने 125 खिलाड़ियों का दल भेजा है। समान्य (एबल-बॉडीड) भारतीय एथलीट्स बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, वेटलिफ्टिंग, जूडो, आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक, ट्रैक साइक्लिंग, लॉन बॉल्स और स्विमिंग में मेडल के लिए चुनौती पेश करेंगे। नेटबॉल और 3x3 बास्केटबॉल इवेंट में कोई सामन्य भारतीय एथलीट हिस्सा नहीं लेगा। भारतीय पैरा खिलाड़ी 3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल, पैरा एथलेटिक्स, पैरा पावरलिफ्टिंग, पैरा स्विमिंग और पैरा ट्रैक साइक्लिंग में मेडल जीतने के लिए उतरेंगे।
यह भी पढ़ें: CWG 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स में इस बार भारत का टॉप-5 में रहना मुश्किल क्यों है?
ओपनिंग सेरेमनी कहां होगी?
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की ओपनिंग सेरेमनी 23 जुलाई को इनडोर एरिना ओवो हाइड्रो में होगी। इसके अगले दिन से प्रतियोगिता शुरू होगी। ग्लास्गो में भारत की ध्वज और बैटन वाहक मीराबाई चानू और लवलीना बोरगोहेन हैं।
ग्लास्गो में क्यों हो रहा है CWG 2026?
आस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य में CWG 2026 होना था लेकिन बढ़ती लागत के कारण वह पीछे गट गया। कोई मेजबान नहीं मिलने के कारण कॉमनवेल्थ गेम्स का भविष्य खतरे में पड़ता दिख रहा था। ऐसे में ग्लास्गो मेजबानी के लिए आगे आया। 2014 में ही उसने कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी की थी।
ग्लास्गो में हो रहे CWG 2026 का बजट करीब 160 मिलियन पाउंड है, जो बर्मिंघम में 2022 में हुए पिछले एडिशन की तुलना में 60 फीसदी कम है।
यह भी पढ़ें: न पोस्टर दिख रहे, न शुभंकर, कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए ग्लास्गो में कैसा है माहौल?
भारत में कहां दिखेगा कॉमनवेल्थ गेम्स?
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का लाइव टेलीकास्ट सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। लाइव स्ट्रीमिंग की सुविधा सोनी लिव ऐप्प और वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी।
कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत का शेड्यूल क्या है?
आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 का सबसे प्रमुख इवेंट - एथलेटिक्स 27 जुलाई से 1 अगस्त तक आयोजित होगा। भारतीय जैवलिन स्टार नीरज चोपड़ा 1 अगस्त को मेडल के लिए दावेदारी पेश करते दिखेंगे। भारतीय एथलीट्स का शेड्यूल देखने के लिए यहां क्लिक करें।
CWG 2026 में कौन-कौन से खेल होंगे?
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में ये 10 स्पोर्ट्स इवेंट्स शामिल हैं:
- एथलेटिक्स और पैरा एथलेटिक्स
- स्वीमिंग और पैरा स्वीमिंग
- आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक्स
- ट्रैक साइक्लिंग और पैरा साइक्लिंग
- नेटबॉल
- वेटलिफ्टिंग और पैरा पावरलिफ्टिंग
- बॉक्सिंग
- जूडो
- लॉन बॉल्स और पैरा बॉल्स
- 3x3 बास्केटबॉल और 3x3 व्हीलचेयर बास्केटबॉल