23 जुलाई 2026 से स्कॉटलैंड के ग्लासगो शहर में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के खाते में पहला मेडल आ चुका है। आइए जानें कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में कितने खिलाड़ियों ने पदक जीते हैं और पदक तालिका में कौन से देश आगे है।
23 जुलाई 2026 से स्कॉटलैंड के ग्लासगो शहर में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के खाते में पहला मेडल आ चुका है। यह सफलता बिहार के पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने हासिल की है। उन्होंने 190 किलोग्राम की बेस्ट लिफ्ट के साथ 130.9 अंक हासिल कर पुरुष हेवीवेट वर्ग में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। इस बहु-खेल आयोजन में कई देशों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक अपने नाम किए हैं।
इससे पहले पुरुष और महिला लाइटवेट पैरा पावरलिफ्टिंग में भारत मेडल से चूक गया था। हालांकि, अब भारत का खाता भी खुल चुका है। ऐसे में आइए जानते हैं कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में किन-किन खिलाड़ियों ने पदक जीते हैं और पदक तालिका में कौन से देश आगे चल रहे हैं।
अभी तक ऑस्ट्रेलिया ने शानदार शुरुआत करते हुए 6 स्वर्ण, 2 रजत और 5 कांस्य समेत कुल 13 पदक जीतकर पदक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया है। इसके बाद नाइजीरिया 3 स्वर्ण और 3 रजत के साथ कुल 6 पदक जीतकर दूसरे स्थान पर है। पैरा पावरलिफ्टिंग में नाइजीरिया के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। तीसरे नंबर पर मेजबान स्कॉटलैंड है, स्कॉटलैंड के खाते में अब तक 2 स्वर्ण और 2 रजत आ चुके हैं।
इसके बाद इंग्लैंड के पास कुल 8 पदक हैं, लेकिन सिर्फ 1 स्वर्ण होने की वजह से वह चौथे स्थान पर है। बता दें कि राष्ट्रमंडल खेलों में रैंकिंग सबसे पहले स्वर्ण पदकों के आधार पर तय होती है। कनाडा, दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड, वेल्स और भारत ने भी शुरुआती मुकाबलों में पदक जीते हैं। देखें लिस्ट-
झंडू कुमार की सफलता, भारत का खुला खाता
भारत के लिए अब तक एकमात्र पदक पैरा पावरलिफ्टर झंडू कुमार ने जीता है। झंडू कुमार अपनी इस उपलब्धि के बाद बेहद भावुक नजर आए। उन्होंने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत करते हुए कहा, 'मुझे ऐसा लग रहा है जैसे मैं उड़ रहा हूं। यह मेरा पहला मेडल है। पूरे मुकाबले के दौरान मेरे दिमाग में सिर्फ एक ही बात चल रही थी कि मुझे मेडल जीतना है। बस जीतना है।' झंडू कुमार ने कहा कि यह पदक उनके लिए सिर्फ एक व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उन सभी लोगों की मेहनत का परिणाम है जिन्होंने उनके सफर में हर कदम पर उनका साथ दिया।