IPL 2026 के 18वां मैच चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच हुआ। यह मैच 11 अप्रैल को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया। इस मुकाबले में संजू के शानदार शतक ने CSK की किस्मत ही बदल दी। टीम इस सीजन में अब तक एक भी मैच नहीं जीत पाई थी लेकिन दिल्ली को 23 रन से हराकर चेन्नई ने आखिरकार अपनी पहली जीत दर्ज कर ली। दिल्ली की टीम ने इस सीजन में एक बार फिर निराश कर देने वाला प्रदर्शन किया है जिस पर फैंस का दिल टूट गया है। इससे पिछले मैच में भी दिल्ली ने ऐसा ही खराब प्रदर्शन किया था और मैच हार गए थे।
लगातार दूसरे मैच में मिली इस हार से दिल्ली कैपिटल्स के फैंस निराश हैं। पिछले मैच में गुजरात टाइटंस के खिलाफ डीसी दो गेंदों पर दो रन नहीं बना सकी थी। कल सीएसके के खिलाफ भी टीम ने कई गलतियां की। केएल राहुल ने चेन्नई के आयुष महात्रे का आसान रन आउट छोड़ दिया। इसका नुकसान टीम को यह हुआ कि आयुष ने बाद में 59 रनों की पारी खेली।
यह भी पढ़ें: IPL 2026: संजू के शतक ने बदली चेन्नई की किस्मत, CSK ने DC को 23 रन से हराया
टीम ने की कई गलतियां
पाथुम निसांका ने संजू सैमसन का कैच छोड़ दिया। जिस समय उन्होंने यह कैच छोड़ा उस समय संजू ने सिर्फ 52 रन बनाए थे लेकिन इसके बाद संजू सैमसन ने नाबाद 115 रन ठोक दिए। डेविड मिलर ने भी मुकेश कुमार की गेंद पर कैच छोड़ा। डीसी के खिलाडियों की इन गलतियों का नतीजा यह रहा कि सीएसके ने 212 रनों का विशाल स्कोर सिर्फ 2 विकेट खोकर बना दिया। इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआती दो जीतें भी विरोधियों के खराब प्रदर्शन के कारण थीं। जब विरोधी टीम अच्छा करती है तो दिल्ली की टीम उनके आगे नहीं टिक पाती।
अब तक नहीं जीते आईपीएल का खिताब
दिल्ली कैपिटल की टीम ने अब तक आईपीएल का खिताब नहीं जीता है। सीजन शुरू होने से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में कैप्टन अक्षर पटेल, हेड कोच हेमंग बदानी और डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट वेंकटेश राव मौजूद थे। जब टीम की कभी ना जीतने वाली बात पर सवाल किया गया तो मजाकिया अंदाज में कहा, 'एक बार जीत जाएं, फिर सारी शिकायतें खत्म हो जाएंगी।' अक्षर पटेल ने कहा कि टीम कभी आईपीएल न जीतने की बात पर चर्चा ही नहीं करती। अब उनके इस बयान को भी फैंस उनकी गंभीरता से जोड़कर देख रहे हैं।
यह भी पढ़ें: संजू सैमसन ने तोड़ा एमएस धोनी का रिकॉर्ड, CSK के लिए पहली सेंचुरी से रचा इतिहास
अक्षर पटेल ने बताई हार की वजह
सीएसके से मिली हार के बाद डीसी के कप्तान अक्षर पटेल काफी निराश दिखे और टीम की हार की एक बड़ी वजह खराब फिल्डिंग को बताया। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि हमने शुरुआत तो अच्छी की थी, लेकिन पावरप्ले के बाद हमने दो-तीन विकेट जल्दी गंवा दिए, जिससे मोमेंटम टूट गया। फील्डिंग में अंतर ही इस मैच का टर्निंग पॉइंट रहा।' अक्षर ने आगे कहा, 'अगर हमने वह एक-दो कैच नहीं छोड़े होते, तो नतीजा कुछ और हो सकता था। पिच में कोई बदलाव नहीं आया था बल्कि ओस के कारण गेंदबाजों के लिए चुनौती और बढ़ गई थी।'