इंडिया-ए और न्यूजीलैंड-ए के बीच 3 मैचों की अनऑफिशियल टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला लिंकन में खेला जा रहा है। 4 दिवसीय इस मुकाबले के तीसरे दिन (26 अक्टूबर) स्टंप्स तक इंडिया-ए ने अपनी दूसरी पारी में 8 विकेट के नुकसान पर 488 रन बना लिए हैं। पहली पारी में 113 पर सिमटी इंडिया-ए की वापसी देवदत्त पडिक्कल ने कराई। बाएं हाथ के इस युवा बल्लेबाज ने 248 गेंद में 24 चौके और 3 छक्कों की मदद से 199 रन की बेहतरीन पारी खेली। वह अंपायर के एक विवादित फैसले का शिकार बन दोहरा शतक से चूक गए।
इंडिया-ए की दूसरी पारी के 89वें ओवर में जैक गिब्सन की डाउन द लेग गेंद पर पडिक्कल ने शॉट खेलने का प्रयास किया लेकिन वह चूक गए। गेंद उनके बल्ले के काफी करीब से गुजरी। इसके बाद न्यूजीलैंड-ए की टीम ने 'कट बिहाइंड' की हल्की अपील की, जिस पर अंपायर ने उंगली खड़ी कर दी। पडिक्कल हैरान रह गए। उनके हाव-भाव से लग रहा था कि गेंद और बल्ले का संपर्क नहीं हुआ था।
पडिक्ल के चेहरे पर निराशा साफ देखी जा सकती थी। उनका मानना था कि अंपायर की गलती के कारण वह दोहरा शतक की दहलीज पर पहुंचकर चूक गए। अंत में उन्हें पवेलियन वापस लौटन पड़ा, क्योंकि इस मुकाबले में अंपायर के फैसले को चैलेंज करने के लिए डिसीजन रिव्यू सिस्टम की सुविधा उपलब्ध नहीं थी।
यह भी पढ़ें: IND vs NZ: तीसरा मैच भी नहीं खेल पाएंगे ईशान किशन, अब कैसी है फिटनेस?
इंडिया-ए ने बनाई 284 रन की बढ़त
न्यूजीलैंड-ए की टीम अपनी पहली पारी में 317 रन बनाकर ऑलआउट हुई थी। मेजबान टीम ने 204 रन की भारी भरकम बढ़त हासिल की। इसके बाद इंडिया-ए ने दूसरी पारी में भी
यशस्वी जायसवाल
और केएल राहुल के विकेट जल्दी गंवा दिए, जिससे लग रहा था कि उसे करारी हार झेलनी पड़ेगी लेकिन पडिक्कल ने साई सुदर्शन (91) के साथ मिलकर टीम को संकट से निकाल लिया। पडिक्कल ने इसके बाद यश राठौड़ (66) के साथ शतकीय साझेदारी कर इंडिया-ए को अच्छी स्थिति में पहुंचाया।
यह भी पढ़ें: शादाब खान ने खेली ग्लेन मैक्सवेल जैसी पारी, इंग्लैंड के जबड़े से छीन ली जीत
पडिक्कल के आउट होने के बाद निचले क्रम में वॉशिंगटन सुंदर (नाबाद 51), अंशुल कम्बोज (23) और आकिब नबी (38) ने उपयोगी पारियां खेली, जिससे टीम ने 284 रन की बढ़त हासिल कर ली है। अब मुकाबले में एक ही दिन का खेल बचा है। इंडिया-ए की टीम जीत भी सकती है। हालांकि इसके लिए उसे आखिरी दिन (27 अक्टूबर) न्यूजीलैंड के सभी विकेट चटकाने होंगे।