भारतीय घरेलू क्रिकेट का नया सीजन रविवार (23 अगस्त) से शुरू हो रहा है। इस दिन से दलीप ट्रॉफी 2026 का आगाज होगा। इस प्रितिष्ठित फर्स्ट क्लास टूर्नामेंट में युवा सनसनी
वैभव सूर्यवंशी
भी उतरने वाले हैं। टी20 क्रिकेट में धूम मचाने वाले वैभव को फर्स्ट क्लास क्रिकेट में अपने रिकॉर्ड को सुधारने का मौका मिलेगा। वह दलीप ट्रॉफी के क्वार्टर-फाइनल में ईस्ट जोन की तरफ से खेलेंगे। ईस्ट जोन का सामना नॉर्थ-ईस्ट जोन से होना है।
15 साल के वैभव ने बिहार के लिए 8 फर्स्ट क्लास मैचों की 12 पारियों 17 से अधिक के औसत से सिर्फ 207 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर 93 रन है। वैभव रेड बॉल क्रिकेट में अनुभवहीन खिलाड़ी हैं। उन्हें दलीप ट्रॉफी में सबसे कमजोर मानी जाने वाली नॉर्थ-ईस्ट की टीम के खिलाफ कुछ रन बनाने और आत्मविश्वास हासिल करने का मौका मिलेगा।
यह भी पढ़ें: विदेश में 3 साल से टेस्ट सीरीज नहीं जीती टीम इंडिया, कोलंबो में खत्म होगा सूखा?
ईस्ट जोन की टीम में कौन-कौन है?
ईस्ट जोन की टीम में कप्तान ईशान किशन, तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी, अभिमन्यु ईश्वरन, कुमार कुशाग्र, शाहबाज अहमद और मुकेश कुमार जैसे अनुभवी खिलाड़ी मौजूद हैं लेकिन हमेशा की तरह सूर्यवंशी ही सबका ध्यान अपनी तरफ खींचेंगे। ईस्ट जोन के सेलेक्शन कमिटी ने उन्हें उप-कप्तान नियुक्त किया है।
दलीप ट्रॉफी का कितना है महत्व?
कभी भारत की टीम में जगह बनाने की चाह रखने वाले खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण टूर्नामेंट रहे दलीप ट्रॉफी अब महज BCCI के कैलेंडर में एक और टूर्नामेंट बनकर रह गया है, क्योंकि अधिकतर खिलाड़ी टेस्ट टीम में जगह बनाने की दौड़ में नहीं हैं।
रणजी ट्रॉफी की तरह ही दलीप ट्रॉफी भी इंडिया-ए की टीम में जगह बनाने का जरिया रह गया है। इसमें अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी सितंबर के आखिर और अक्टूबर की शुरुआत में पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया-ए टीम के खिलाफ होने वाले 2 चार-दिवसीय 'टेस्ट' मैचों के लिए दावेदार हो सकते हैं।
श्रीलंका में 'ए' सीरीज में खेलने वाले आयुष पांडे और अमन मोखाड़े सेंट्रल जोन की तरफ से सीधे सेमीफाइनल में खेलेंगे। वह अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखकर ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ होने वाली सीरीज के लिए टीम में जगह बनाने की कोशिश करेंगे।
यह भी पढ़ें: नीरज चोपड़ा ने फेंका सीजन का अपना बेस्ट थ्रो, लुसाने डायमंड लीग में दिखाया दम
नॉर्थ जोन की टीम J&K के खिलाड़ियों की भरमार
नॉर्थ जोन के इतिहास में दिल्ली का दबदबा रहा है। वहीं जम्मू-कश्मीर का प्रतिनिधित्व हमेशा नाममात्र का रहा है लेकिन 2025-2026 की रणजी ट्रॉफी की जीत ने पूरी कहानी बदल दी है। कन्हैया वधावन जम्म-कश्मीर के पहले ऐसे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्हें सीनियर जोनल टीम की कप्तानी करने का मौका मिला है। इस टीम में उनके राज्य का सबसे अधिक प्रतिनिधित्व है। ऋतुराज गायकवाड़ के नेतृत्व वाले वेस्ट जोन के रूप में उन्हें एक मजबूत प्रतिद्वंद्वी का सामना करना पड़ेगा।
वेस्ट जोन को सरफराज खान की कमी खलेगी, जो नेशनल टीम के साथ श्रीलंका के दौरे पर हैं। रणजी फाइनल में दोहरा शतक लगाने वाले कामरान इकबाल, टॉप स्कोरर्स में से एक आयुष दोजा, यश ढुल और आयुष बदोनी जैसे खिलाड़ियों के नॉर्थ जोन की टीम में होने से मुकाबला रोमांचक होने की संभावना है। वेस्ट जोन के पास गायकवाड़ के अलावा शार्दुल ठाकुर, मुंबई की स्पिन जोड़ी तनुष कोटियान और शम्स मुलानी जैसे खिलाड़ी हैं।