दलीप ट्रॉफी 2026 का फाइनल मुकाबला चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में खेला जा रहा है। खिताबी मुकाबले में ईस्ट जोन और साउथ जोन की टीमें आमने-सामने हैं। चेपॉक में पहले तीन दिन के खेल में ईस्ट जोन ने दबदबा बनाया हुआ है। ईशान किशन की कप्तानी वाली टीम ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया और बोर्ड पर 708 रन लगा दिए। ईस्ट जोन ने पूरे दो दिन बैटिंग की। कप्तान ईशान ने 270 रन जड़े।
इससे पहले
वैभव सूर्यवंशी
(44) और अभियन्यू ईश्वरन (73) ने 100 रन की साझेदारी कर ईस्ट जोन को अच्छी शुरुआत दिलाई। फ्लैट पिच का फायदा उठाते हुए ईशान के अलावा कुमार कुशाग्र (101) और शिखर मोहन (85) ने भी बड़ी शुरुआत दिलाई। अंत में अनुकूल रॉय ने भी 45 रन का योगदान दिया, जिससे ईस्ट जोन ने विशाल स्कोर खड़ा किया।
इसके जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी साउथ जोन की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसने 10 रन पर ही ओपनर रिकी भुई का विकेट गंवा दिया। इसके बाद ईस्ट जोन ने लगातार अंतराल पर विकेट चटकाते हुए साउथ जोन की आधी टीम 174 पर समेट दी है। अभी मुकाबले में दो दिन का खेल बचा है और नतीजा ड्रॉ भी आया, तब भी ईस्ट जोन की टीम पहली पारी की बढ़त के आधार पर चैंपियन बन सकती है। ऐसे में आइए जानते हैं कि उसने कितनी बार दलीप ट्रॉफी का खिताब अपने नाम किया है।
यह भी पढ़ें: दलीप ट्रॉफी फाइनल ड्रॉ होने पर क्या होगा, पहली पारी की बढ़त के लिए क्या है नियम?
दलीप ट्रॉफी लगातार दो बार जीत चुकी है ईस्ट जोन
ईस्ट जोन की टीम अब तक दो बार दलीप ट्रॉफी का खिताब जीत चुकी है। खास बात है कि उसने बैक टू बैक सीजन में चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। ईस्ट जोन ने पहली बार 2011/12 सीजन में इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट का खिताब जीता था। इसके बाद उसने 2012/13 सीजन में टाइटल को डिफेंड किया था। अब वह 14 साल बाद दलीप ट्रॉफी जीतने की दहलीज पर खड़ी है।