हैरी केन के दूसरे हाफ में दागे दो गोल की बदौलत इंग्लैंड ने राउंड ऑफ 32 में कांगो के खिलाफ पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए 2-1 की जीत के साथ FIFA वर्ल्ड कप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की की। वर्ल्ड कप में पहला गोल खाने के बाद इंग्लैंड की यह सिर्फ दूसरी जीत है। इससे पहले उसने 1966 के फाइनल में वेस्ट जर्मनी के खिलाफ यह कारनामा किया था। अब इंग्लैंड का राउंड ऑफ 16 में मैक्सिको से सामना होगा।
इंग्लैंड को कांगो ने दी कड़ी चुनौती
कांगो ने वर्ल्ड कप इतिहास के सबसे बड़े उलटफेर में से एक करने की राह लगभग तैयार कर ली थी लेकिन हैरी केन उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया। ब्रायन सिपेंगा ने सातवें मिनट में कांगो को बढ़त दिलाई। उन्होंने बॉक्स के बाईं ओर एक क्रॉस पकड़ा और इंग्लैंड के गोलकीपर जोर्डन पिकफोर्ड को छकाते हुए गोल दाग दिया। कांगो के गोलकीपर लियोनल म्पासी ने 1-0 की बढ़त को बनाए रखने की पूरी कोशिश की। उन्होंने जूड बेलिंगहम को तीन बार गोल करने से रोका। हाफ टाइम से पहले उन्होंने दो हेडर रोके और फिर ब्रेक के बाद एक और शॉट को बचाया। हालांकि हैरी केन ने 75वें मिनट में इंग्लैंड को बराबरी दिला दी।
सबस्टिट्यूट खिलाड़ी एंथनी गॉर्डन ने बाईं ओर से क्रॉस दिया और हैरी केन का हेडर कांगो के गोलकीपर म्पासी के हाथ लगाने के बावजूद गेंद गोल में चली गई। हैरी केन ने 11 मिनट बाद एक और गोल करके कांगो की उलटफेर करने की संभावनाओं को खत्म कर दिया।
यह भी पढ़ें: सेमीफाइनल से बाहर होकर भी ओलंपिक के लिए कैसे क्वालिफाई कर गई भारतीय महिला टीम?
हारते-हारते बचा बेल्जियम
बेल्जियम ने दो गोल से पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी करते हुए सेनेगल को 3-2 से हराकर अगले राउंड में प्रवेश किया। बेल्जियम ने नियमित समय के अंतिम लम्हों में दो गोल दागकर स्कोर 2-2 किया और फिर अतिरिक्त समय में पेनल्टी पर यूरी टिलेमैन्स के गोल से जीत दर्ज की। टिलेमैन्स ने 89वें मिनट में बेल्जियम को बराबरी दिलाई और फिर अतिरिक्त समय के इंजरी टाइम में पेनल्टी पर गोल किया जो वर्ल्ड कप के इतिहास का सबसे देर से हुआ गोल रहा।
यह भी पढ़ें: मैक्सिको ने 40 साल बाद जीता वर्ल्ड कप का नॉकआउट मैच, इक्वाडोर को 2-0 से हराया
मैच खत्म होने में कुछ ही सेकेंड बचे थे और मैच पेनल्टी शूटआउट की तरफ बढ़ता नजर आ रहा था लेकिन तभी रैफरी ने वीडियो रिव्यू के बाद पेनल्टी किक देने का फैसला किया और सेनेगल का दिल टूट गया। बेल्जियम की यह जीत पिछले 11 वर्ल्ड कप में सिर्फ दूसरा मौका थी जब किसी टीम ने नॉकआउट राउंड में दो या उससे अधिक गोल से पिछड़ने के बाद अगले राउंड में जगह बनाई। बेल्जियम ने 2018 वर्ल्ड कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में जापान के खिलाफ 3-2 की जीत के दौरान भी ऐसा ही किया था।
रूस में हुए उस वर्ल्ड कप में तब तीसरे स्थान पर रही बेल्जियम की उस टीम के कई अहम खिलाड़ियों ने सेनेगल के खिलाफ जीत में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बेल्जियम के लिए सबसे अधिक गोल करने वाले स्ट्राइकर रोमेलु लुकाकू सबस्टिट्यूट खिलाड़ी के तौर पर उतरे और 86वें मिनट में गोल करके बेल्जियम की वापसी की उम्मीद जगाई। तीन मिनट बाद टिलेमैन्स ने बेल्जियम के लिए एक और गोल करके मैच को अतिरिक्त समय में खींचा और फिर पेनल्टी पर गोल करके अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की।
अमेरिका से भिड़ेगा बेल्जियम
बेल्जियम पिछले चार टूर्नामेंट में तीसरी बार प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचा है। टीम 2014 में क्वार्टर फाइनल और 2018 में सेमीफाइनल तक पहुंची थी लेकिन चार साल पहले कतर में ग्रुप स्टेज से आगे नहीं बढ़ पाई थी। बेल्जियम का अगला मुकाबला सोमवार को सिएटल में अमेरिका से होगा। टूर्नामेंट की सह-मेजबान अमेरिकी टीम ने बोस्निया और हर्जेगोविना को 2-0 से हराकर राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई है।