FIFA वर्ल्ड कप 2026 की सह-मेजबान मैक्सिको की टीम ने राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली है। जूलियन क्विनोन्स और राउल जिमेनेज ने पहले हाफ में 9 मिनट के अंतराल में गोल किए, जिससे मैक्सिको ने राउंड ऑफ 32 में इक्वाडोर को 2-0 से मात दी। वर्ल्ड कप नॉकआउट में यह मैक्सिको की 40 साल बाद पहली जीत रही। क्विनोनेस ने 22वें मिनट में मैक्सिको के लिए पहला गोल किया, जबकि जिमेनेज ने 31वें मिनट में उसकी बढ़त दोगुनी की।
मैक्सिको की टीम 1986 में वर्ल्ड कप की मेजबानी करते हुए राउंड ऑफ 16 में बुल्गारिया को हराने के बाद से नॉकआउट स्टेज में कोई मैच नहीं जीता पाई थी। मैक्सिको को 1994, 1998, 2002, 2006, 2010, 2014 और 2018 के वर्ल्ड कप में अंतिम-16 में लगातार सात बार हार का सामना करना पड़ा था। वह कतर में 2022 में खेले गए वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज से ही बाहर हो गया था। मैक्सिको रविवार को अपने घरेलू मैदान पर इंग्लैंड और कांगो के बीच आज (1 जुलाई) होने वाले मैच के विजेता का सामना करेगा।
यह भी पढ़ें: किलिएन एमबापे ने तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड, राउंड ऑफ 16 में पहुंचा फ्रांस
क्विनोनेस इस मामले में बने नंबर-2
क्विनोनेस ने इस टूर्नामेंट में अपना तीसरा गोल किया और अब वह वर्ल्ड कप इतिहास में मैक्सिको की तरफ से सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनसे आगे लुई हर्नांडेज और जेवियर हर्नांडेज हैं, जिन्होंने चार-चार गोल किए हैं। जिमेनेज ने टूर्नामेंट का अपना दूसरा गोल किया और उन्होंने नेशनल टीम के लिए 47 गोल करके जेरेड बोर्गेटी को पीछे छोड़ा। वह अब मैक्सिको के लिए सर्वाधिक गोल करने के मामले में जेवियर हर्नांडेज की बराबरी करने से सिर्फ 5 गोल दूर हैं।
प्रतिष्ठित एज्टेका स्टेडियम में मैक्सिको की टीम ने 10 वर्ल्ड कप मैचों में अजेय रहने का रिकॉर्ड बनाया है। इस मैदान पर मैक्सिको को केवल दो हार का सामना करना पड़ा है। इनमें से आखिरी हार उसे छह सितंबर, 2013 को होंडुरास के खिलाफ वर्ल्ड कप क्वालिफाइंग मैच में मिली थी।
यह भी पढ़ें: ओलंपिक क्वालीफायर अलर्ट! एशिया में नंबर-1 नहीं रहा भारत तो क्या होगा नुकसान?
इक्वाडोर का सपना टूटा
इक्वाडोर अपने इतिहास में दूसरी बार और जर्मनी में 2006 में खेले गए वर्ल्ड कप के बाद पहली बार राउंड ऑफ 16 में पहुंचने की कोशिश कर रहा था। आंधी-तूफान के कारण मैच निर्धारित समय से एक घंटे देरी से शुरू हुआ। मौसम से प्रभावित होने वाला यह टूर्नामेंट का दूसरा मैच था। फ्रांस और इराक के बीच 22 जून को फिलाडेल्फिया में खेले गए मैच के दौरान तूफान के कारण पहले हाफ के आखिर में दो घंटे 11 मिनट तक खेल नहीं हो पाया था।