भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। इस टूर्नामेंट का फाइनल मैच 8 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया। भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल मैच 96 रन से जीता। हालांकि, मैच में कई टर्निंग पॉइंट भी आए, जिससे दर्शक उत्साहित रहे।
इस मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग करने का फैसला किया। लेकिन यह फैसला भारत के पक्ष में गया। पहले बैटिंग करते हुए भारत ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 255 रन बनाए और न्यूजीलैंड को पहाड़ जैसा बड़ा टारगेट दिया। टारगेट का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी रही। लेकिन बाद में कीवी खिलाड़ी गिरते विकेटों को रोकने में नाकाम रहे। न्यूजीलैंड 20 ओवर भी नहीं खेल सका और 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑलआउट हो गया।
यह भी पढ़ें: अहमदाबाद, संडे, टाइटल डिफेंड नहीं हुआ... आज सभी मिथक टूटे, चैंपियन बना भारत
लॉकी फर्ग्यूसन की जमकर कुटाई हुई
लॉकी फर्ग्यूसन को भारत की पारी के दौरान सिर्फ दो ओवर करने को मिले। लेकिन दोनों ही काफी महंगे साबित हुए। लॉकी फर्ग्यूसन ने भारत का चौथा ओवर फेंका, उस ओवर में संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने 24 रन बनाए। फर्ग्यूसन ने 12वां ओवर भी फेंका लेकिन संजू सैमसन और इशान किशन ने उनकी खूब धुनाई की और उस ओवर में भी 24 रन बना दिए।
शिवम दुबे ने 8 गेंदों में किया कमाल
15वें ओवर के बाद टीम का स्कोर एक विकेट पर 203 रन था। ऐसा लग रहा था कि टीम 280 तक पहुंच सकती है। लेकिन, 16वें ओवर में तीन विकेट गिर गए, जिससे टीम का रन रेट धीमा हो गया। हालांकि, शिवम दुबे ने आखिरी ओवर में दो छक्के और तीन चौके लगाकर 24 रन बनाए। उस पारी में उन्होंने सिर्फ आठ गेंदों पर 26 रन बनाए, जिससे भारतीय टीम का स्कोर 20 ओवर में पांच विकेट पर 255 रन हो गया।
यह भी पढ़ें: ...तो फाइनल हार जाएगी टीम इंडिया? टी20 वर्ल्ड कप से जुड़े हैं ये अजीब संयोग
विफल रहे न्यूजीलैंड के सलामी बल्लेबाज
न्यूजीलैंड की ओपनिंग जोड़ी ने पहले दो ओवर में 25 रन बनाए। हालांकि, तीसरे ओवर में अक्षर पटेल ने फिन एलन का विकेट लिया। इसके बाद न्यूजीलैंड ने लगातार ओवर में दो विकेट गंवा दिए। जसप्रीत बुमराह ने इस मैच में अहम मौके पर विकेट लिए, उन्होंने अपने स्पेल में चार विकेट लिए। न्यूजीलैंड की पारी के दौरान भारतीय गेंदबाजों ने उन्हें बड़ी पार्टनरशिप बनाने से रोका। सिर्फ डेरिल मिचेल और मिचेल सेंटनर ही 52 रन की पार्टनरशिप कर पाए।