ईरान FIFA वर्ल्ड कप 2026 में अजेय है लेकिन उसे अभी भी पहली जीत का इंतजार है। वह ग्रुप-G में है। ईरान ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना पहला मुकाबला 2-2 से ड्रॉ खेला था। इसके बाद उसने बेल्जियम को भी गोलरहित मुकाबले में ड्रॉ पर रोक दिया। ईरान का अगला मुकाबला मिस्त्र से है, जो ग्रुप-G का टॉपर है। ईरान यह मुकाबला जीत जाता है तो राउंड ऑफ 32 के लिए क्वालिफाई कर जाएगा। अगर वह हार जाता है तो उसकी राह मुश्किल हो जाएगा। यह मुकाबला भी ड्रॉ खेलने पर उसके पास नंबर-3 पर रहते हुए नॉकआउट राउंड में जाने का मौका रहेगा।
साउथ कोरिया और जापान भी अगले राउंड के करीब
साउथ कोरिया ने चेक रिपब्लिक को 2-1 से हराकर बेहतरीन शुरुआत की थी लेकिन अगले मैच में उसे सह-मेजबान मैक्सिको से 1-0 से हार का सामना करना पड़ा। उसका अगला मैच साउथ अफ्रीका से है। इस मुकाबले में साउथ कोरिया हार भी जाता है, तब भी उसकी उम्मीदें जीवित रहेंगी। जापान का भी यही हाल है। उसने नीदरलैंड्स को 2-2 से ड्रॉ पर रोकने के बाद ट्यूनीशिया को 4-0 से रौंद दिया था। अब उसकी भिड़ंत स्वीडेन से होनी है। इस मुकाबले में जीत जापान को राउंड ऑफ 32 में पहुंचा देगी।
यह भी पढ़ें: FIFA World Cup: कोलंबिया नॉकआउट में पहुंचा, अब तक किन टीमों ने किया क्वालिफाई?
ऑस्ट्रेलिया को मिली जीत के बाद हार
ऑस्ट्रेलिया ने अपने से ऊंची रैंकिंग वाली तुर्की को 2-0 से हराकर बेहतरीन आगाज किया था। एशियन फुटबॉल कन्फेडरेशन के अंतर्गत आने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम की इसके बाद सह-मेजबान अमेरिका से टक्कर हुई। अमेरिका ने इस मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया को 2-0 से मात देकर उसकी राह मुश्किल कर दी। अब नॉकआउट राउंड में जाने के लिए ऑस्ट्रेलिया को पराग्वे से वर्चुअल नॉकआउट मुकाबले में भिड़ना है।
ये टीमें बाहर होने की कगार पर
पिछले वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना को हराकर सनसनी मचाने वाली सऊदी अरब की टीम अब तक जीत का खाता नहीं खोल पाई है। उसे इस टूर्नामेंट में उरुग्वे से 1-1 से ड्रॉ खेलने के बाद स्पेन के हाथों 4-0 से करारी हार का सामना करना पड़ा। उसका आखिरी लीग स्टेज मैच कोप वर्डे से है, जिसने स्पेन और उरुग्वे को ड्रॉ पर रोक सुर्खियां बटोरी हैं। अगर सऊदी अरब इस मुकाबले में कोप वर्डे को नहीं हरा पाता है तो उसका बोरिया बिस्तर बंध जाएगा।
2022 में वर्ल्ड कप की मेजबान कतर ने स्विट्जरलैंड को 1-1 की बराबरी पर रोक अच्छी शुरुआत तो की थी लेकिन कनाडा ने उसे 6-0 से रौंद टूर्नामेंट से लगभग बाहर कर दिया है। कतर को अपनी उम्मीदें जिंदा रखने के लिए बोस्निया और हर्जेगोविना के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
यह भी पढ़ें: एक मैच में चले रोनाल्डो और बदल गया FIFA वर्ल्ड कप का इतिहास, बने ये रिकॉर्ड
इराक-जॉर्डन और उज्बेकिस्तान सभी मैच हारे
जॉर्डन अपने दोनों शुरुआती मुकाबले हारकर FIFA वर्ल्ड कप से बाहर हो चुका है। इराक और उज्बेकिस्तान ने भी अपने दोनों मुकाबले गंवा दिए हैं लेकिन उनकी उम्मीदें बची हुई हैं। ऐसे इसलिए, क्योंकि उनके पास अपने-अपने ग्रुप में नंबर-3 पर फिनिश करने का मौका है। इराक का आखिरी मैच सेनेगल से है, जबकि उज्बेकिस्तान का मुकाबला कांगो से है।