क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने FIFA वर्ल्ड कप 2026 में मंगलवार (23 जून) को उज्बेकिस्तान के खिलाफ बेहतरीन प्रदर्शन किया। 41 साल के इस स्टार स्ट्राइकर ने दो गोल पुर्तगाल को 5-0 से बड़ी जीत दिलाई। इस टूर्नामेंट में पुर्तगाल के पहले मैच में रोनाल्डो अच्छा नहीं खेल पाए थे। पुर्तगाल को कांगो के खिलाफ 1-1 के ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। इसके बाद रोनाल्डो की काफी आलोचना हुई थी। लोग उन्हें शुरुआती लाइनअप में रखने पर सवाल उठा रहे थे।
उज्बेकिस्तान के खिलाफ रोनाल्डो ने छठे मिनट में ही गोल कर अपने आलोचकों को करारा जवाब दिया। उन्होंने जोआओ कैंसिलो के क्रॉस पर एक बेहतरीन शॉट मारकर गोल किया। इसके बाद रोनाल्डो ने 39वें मिनट में ब्रूनो फर्नांडीस के बेहतरीन पास पर गोल दागा। हाफ टाइम से पहले अगर उज्बेकिस्तान के अब्दुकोदिर खुसानोव ने गोललाइन के बिल्कुल पास से गेंद को नहीं रोका होता तो रोनाल्डो अपनी हैट्रिक भी पूरी कर लेते।
यह भी पढ़ें: बार्सिलोना या रियाल मैड्रिड, किस क्लब ने सबसे ज्यादा वर्ल्ड कप विनर्स दिए हैं?
रोनाल्डो ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी
FIFA वर्ल्ड कप में रोनाल्डो के 10 गोल हो गए हैं। ये गोल उन्होंने 6 वर्ल्ड कप में किए हैं। ऐसा करने वाले वह दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले उन्होंने 2022 में 5 अलग-अलग वर्ल्ड कप में गोल करने का रिकॉर्ड बनाया था, जिसकी अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी ने हाल ही में बराबरी की थी। उज्बेकिस्तान के खिलाफ पहला गोल दाग रोनाल्डो ने मेसी को पीछे छोड़ दिया। वह 41 साल 138 दिन की उम्र में फुटबॉल के महाकुंभ में दूसरे सबसे उम्रदराज गोल स्कोरर भी बने। इस मामले में उनसे आगे सिर्फ कैमरून के रोजर मिला हैं। रोजर मिला ने 1994 में रूस के खिलाफ 42 साल 39 दिन की उम्र में गोल किया था।
यह भी पढ़ें: '40 घंटे सड़क पर रहे, आराम तक नहीं मिला', फीफा के इंतजामों पर भड़के ईरान के कोच
ऐसा करने वाले तीसरे खिलाड़ी बने
रोनाल्डो ने उज्बेकिस्तान के खिलाफ गोल कर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह दुनिया के तीसरे ऐसे खिलाड़ी बने, जो वर्ल्ड कप में अपने देश का सबसे उम्रदराज और सबसे युवा गोल करने वाला खिलाड़ी है। रोनाल्डो से पहले डेनमार्क के माइकल लाउड्रप और अर्जेंटीना के लिए मेसी ने यह कारनामा किया था। रोनाल्डो के नाम कुल 24 वर्ल्ड कप मैच हो गए हैं। उनसे आगे सिर्फ मेसी (28 वर्ल्ड कप मैच) और लोथर मथायस (25 वर्ल्ड कप मैच) हैं। रोनाल्डो ने इस मामले में मिरोस्लाव क्लोसा (24 वर्ल्ड कप मैच) की बराबरी कर की है और पाओलो माल्डिनी (23 वर्ल्ड कप मैच) को पीछे छोड़ा है।