FIFA वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 11 जून से हो रहा है। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में आयोजित हो रहे इस टूर्नामेंट में कुराकाओ जैसा छोटा देश भी हिस्सा ले रहा है, जिसकी आबादी महज डेढ़ लाख के आस-पास ही है। वहीं भारत के लिए फुटबॉल के महाकुंभ में खेलना अब भी दूर की कौड़ी बनी हुई है। हालांकि भारतीय फुटबॉल फैंस के लिए एक छोटी खुशखबरी ये है कि इस टूर्नामेंट में 4 ऐसे खिलाड़ी उतरने वाले हैं, जिनकी जड़ें भारत से जुड़ी हुई हैं।
ये 4 प्लेयर्स सरप्रीत सिंह, सैमुअल मौतौसामी, निशान वेलुपिल्ले और तहसीन मोहम्मद हैं, जो फ्रांस के मिडफील्डर विकास धोरासू के नक्शेकदम पर चल रहे हैं। धोरासू जर्मनी में 2006 के वर्ल्ड कप में खेले थे। धोरासू के पूर्वज आंध्र प्रदेश के विजयनगरम के रहने वाले थे। अब उनके बाद FIFA वर्ल्ड कप में जलवा दिखाने के लिए तैयार 4 अन्य खिलाड़ियों पर एक नजर डालते हैं।
यह भी पढ़ें: 32 साल में 10 गुना महंगा हुआ फुटबॉल मैच, 9 लाख में मिलेगा फाइनल देखने का टिकट
सरप्रीत सिंह
ऑकलैंड में पंजाबी फैमिली में जन्मे सरप्रीत सिंह न्यूजीलैंड की टीम में शामिल हैं। सरप्रीत ने न्यूजीलैंड के लिए अब तक 24 इंटरनेशनल मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 3 गोल किए हैं। वह 2018 में मुंबई में आयोजित इंटर-कॉन्टिनेंटल कप में खेल चुके हैं। इसके एक साल बाद सरप्रीत जर्मन की फर्स्ट डिवीजन लीग में खेलने वाले भारतीय मूल के पहले खिलाड़ी बने। उन्होंने 2019 में बायर्न म्यूनिख के लिए डेब्यू किया। सरप्रीत बायर्न म्यूनिख की उस टीम का हिस्सा थे, जिसने 2019-2020 सीजन का बुंदेसलीगा खिताब जीता था।
सैमुअल मौतौसामी
वर्ल्ड कप में सैमुअल मौतौसामी कांगो की जर्सी में दिखेंगे। हालांकि उनका जन्म फ्रांस में हुआ था। उनकी माता कांगो मूल और पिता तमिल मूल के हैं। FIFA के नियमों के अनुसार, कोई खिलाड़ी किसी नेशनल टीम के लिए तभी खेल सकता है, जब उसकी बॉयोलॉजिकल मां, बॉयोलॉजिकल पिता या दादा-दादी का जन्म उस देश में हुआ हो साथ ही प्लेयर के पास उस देश का पासपोर्ट भी होना चाहिए। इसी नियम के तहत फ्रांस में जन्मे मौतौसामी कांगो के लिए खेल रहे हैं, क्योंकि उनकी मां की जड़ें इस अफ्रीकी देश से जुड़ी हुई हैं। मौतौसामी कांगी की ओर से अब तक 57 मैच खेल चुके हैं।
यह भी पढ़ें: FIFA वर्ल्ड कप 2026 में कौन-कौन से नए रिकॉर्ड बनेंगे? एक क्लिक में जान लीजिए
निशान वेलुपिल्ले
ऑस्ट्रेलिया की टीम में शामिल निशान वेलुपिल्ले की मां एंग्लो-इंडियन और पिता श्रीलंकाई मूल के तमिल हैं। यह 25 साल का विंगर ऑस्ट्रेलिया की 26 सदस्यीय टीम के उन 17 खिलाड़ियों में से एक है, जो FIFA वर्ल्ड कप में पहली बार खेलने वाले हैं। वेलुपिल्ले ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 7 मैचों में 3 गोल दागे हैं। ये सभी गोल उन्होंने वर्ल्ड कप क्वालिफायर में किए। वह ऑस्ट्रेलिया की शीर्ष स्तरीय ए-लीग में मेलबर्न विक्ट्री के लिए खेलते हैं।
तहसीन मोहम्मद जमशेद
कतर के विंगर तहसीन मोहम्मद जमशेद के माता-पिता केरल के रहने वाले हैं। उनके पेरेंट्स 2006 में कन्नूर से कतर शिफ्ट हो गए थे। तहसीन के पिता जमशेद कालीकट यूनिवर्सिटी के लिए खेल चुके हैं। वह थालास्सेरी के रहने वाले हैं। तहसीन की मां श्यामा कन्नूर के पास वालापट्टनम से आतीं हैं।
दोहा में जन्मे तहसीन इस FIFA वर्ल्ड कप के दौरान 20 साल के हो जाएंगे। उन्होंने इस टूर्नामेंट के एशियन क्वालिफायर ग्रुप मैच के दौरान 2024 में अफगानिस्तान के खिलाफ अपना इंटरनेशनेशनल डेब्यू किया था। तहसीन ने इसके बाद जिम्बाब्वे और आयरलैंड के खिलाफ दो इंटरनेशनल फ्रेंडली मैचों में भी हिस्सा लिया। हालांकि वह अब तक कोई गोल नहीं कर पाए हैं।