FIFA वर्ल्ड कप 2026 के 9वें दिन (19 जून) के पहले मुकाबले में अमेरिका ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए ऑस्ट्रेलिया को 2-0 से हराकर नॉकआउट राउंड में प्रवेश कर लिया। अपने स्टार स्ट्राइकर क्रिश्चियन पुलिसिच के बिना खेल रही अमेरिका ने ऑस्ट्रेलिया को कोई मौका नहीं दिया। यह पहला मौका है जब अमेरिकी टीम ने पहले दो मैचों के बाद ही नॉकआउट राउंड में जगह बनाई। पिछली बार जब अमेरिका ने 1994 में वर्ल्ड कप की मेजबानी की थी, तब वह तीसरे स्थान की बेस्ट टीमों में से एक होने के कारण क्वालिफाई कर गया था। उस साल अमेरिका को राउंड ऑफ 16 में ब्राजील के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
अमेरिका ने आत्मघाती गोल के जरिए बढ़त बनाई। बालोगुन ने 11वें मिनट में स्ट्राइकर रिकार्डो पेपी की ओर एक सटीक पास दिया। गेंद पेपी तक नहीं पहुंची और ऑस्ट्रेलिया के डिफेंडर कैमरून बर्गेस से टकराकर गोल में चली गई, जिससे आत्मघाती गोल हो गया। टीम के सबसे युवा खिलाड़ी 21 साल के एलेक्स फ्रीमैन ने 43वें मिनट में अमेरिका को 2-0 से आगे कर दिया। सर्जिनो डेस्ट के डिफ्लेक्टेड शॉट पर फ्रीमैन ने हेडर लगाकर वर्ल्ड कप में अपने करियर का पहला गोल किया।
यह भी पढ़ें: दोहा डायमंड लीग में चौथे स्थान पर नीरज चोपड़ा, कॉमनवेल्थ गेम्स में खेलेंगे?
मोरक्को ने स्कॉटलैंड को हराया
मोरक्को ने स्कॉटलैंड को 1-0 से हराकर नॉकआउट में पहुंचने की अपनी उम्मीदें जीवित रखी हैं। पिछले एडिशन में सेमीफाइनल तक का सफर तय करने वाली मोरक्को की टीम ने ब्राजील के खिलाफ अपना पहला मुकाबला ड्रॉ खेला था। इस्माइल सैबारी ने गोल करने की अपनी काबिलियत का एक बार फिर से शानदार नमूना पेश करते हुए दूसरे मिनट में ही स्कोरशीट पर अपना नाम लिखवाया, जिससे मोरक्को ने निर्णायक बढ़त हासिल कर ली। सैबारी को ब्राजील के खिलाफ वर्ल्ड कप में अपने डेब्यू मैच में गोल करने में केवल 21 मिनट लगे थे। उन्होंने स्कॉटलैंड के खिलाफ जिलेट स्टेडियम में सिर्फ 72 सेकंड में ही गोल कर दिया जो, निर्णायक साबित हुआ।
यह भी पढ़ें: क्रिकेट खेलने अमेरिका पहुंचे अश्विन... क्या है यह लीग, बड़े खिलाड़ी कौन-कौन हैं?
विनीसियस जूनियर ने फिर किया कमाल
ब्राजील ने हैती को 3-0 से शिकस्त देकर उसे टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। हैती 1974 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप में खेल रहा है। वह मौजूदा वर्ल्ड कप में नॉकआउट राउंड की दौड़ से बाहर होने वाली पहली टीम बन गई है। ब्राजील के लिए विनीसियस जूनियर ने एक गोल किया और मैथियस कुन्हा के दोनों गोल में मदद की, जिससे पांच बार की चैंपियन टीम ने अपनी लय हासिल करके अगले दौर में पहुंचने की तरफ मजबूत कदम बढ़ाए।
मैनचेस्टर यूनाइटेड की तरफ से खेलने वाले स्टार खिलाड़ी कुन्हा को शुरुआती लाइन-अप में जगह मिली। उन्होंने दो गोल कर यह साबित कर दिया कि ब्राजील और मोरक्को के बीच 1-1 से नीरस ड्रॉ छूटे पहले मैच में उन्हें शुरुआती लाइन-अप में नहीं रखना कितनी बड़ी गलती थी। दिन के आखिरी मुकाबले पराग्वे ने तुर्की को 1-0 से हराकर उसे बाहर का रास्ता दिखा दिया।