FIFA वर्ल्ड कप 2026 के सह-मेजबान मैक्सिको ने साउथ कोरिया को 1-0 से हराकर राउंड ऑफ 32 में जगह बना ली है। मैक्सिको इस टूर्नामेंट के नॉकआउट स्टेज में पहुंचने वाली पहली टीम है। रोमो ने साउथ कोरिया की डिफेंस में चूक का फायदा उठाते हुए निर्णायक गोल दागा। मैच जब गोलरहित बराबरी पर चल रहा था, तब खेल के 58वें मिनट में साउथ कोरिया के गोलकीपर किम सेउंग-ग्यू और डिफेंडर ली गी-ह्युक के बीच टक्कर होने से गेंद पेनल्टी एरिया के अंदर छूट गई। रोमो के पास यह सुनहरा मौका था और उन्होंने गेंद को आसानी से खाली नेट में डालकर गोल कर दिया।
साउथ कोरिया ने 87वें मिनट में लगभग बराबरी कर ली थी लेकिन मैक्सिको के गोलकीपर राउल रेंगल ने दो शानदार बचाव करते हुए खतरे को टाला। उन्होंने पहले चो ग्वे-सुंग के करीब से किए गए हेडर को रोका और फिर रिबाउंड पर यांग ह्यून-जून के प्रयास को और भी बेहतर तरीके से नाकाम किया। 2022 वर्ल्ड कप में ग्रुप स्टेज से बाहर हुई मैक्सिको के लिए यह बड़ी जीत रही। उसने घरेलू दर्शकों के सामने लगातार दूसरी जीत हासिल की और अगले राउंड में एंट्री ली।
यह भी पढ़ें: रोनाल्डो जैसा दिग्गज फ्लॉप... FIFA वर्ल्ड कप 2026 में छाए ये गुमनाम खिलाड़ी
मैक्सिको ने 6 अंकों के साथ किया क्वालिफाई
मैक्सिको ने दो मैचों में छह अंक हासिल करके ग्रुप-ए में टॉप पर अपनी जगह पक्की की। वह अब साउथ कोरिया से तीन अंक से आगे हो गया है। वहीं चेक रिपब्लिक और साउथ अफ्रीका उससे पांच अंक पीछे हैं। चेक रिपब्लिक और साउथ अफ्रीका ने इससे पहले अटलांटा में अपना मैच 1-1 से ड्रॉ खेला था। प्रत्येक ग्रुप की टॉप-2 टीमों के साथ तीसरे स्थान पर रहने वाली बेस्ट आठ टीमें नॉकआउट स्टेज में प्रवेश करेंगी। टूर्नामेंट में टीमों की संख्या बढ़ाकर 48 कर दिए जाने के बाद वर्ल्ड कप में पहली बार राउंड ऑफ 32 खेला जाएगा।
यह भी पढ़ें: कांगो से नहीं जीत पाया पुर्तगाल, FIFA वर्ल्ड कप में बड़ी टीमों का क्या हाल है?
कनाडा भी लगभग नॉकआउट में...
एक और सह-मेजबान ने राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह लगभग पक्की कर ली है। बुधवार (18 जून) को कनाडा ने कतर को 6-0 से रौंद दिया। यह वर्ल्ड कप इतिहास में उसकी पहली जीत रही। इस ऐतिहासिक जीत के साथ ने नॉकआउट राउंड में अपनी जगह लगभग सुनिश्चित कर ली। जोनाथन डेविड ने बेहतरीन हैट्रिक लगाई। कतर के दो खिलाड़ियों को रेड कार्ड मिले, जिससे उसकी टीम 9 खिलाड़ियों तक सिमट गई थी। कनाडा ने इसका पूरा फायदा उठाया और घरेलू दर्शकों के सामने बड़ी जीत हासिल की। इससे पहले स्विट्जरलैंड ने बोस्निया और हर्जेकोविना को 4-1 से हराया। स्विट्जरलैंड के पास भी कनाड के जितने 4 पॉइंट्स हो गए हैं। ग्रुप-बी से यही दोनों टीमें नॉकआउट में पहुंचने की दावेदार हैं।