मिस्र फुटबॉल एसोसिएशन (EFA) ने कहा है कि FIFA वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना के खिलाफ राउंड ऑफ 16 के मुकाबले में 'पक्षपातपूर्ण और खराब' रेफरिंग को लेकर वह चुप नहीं बैठेगा। मिस्र के कोच होसाम हसन और कई खिलाड़ियों ने इस मैच में रेफरिंग की आलोचना की है। मैच में 79वें मिनट तक दो गोल से पिछड़ने के बाद अर्जेंटीना ने 13 मिनट में दनादन 3 गोल दाग मिस्र को वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया था।
EFA ने एक बयान में कहा ,'मिस्र की नेशनल टीम के हितों और अधिकारों की रक्षा करने को अनदेखा नहीं किया जा सकता और ना ही उसे कमतर आंका जा सकता है। हम पूरी प्रतिबद्धता से यह जिम्मेदारी निभाएंगे।'
यह भी पढ़ें: 'तिलक वर्मा कप्तान भी बनेंगे...' दिग्गज ने टीम मैनेजमेंट पर कसा तंज
EFA ने क्या-क्या कहा?
EFA ने कहा कि रेफरी ने असिस्टेंट वीडियो रेफरी (VAR) का सही इस्तेमाल नहीं किया, जिससे अर्जेंटीना के हाथों हार झेलनी पड़ी। मिस्र ने 58वें मिनट में दूसरा गोल कर लिया था लेकिन VAR रिव्यू से पता चला कि गोल होने से ठीक पहले मारवान अत्तिया ने अर्जेंटीना के डिफेंडर लिसांद्रो मार्तिनेज के खिलाफ फाउल किया था। इसके बाद मिस्र के गोल को रद्द कर दिया गया।
EFA ने एक बयान में कहा, 'कई अहम घटनाओं ने गंभीर चिंताएं पैदा की और खेल की दिशा को सीधे तौर पर प्रभावित करने वाले फैसलों की निरंतरता और निष्पक्षता पर गहरे सवाल खड़े किए।'
यह भी पढ़ें: बाएं हाथ के बल्लेबाजों से भरी टीम इंडिया, शिवम दुबे की चढ़ेगी बलि?
FIFA का क्या कहना है?
FIFA के रेफरिंग प्रमुख पियरलुइगी कोलिना ने बुधवार की शाम जारी एक बयान में कहा कि फैसलों को लेकर सार्थक बातचीत हमेशा फुटबॉल का हिस्सा रहेगी लेकिन गलत आरोपों के लिए खेल में कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा, 'FIFA वर्ल्ड कप में मैच अधिकारियों की ईमानदारी पर कोई शक नहीं कर सकता। जब ऐसा होता है, तो इससे ऐसी प्रतिक्रियाएं हो सकती हैं, जिनसे उन्हें और उनके परिवारों को धमकियां मिल सकती हैं। यह सही नहीं है।'
कोलिना ने कहा, 'किसी प्रतियोगिता के दौरान हम खास घटनाओं पर ध्यान नहीं देने को प्राथमिकता देते हैं।' हालांकि उन्होंने अत्तिया वाले फैसले का बचाव किया। उन्होंने कहा, 'अगर गोल होने से पहले की प्रक्रिया में कोई फाउल होता है और माना जाता है कि उसका गोल पर असर पड़ा है, तो VAR मैदानी रिव्यू की सलाह देगा। गोल से दूरी या घटना और गोल के बीच के समय को लेकर कोई तय सीमा नहीं है।' उन्होंने कहा कि इस मामले में अत्तिया ने फाउल किया था और फाउल तो फाउल ही है।
मैच के बाद भड़क गए थे मिस्र के कोच
मुस्तफा जिको ने बाद में दूसरा गोल दागकर मिस्र को 2-0 से बढत दिलाई लेकिन 79वें मिनट में लियोनेल मेस्सी की मदद से क्रिस्टियन रोमेरो ने अर्जेंटीना के लिये पहला गोल दागा। इसके बाद मेसी और फिर एंजो फर्नांडिज ने गोल किए। स्टॉपेज टाइम के दूसरे मिनट में अर्जेंटीना के मैच विजयी गोल के बाद हसन ने नस्लीय दुर्व्यवहार का इशारा करने के लिए अपने हाथों को 'X' के आकार में ऊपर उठाया। मैच के बाद हसन ने कहा कि उनकी टीम उस फुटबॉल व्यवस्था की शिकार हुई है जो मेसी और अर्जेंटीना का पक्ष लेता है।