logo

मूड

ट्रेंडिंग:

दूसरे ही ODI में बने प्लेयर ऑफ द मैच, फिर कैसे खत्म हो गया गगन खोड़ा का करियर?

गगन खोड़ा का इंटरनेशनल करियर महज 6 दिन तक ही चल सका। उन्होंने अपने दूसरे ही ODI मैच में प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीत लिया था लेकिन इसके बाद वह टीम इंडिया के लिए कभी नहीं खेल सके।

Gagan Khoda Story

गगन खोड़ा की कहानी, Photo Credit: Khabargaon

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

भारत के किसी क्रिकेटर के लिए टीम इंडिया तक पहुंचना बड़ी उपलब्धि होती है। इसके लिए सालों की मेहनत, घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन और किस्मत का साथ भी चाहिए होता है। भारतीय टीम में जगह बनाने के बाद खिलाड़ी रातोंरात स्टार बन जाते हैं लेकिन कुछ ही प्लेयर्स उन बुलंदियों पर टिके रह पाते हैं। 

 

कुछ जितनी जल्दी अर्श पर जाते हैं उतनी ही जल्दी फर्श तक आ जाते हैं। ये खिलाड़ी टैलेंट की कमी से नहीं, बल्कि मौकों की कमी के कारण टीम इंडिया से दूर हो जाते हैं। इन्हीं खिलाड़ियों में से एक हैं गगन खोड़ा। 

 

राजस्थान के बाड़मेर से आने वाले गगन खोड़ा ने अपने दूसरे ही ODI मैच में 89 रन की शानदार पारी खेलकर प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड जीत लिया था। उनके खाते में 2 ODI मैचों में 57.5 की औसत से 115 रन दर्ज हो चुके थे। इसके बावजूद उन्हें दोबारा फिर कभी टीम इंडिया के लिए खेलने का मौका नहीं मिला। हैरानी कि बात है कि उनका इंटरनेशनल करियर महज 6 दिन में ही सिमट गया।

 

यह भी पढ़ें: 17 साल में टेस्ट डेब्यू, फिर 21 की उम्र में कहां खो गए लक्ष्मण शिवरामकृष्णन?

रणजी डेब्यू पर जड़ा शतक

दाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज गगन खोड़ा ने सिर्फ 17 साल की उम्र में ही अपनी प्रतिभा का परिचय दे दिया था। उन्होंने 1991-92 के रणजी सीजन में राजस्थान के लिए डेब्यू किया। गगन खोड़ा ने अपनी पहली ही फर्स्ट क्लास पारी में शतक जड़कर बता दिया कि उनमें कुछ खास बात है।

 

इसके बाद घरेलू क्रिकेट में उनका सफर आगे बढ़ता गया। 1994-95 रणजी सीजन उनके करियर के लिए बेहद अहम साबित हुआ। उन्होंने उस सीजन में 77.25 की औसत से 618 रन बनाए। 2 शतक और 2 अर्धशतकों की मदद से उन्होंने सेलेक्टर्स का ध्यान अपनी ओर खींचा। इसी सीजन क्वार्टर-फाइनल में उनकी 237 रन की पारी ने सुर्खियां बटोरीं।

 

लगातार अच्छे प्रदर्शन का नतीजा यह हुआ कि 1997 में उन्हें श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टेस्ट टीम में चुन लिया गया। हालांकि उन्हें प्लेइंग-XI में जगह नहीं बन पाई।

 

पाकिस्तान में 189 रन की पारी खेल तोड़ा दरवाजा

गगन खोड़ा को 1998 में इंडिया-ए टीम की कप्तानी सौंपी गई। पाकिस्तान दौरे पर गई इस टीम में कई ऐसे खिलाड़ी शामिल थे, जिन्होंने आगे चलकर भारतीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई। गगन खोड़ा के लिए यह दौरा खुद को साबित करने का बड़ा मौका था। लाहौर में पाकिस्तान-ए के खिलाफ उन्होंने 189 रन की शानदार पारी खेली। सामने शाहिद अफरीदी, अब्दुल रज्जाक और आकिब जावेद जैसे गेंदबाज थे। 

 

गगन खोड़ा ने लगभग 7 घंटे तक बल्लेबाजी की और दोहरे शतक से सिर्फ 11 रन दूर रहे। इस पारी ने भारतीय टीम में उनकी दावेदारी को और मजबूत कर दिया। कुछ ही महीनों बाद उन्हें टीम इंडिया में जगह मिल गई। मई 1998 में कोका-कोला ट्राई सीरीज के लिए उनका भारतीय टीम में चयन हुआ। इस ट्राई सीरीज में दो अन्य टीमें बांग्लादेश और केन्या थी। सचिन तेंदुलकर समेत कुछ नियमित खिलाड़ियों को आराम दिया गया था। इसी दौरान गगन खोड़ा को इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू का मौका मिला।

 

यह भी पढ़ें: डेब्यू टेस्ट में 16 विकेट लेकर रिकॉर्ड बनाया, फिर कहां खो गए नरेंद्र हिरवानी?

दूसरे ही ODI में खेली मैच विजयी पारी

गगन खोड़ा ने 14 मई 1998 को मोहाली में बांग्लादेश के खिलाफ अपना पहला ODI मुकाबला खेला। सौरव गांगुली के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे गगन खोड़ा ने 56 गेंद पर 26 रन बनाए। इस मैच में टीम इंडिया 185 रन के टारगेट का पीछा कर रही थी। टीम ने 42.5 ओवर में 5 विकेट खोकर आसानी से हासिल किया। 

 

बेंगलुरु में केन्या के खिलाफ ट्राई सीरीज के अगले मुकाबले में गगन खोड़ा ने खुद को साबित करने के मौके को दोनों हाथों से लपका। केन्या ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 223 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शुरुआती झटका लगा और सौरव गांगुली जल्दी आउट हो गए। इसके बाद गगन खोड़ा ने राहुल द्रविड़ के साथ मिलकर पारी को संभाला।

 

दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 98 रन की साझेदारी हुई। गगन खोड़ा ने एक छोर संभाले रखा और 129 गेंद पर 89 रन बनाए, जिसमें 8 चौके शामिल रहे। वह अपने पहली इंटरनेशनल सेंचुरी से महज 11 रन से चूक गए लेकिन उनकी इस पारी ने भारत को आसान जीत दिला दी। टीम इंडिया ने यह मुकाबला 2 ओवर रहते 4 विकेट से जीता।

 

गगन खोड़ा को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। किसी भी युवा बल्लेबाज के लिए इससे बेहतर शुरुआत की कल्पना करना मुश्किल है लेकिन नियमित सलामी बल्लेबाजों सचिन तेंदुलकर और नवजोत सिंह सिद्धू के टीम में लौटते ही गगन खोड़ा को बाहर बैठना पड़ा। हालांकि उन्हें स्क्वॉड से बाहर नहीं किया गया लेकिन भारतीय टीम में उनकी जगह ज्यादा दिन तक नहीं रह सकी।

 

यह भी पढ़ें: 1968 का ऐतिहासिक डुनेडिन टेस्ट, जब भारत ने विदेशी जमीन पर जीतना सीखा

घरेलू क्रिकेट में फिर दिखाया दम

गगन खोड़ा को निदहास ट्रॉफी के लिए टीम के साथ श्रीलंका ले जाया गया। हालांकि फिर से उनकी प्लेइंग-XI में जगह नहीं बन सकी। 1998 कॉमनवेल्थ गेम्स में वह भारतीय टीम के लिए तीनों मुकाबले खेले लेकिन उन मैचों को ODI स्टेटस हासिल नहीं था। उनके इंटरनेशनल करियर की कहानी यहीं थम गई। हालांकि घरेलू क्रिकेट में उन्होंने कोशिश जारी रखी और यह भी दिखाया कि उनके अंदर रन बनाने की भूख अब भी बाकी थी।

 

फरवरी 2001 में दलीप ट्रॉफी में सेंट्रल जोन की तरफ से खेलते हुए उन्होंने साउथ जोन के खिलाफ नाबाद 300 रन की पारी खेली। खास बात यह थी कि सामने जवागल श्रीनाथ और वेंकटेश प्रसाद जैसे अनुभवी तेज गेंदबाज थे। गगन खोड़ा ने 467 गेंदो का सामना किया और 610 मिनट तक क्रीज पर जमे रहे। उनकी पारी में 33 चौके और छह छक्के शामिल थे।

इस बड़ी पारी के बाद उन्हें एक बार फिर इंडिया-ए टीम में जगह मिली और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलने का मौका भी मिला लेकिन सीनियर भारतीय टीम में उनकी वापसी नहीं हो सकी।

 

फर्स्ट क्लास क्रिकेट में गगन खोड़ा ने 132 मैचों में 39.06 की औसत से 8516 रन बनाए। उनके नाम 20 शतक और 42 अर्धशतक दर्ज हैं। लिस्ट-ए क्रिकेट में भी उन्होंने 119 मैचों में 40.06 की औसत से 4487 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 10 शतक निकले। ये आंकड़े बताते हैं कि उनका करियर महज दो वनडे के इर्द-गिर्द सिमटी कहानी से कहीं बड़ा था।

 

यह भी पढ़ें: जब घायल कपिल देव ने कंगारुओं का किया शिकार, भारत को दिलाई चमत्कारिक जीत

सेलेक्टर बनकर क्रिकेट से दोबारा जुड़े

क्रिकेट से रिटायरमेंट के बाद गगन खोड़ा ने खेल से दूरी बना ली। वह इंडियन ऑयल में काम करने लगे। नवंबर 2015 में वह सेलेक्टर बनकर क्रिकेट से दोबारा जुड़े। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उन्हें सीनियर भारतीय सेलेक्शन कमिटी में सेंट्रल जोन का प्रतिनिधि नियुक्त किया। हालांकि गगन खोड़ा ने इस नियुक्ति पर हैरानी जताई थी। उनका कहना था कि काफी समय से क्रिकेट से दूर रहने पर सेलेक्टर बनने का कॉल उनके लिए सुखद आश्चर्य था।

Related Topic:#Maidan

और पढ़ें