पिछले महीने नॉर्वे चेस टूर्नामेंट का खिताब जीतने वाले आर प्रज्ञानानंदा जागरेब ग्रैंड चेस टूर के रैपिड वर्ग के पहले दिन संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। भारतीय ग्रैंडमास्टर ने जर्मनी के विन्सेंट कीमर को हराकर अपने अभियान की शुरुआत की लेकिन उन्होंने अगली दो बाजियां ड्रॉ खेली।
प्रज्ञानानंदा ने नॉर्वे चेस टूर्नामेंट के आखिरी दिन कीमर को हराकर खिताब जीता था। उन्होंने जागरेब में भी इस जर्मन खिलाड़ी को हराया। प्रज्ञानानंदा ने कीमर के खिलाफ आक्रामक खेल दिखाया और सिर्फ 26 चाल में ही जीत हासिल कर ली। इसके बाद उन्होंने फ्रांस के मैक्सिम वाचियेर-लाग्रेव और हमवतन डी गुकेश के साथ कड़े मुकाबले के बाद बाजी ड्रॉ खेली और दिन का अंत 4 पॉइंट्स के साथ किया। रैपिड फॉर्मेट में हर जीत के लिए 2 पॉइंट्स मिलते हैं।
यह भी पढ़ें: 'अभी हम सोच भी नहीं रहे...' MI के साथ पंड्या के ट्रेड पर CSK ने तोड़ी चुप्पी
गुकेश की हार के साथ शुरुआत
वर्ल्ड चैंपियन गुकेश की शुरुआत निराशाजनक रही। उन्हें वाचियेर-लाग्रेव ने शिकस्त दे दी। फ्रांसीसी खिलाड़ी से हारने के तुरंत बाद गुकेश ने लय वापस की और दूसरे राउंड में क्रोएशिया के इवान सारिक को आसानी से हरा दिया। गुकेश अब रोमानिया के डीक बोगदान-डैनियल के साथ 3 पॉइंट्स पर हैं। ये दोनों खिलाड़ी उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव से पूरे 1 पॉइंट आगे हैं।
यह भी पढ़ें: हैरी केन के 2 गोल से जीता इंग्लैंड... कांगो बाहर, बेल्जियम ने सेनगल को दी शिकस्त
फ्रांस के अलीरेज टॉप पर
फ्रांस के अलीरेजा फिरोजा ने अपनी शुरुआती दो बाजियां जीती। उन्होंने तीसरे राउंड में नीदरलैंड्स के अनीश गिरी के साथ ड्रॉ खेला और वह 5 पॉइंट्स के साथ टॉप पर हैं। फिरोजा ने प्रज्ञानानंदा, गिरी, वाचियेर-लाग्रेव और कीमर पर बढ़त बना रखी है। कीमर के पास भी 4 पॉइंट्स हैं। उन्होंने प्रज्ञानानंद के हाथों हार के बाद दो जीत के साथ वापसी की।
नीदरलैंड्स के जोर्डन वैन फॉरेस्ट के पास 1 पॉइंट है, जबकि सारिक ने अभी खाता नहीं खोला है। रैपिड के 9 राउंड के बाद 18 राउंड का ब्लिट्ज वर्ग होगा और विजेता का फैसला दोनों वर्ग के कुल पॉइंट्स के आधार पर किया जाएगा।