इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में गुजरात टाइटंस (GT) ने छठी जीत हासिल कर ली है। शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम ने रविवार (3 मई) को पंजाब किंग्स (PBKS) के खिलाफ 4 विकेट से जीत दर्ज कर प्लेऑफ की दावेदारी ठोक दी है। GT के पास 10 मैचों में 12 पॉइंट्स हो गए हैं। GT फिलहाल पांचवें पायदान पर है लेकिन टॉप पर मौजूद PBKS से वह महज 1 पॉइंट ही पीछे है।
GT ने इस सीजन 6 में से 5 जीत लक्ष्य का पीछा करते हुए हासिल किए हैं। वह सिर्फ दो बार टारगेट चेज करने में नाकाम रही है। IPL में उसने अब तक 40 मैचों में 27 बार सफल चेज किया है। यही कारण है कि गिल ने रविवार को अहमदाबाद में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। उन्होंने साफ-साफ कहा कि हम रन चेज अच्छा कर रहे हैं। इसलिए इस मोमेंटम को जारी रखना चाहते हैं।
यह भी पढ़ें: लो-स्कोरिंग थ्रीलर में गुजरात टाइटंस ने मारी बाजी, PBKS की लगातार दूसरी हार
IPL में रन चेज करते हुए GT का रिकॉर्ड
- मैच: 40
- जीत: 27
- हार: 13
- जीत प्रतिशत: 67.5
यह भी पढ़ें: 'ऋषभ पंत फॉर्म में आने से बस एक पारी दूर...' LSG कोच का अजीबोगरीब बयान
वॉशिंगनट सुंदर ने फिनिश किया मैच
GT ने पहले गेंदबाजी करते हुए PBKS को 163 रन पर रोक दिया। मोहम्मद सिराज, कैगिसो रबाडा और जेसन होल्डर की घातक गेंदबाजी की बदौलत GT ने 47 रन पर PBKS की आधी पारी समेट दी थी। इसके बाद सूर्यांश शेडगे (29 गेंद में 57 रन) और मार्कस स्टोइनिस (31 गेंद में 40 रन) ने PBKS को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया लेकिन GT ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया।
साई सुदर्शन (57) की अर्धशतकीय पारी के बाद वॉशिंगटन सुंदर ने 23 गेंद में नाबाद 40 रन बनाकर GT को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। GT ने रन चेज में लगातार अंतराल पर विकेट खोए, जिससे उसे आखिरी ओवर में जीत के लिए 11 रन बनाने थे। PBKS की ओर से आखिरी ओवर लेकर आए मार्कस स्टोइनिस ने पहली गेंद वाइड डाली। उनकी पहली लीग गेंद पर अरशद खान ने चौका जड़ GT को राहत दिलाई लेकिन स्टोइनिस ने अगली 3 गेंद में 3 रन खर्चे और PBKS की उम्मीदें फिर से जगा दी।
यहां से GT को 2 गेंद में 3 रन चाहिए थे। लग रहा था कि मुकाबला आखिरी गेंद तक जाएगा लेकिन सुंदर ने छक्का लगाकर एक गेंद पहले ही मैच खत्म कर दिया। इसके साथ ही GT ने इस सीजन दूसरी बार जीत की हैट्रिक लगाई। दूसरी तरफ लगातार 6 जीत के साथ सीजन की शुरुआत करने वाली PBKS को बैक टू बैक दूसरी हार का सामना करना पड़ा।