वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी-20 में भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने नाबाद 102 रन की पारी खेली थी। प्लेयर ऑफ द मैच रहे श्रेयस अय्यर ने इस मैच में 10 चौके और 6 छक्के जड़े थे। इस पारी का इनाम ‘सरपंच साहब’ को हाल में जारी ICC T20 रैंकिंग में मिला है। इस पारी से अय्यर को 18 स्थान का फायदा हुआ है। अब वह करियर के सर्वश्रेष्ठ सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं। इस लिस्ट में श्रेयस अय्यर की एंट्री के बाद टॉप 10 में कुल 4 भारतीय बल्लेबाज हो गए हैं। ईशान किशन नंबर 1 पर हैं। नंबर 2 पर अभिषेक शर्मा, नंबर 7 पर श्रेयस अय्यर और नंबर 10 पर
तिलक वर्मा
हैं।
वहीं, वनडे में पहले से टॉप पर मौजूद
शुभमन गिल
ने अपनी स्थिति को और मजबूत किया है। शुभमन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में दोहरा शतक जड़ा था। यह उनके करियर का दूसरा दोहरा शतक था। इसका फायदा उन्हें रैंकिंग में मिला है और वह टॉप पर बरकरार हैं।
T20 में टॉप-10 में और कौन-कौन?
ICC टी-20 इंटरनेशनल रैंकिंग में भारत के लिए फिलहाल खब्बू बल्लेबाजों (बाएं हाथ के बल्लेबाज) का दबदबा है। 902 अंकों के साथ विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन शीर्ष पर मौजूद हैं। दूसरे नंबर पर उनके जोड़ीदार अभिषेक शर्मा हैं। अभिषेक 887 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर काबिज हैं।
यह भी पढ़ें: '3 ICC ट्रॉफी आपके समर्पण का सबूत', अजित अगरकर की विदाई पर बोले गौतम गंभीर
टॉप-10 में भारत की ओर से तीसरे बाएं हाथ के बल्लेबाज तिलक वर्मा हैं। तिलक 719 अंकों के साथ 10वें स्थान पर मौजूद हैं। 15 वर्षीय युवा सनसनी
वैभव सूर्यवंशी
8 स्थान के फायदे के साथ 46वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
एशियन गेम्स से पाक खिलाड़ियों को फायदा
एशियन गेम्स में पाकिस्तान को फाइनल में भारत से हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ICC रैंकिंग में फायदा मिला है। एशियाई खेलों के फाइनल में 96 रन की पारी खेलने वाले हसन नवाज को 62 स्थान का फायदा हुआ है। वह फिलहाल 49वें स्थान पर हैं। एशियाई खेलों के सेमीफाइनल और फाइनल में अबरार अहमद अपने चिर-परिचित अंदाज में प्रदर्शन नहीं कर पाए। सेमीफाइनल में 29 रन देकर कोई विकेट नहीं और फाइनल में 29 रन देकर एक विकेट के आंकड़े उन्हें गेंदबाजों में शीर्ष स्थान बरकरार रखने के लिए काफी नहीं थे। वह दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। शीर्ष स्थान पर अफगानिस्तान के स्पिनर राशिद खान हैं। उनके 720 अंक हैं।
यह भी पढ़ें: लखनऊ में गरजा श्रेयस अय्यर का बल्ला, पहला टी20I शतक ठोक टीम इंडिया को दिलाई जीत
वनडे में भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा
शुभमन गिल ने गुवाहाटी में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में नाबाद 223 रन बनाए थे। इस पारी से उन्होंने वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है। यह वनडे प्रारूप में उनका दूसरा दोहरा शतक था, जिसने उन्हें 25 रेटिंग अंक दिलाए।
इस प्रदर्शन से उन्होंने अपने करियर के सर्वश्रेष्ठ 841 रेटिंग अंकों की बराबरी की।
विराट कोहली
दूसरे से तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं, जबकि केएल राहुल 7 स्थान के फायदे के साथ 10वें स्थान पर आ गए हैं।
रोहित शर्मा
770 अंकों के साथ चौथे स्थान पर हैं।