भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेले जा रहे टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 राउंड की तस्वीर साफ होने के बाद अगले एडिशन के लिए डायरेक्ट क्वालिफाई करने वाली टीमों के नाम भी तय हो गए हैं। अगला टी20 वर्ल्ड कप के मेजबान ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड हैं। ऐसे में इन दोनों टीमों ने ऑटोमेटिक क्वालिफिकेशन हासिल किया। वहीं मौजूदा टूर्नामेंट के सुपर-8 में पहुंचने वाली टीमों ने भी अपना टिकट बुक किया।
भारत, पाकिस्तान, जिम्बाब्वे, श्रीलंका, वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका ने सुपर-8 के लिए क्वालिफाई कर अगले टी20 वर्ल्ड कप में अपनी जगह पक्की की है। इस तरह कुल 9 टीमों को डायरेक्ट एंट्री मिली है। बाकी बची 3 टीमों के नाम भी तय हैं लेकिन उनके नाम पर मुहर नहीं लगाया गया है।
यह भी पढ़ें: जिम्बाब्वे से बचकर टीम इंडिया... टी20 वर्ल्ड कप में गदर मचा रही सिकंदर की 'सेना'
बांग्लादेश का क्या होगा?
बांग्लादेश को टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया था। ऐसे में उसने डायरेक्ट क्वालिफिकेशन का मौका गंवा दिया लेकिन उसे रैंकिंग के आधार पर अगले टी20 वर्ल्ड कप में जगह मिलनी तय है। ICC ने बताया है कि बची हुई तीन टीमों को रैंकिंग के आधार पर एंट्री मिलेगी। वर्ल्ड क्रिकेट की गवर्निंग बॉडी ने कहा है कि इस टी20 वर्ल्ड कप के बाद 9 मार्च को टी20 रैंकिंग जारी की जाएगी, जिसके तहत उन तीनों टीमों का ऐलान किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: जिम्बाब्वे ने भारत से कितने मैच जीते हैं, चेपॉक में खेला करेगी सिकंदर 'सेना'?
इस कट ऑफ डेट से पहले कोई इंटरनेशनल मुकाबला नहीं होना है। ऐसे में रैंकिंग में कोई बदलाव नहीं होगा। बांग्लादेश, अफगानिस्तान और आयरलैंड रैंकिंग के आधार पर क्वालिफिकेशन हासिल करने की रेस में सबसे आगे है। 9 मार्च को अगले टी20 वर्ल्ड कप के लिए उनकी टिकट कन्फर्म होगी। बता दें कि अगले एडिशन में भी 20 टीमें हिस्सा लेंगी। 12 टीमों के नाम तय हैं। बाकी की 8 टीमें रीजनल क्वालिफिकेशन के जरिए टी20 वर्ल्ड कप 2028 में पहुंचेंगी।